ICC Rankings: वनडे रैंकिंग में बड़ा बदलाव, एक हार के साथ ऑस्ट्रेलिया को नुकसान, भारत इस स्थान पर पहुंचा

वनडे ICC रैंकिंग में भारत का दबदबा कायम
ICC Rankings: भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे में शानदार जीत दर्ज की. रोहित शर्मा और विराट कोहली की पारियों ने टीम को सूपड़ा साफ होने से बचाया. इस जीत का असर आईसीसी रैंकिंग पर भी पड़ा, जहां भारत नंबर-1 पर बना रहा और ऑस्ट्रेलिया न्यूजीलैंड से पिछड़कर तीसरे स्थान पर पहुंच गया.
ICC Rankings: भारत और ऑस्ट्रेलिया (IND vs AUS) के बीच खेली गई तीन वनडे मैचों की सीरीज खत्म हो चुकी है. भले ही पहले दो मैचों में टीम इंडिया को हार झेलनी पड़ी हो, लेकिन तीसरे मुकाबले में रोहित शर्मा (Rohit Sharma) और विराट कोहली (Virat Kohli) की शानदार पारियों की बदौलत भारत ने कमबैक किया. इस जीत का असर सीधे आईसीसी वनडे रैंकिंग (ICC ODI Rankings) पर भी दिखा है, जहां भारत ने नंबर-1 की अपनी कुर्सी बरकरार रखी है, जबकि ऑस्ट्रेलिया को एक स्थान का नुकसान हुआ है.
भारत ने बचाई लाज
तीसरे और आखिरी वनडे में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया को हराया. पहले दो मैच हारने के बाद टीम इंडिया पर क्लीन स्वीप का खतरा था, लेकिन कप्तान रोहित शर्मा ने शतक जड़ा और विराट कोहली ने नाबाद अर्धशतक लगाया. इन दोनों की पारियों की बदौलत भारत ने जीत दर्ज कर सीरीज 1-2 से खत्म की और सूपड़ा साफ होने से बच गया.
ऑस्ट्रेलिया को रैंकिंग में नुकसान
सीरीज की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया आईसीसी वनडे रैंकिंग में तीसरे स्थान पर थी. पहले दो मैच जीतकर टीम दूसरे नंबर पर पहुंच गई थी, लेकिन तीसरा मैच हारते ही फिर से तीसरे स्थान पर खिसक गई. एक हार ने न सिर्फ उसका आत्मविश्वास गिराया, बल्कि अंक तालिका में भी बड़ा असर दिखाया.
न्यूजीलैंड को मिली बढ़त
इस रैंकिंग में बदलाव का कारण सिर्फ ऑस्ट्रेलिया की हार नहीं, बल्कि न्यूजीलैंड की जीत भी रही. इंग्लैंड के खिलाफ चल रही तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मैच न्यूजीलैंड ने चार विकेट से जीत लिया. इस जीत से न्यूजीलैंड की रेटिंग 109 से बढ़कर 110 हो गई और वह सीधे दूसरे नंबर पर पहुंच गया. वहीं, ऑस्ट्रेलिया की रेटिंग फिर से 109 पर लौट आई और वह तीसरे नंबर पर फिसल गया.
भारत का दबदबा कायम
भारत ने भले ही सीरीज 1-2 से हारी हो, लेकिन आईसीसी वनडे रैंकिंग में उसका नंबर-1 स्थान सुरक्षित है. टीम इंडिया की रेटिंग फिलहाल 122 है, जो बाकी टीमों से काफी आगे है. भारतीय टीम की यह स्थिरता दिखाती है कि वह वनडे फॉर्मेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है. रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम ने पिछले कुछ महीनों में बेहतरीन जीतें दर्ज की हैं, जिससे उसकी रेटिंग मजबूत बनी हुई है.
क्या कहता है आगे का समीकरण?
अब ऑस्ट्रेलिया की टीम को रैंकिंग में सुधार का मौका फिलहाल नहीं मिलेगा, क्योंकि उसका अगला वनडे मुकाबला कुछ समय बाद होगा. दूसरी ओर, न्यूजीलैंड के पास इंग्लैंड के खिलाफ दो और मैच बचे हैं. अगर न्यूजीलैंड दोनों मुकाबले जीत लेता है, तो उसकी रेटिंग और बढ़ सकती है. वहीं अगर न्यूजीलैंड हार जाता है, तो ऑस्ट्रेलिया के पास फिर से दूसरे स्थान पर आने का मौका रहेगा.
ये भी पढ़ें-
कब और कहां खेले जाएंगे IND vs AUS टी20 मुकाबले, जाने 5 मैच की सीरीज का पूरा शेड्यूल
सिडनी में ICU मेंं भर्ती हुए श्रेयस अय्यर, IND vs AUS मैच के दौरान पसलियों में लगी गंभीर चोट
एशेज से पहले ऑस्ट्रेलिया को बड़ा झटका, पैट कमिंस पहले टेस्ट से बाहर, इस दिग्गज को मिली टीम की कमान
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aditya Kumar Varshney
आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




