IPL 2026: अनकैप्ड खिलाड़ियों का धमाल, वैभव, समीर और मुकुल ने जीता दिल

Updated at : 10 Apr 2026 4:42 PM (IST)
विज्ञापन
IPL 2026 Uncapped Player List

वैभव सूर्यवंशी (बाएं) और समीर रिजवी (दाएं ऊपर), मुकुल चौधरी (दाएं नीचे), Pic- PTI

IPL 2026: आईपीएल 2026 में बड़े और महंगे खिलाड़ी कुछ खास नहीं कर पा रहे हैं. वहीं वैभव सूर्यवंशी, समीर रिजवी, अंगकृश रघुवंशी और प्रिंस यादव जैसे अनकैप्ड युवा शानदार खेल दिखा रहे हैं. अपनी तूफानी बैटिंग और सटीक गेंदबाजी से ये नए स्टार्स अपनी टीमों की जीत के हीरो बन रहे हैं.

विज्ञापन

IPL 2026: आईपीएल में इस बार युवा और अनकैप्ड खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन देखने को मिल रहा है. बड़े नाम जैसे कैमरून ग्रीन और ऋषभ पंत जहां कुछ खास नहीं कर पा रहे हैं, वहीं नए खिलाड़ी अपनी टीमों को जीत दिला रहे हैं. अब तक के मैचों में यशस्वी जायसवाल सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. उन्होंने 3 मैचों में 170 रन बनाए हैं. लेकिन समीर रिजवी, अंगकृश रघुवंशी, वैभव सूर्यवंशी और मुकुल चौधरी जैसे युवा बल्लेबाज भी इस दौड़ में ज्यादा पीछे नहीं हैं. ये सभी अनकैप्ड खिलाड़ी कम कीमत में आईपीएल टीमों से जुड़े हैं और अपने खेल से सबको प्रभावित कर रहे हैं.

समीर रिजवी का दिल्ली कैपिटल्स के लिए कमाल

समीर रिजवी ने इस सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हुए सबको हैरान कर दिया है. उन्होंने अब तक खेले गए तीन मैचों में 160 रन बना दिए हैं और वह सबसे अधिक रन बनाने वालों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर मौजूद हैं. यूपी टी20 लीग से पहचान बनाने वाले समीर ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 70 रन की पारी खेली. इसके बाद उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 90 रन की बेहतरीन मैच जिताऊ पारी खेलकर प्लेइंग इलेवन में अपनी जगह एकदम पक्की कर ली है.

अंगकृश रघुवंशी बने केकेआर की नई उम्मीद

कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम का प्रदर्शन भले ही मिला-जुला रहा हो, लेकिन अंगकृश रघुवंशी ने अपनी बल्लेबाजी से सबका दिल जीत लिया है. अंगकृश ने चार मैच खेलकर अब तक 155 रन बनाए हैं. वह सबसे अधिक रन बनाने वालों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं. मुंबई के इस युवा खिलाड़ी ने टॉप ऑर्डर में लगातार अच्छी बल्लेबाजी की है. बैटिंग के साथ-साथ उन्होंने विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी भी शानदार तरीके से निभाई है जिससे टीम मैनेजमेंट का भरोसा उन पर काफी बढ़ा है.

वैभव सूर्यवंशी की तूफानी बल्लेबाजी का जलवा

युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी भी बल्ले से धमाल मचा रहे हैं. उन्होंने आईपीएल 2026 में 200 से अधिक की स्ट्राइक रेट से बैटिंग की है. शुरुआती 3 मैचों में उन्होंने 122 रन बनाए जिसमें 10 चौके और 11 छक्के शामिल थे. कुल 7 मैचों में वह 252 रन बना चुके हैं. चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ उन्होंने महज 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया था. इसके बाद गुजरात टाइटंस के खिलाफ भी उन्होंने एक महत्वपूर्ण पारी खेलकर राजस्थान रॉयल्स को मजबूत शुरुआत दी.

मुकुल चौधरी ने अकेले जिताया हारा हुआ मैच

मुकुल चौधरी ने भी अपनी बैटिंग का लोहा मनवाया है. शुरुआती दो मैचों में मुकुल का बल्ला पूरी तरह शांत था. वह दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 14 रन और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ सिर्फ 2 रन ही बना पाए थे. लेकिन गुरुवार को केकेआर के खिलाफ उन्होंने नाबाद 54 रन की जोरदार पारी खेली. इस अर्धशतक की मदद से उन्होंने अपनी टीम को एक फंसे हुए मैच में जीत दिला दी और अपनी काबलियत साबित की.

प्रिंस यादव की तेज और धारदार गेंदबाजी

बल्लेबाजों के साथ-साथ गेंदबाज भी पीछे नहीं हैं. लखनऊ सुपर जायंट्स के तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने काफी दमदार खेल दिखाया है. घरेलू क्रिकेट में अच्छा करने के बाद टीम में आए प्रिंस ने चोटिल खिलाड़ियों के बीच मिले मौके का पूरा लाभ उठाया. उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ एक ही ओवर में दो विकेट चटकाए. इसके बाद 5 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ भी शुरुआती ओवरों में विकेट निकालकर अपनी टीम को बड़ी सफलता दिलाई. अगर इन खिलाड़ियों का ऐसा ही प्रदर्शन जारी रहा तो जल्द ही इन्हें भारतीय टीम में भी मौका मिल सकता है.

ये भी पढ़ें-

अर्जुन तेंदुलकर की भविष्यवाणी सच, छक्कों की बारिश से मुकुल चौधरी ने पलटा मैच

पिता का कर्ज और बिक चुका घर… कुछ ऐसी है मुकुल चौधरी के क्रिकेटर बनने की कहानी

क्या गुवाहाटी में बारिश बनेगी विलेन? राजस्थान-बेंगलुरु मैच से पहले जानें पिच और मौसम की रिपोर्ट

विज्ञापन
Aditya Kumar Varshney

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola