AUS vs ENG: ऑस्ट्रेलिया ने वर्ल्ड चैंपियन इंग्लैंड को 72 रन से रौंदा, वनडे सीरीज पर किया कब्जा

ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे वनडे मुकाबले में भी वर्ल्ड चैंपियन इंग्लैंड को धूल चटा दी है. ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 72 रनों से हराकर वनडे सीरीज पर कब्जा कर लिया है. अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप से पहले इंग्लैंड के लिए यह एक बड़ा झटका होगा. हाल ही में इंग्लैंड ने टी20 वर्ल्ड कप भी जीता है.
सिडनी : स्टीव स्मिथ के 94 रन और मिशेल स्टार्क के (47 रन देकर) चार विकेट की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने शनिवार को यहां दूसरे मैच में वर्ल्ड चैंपियन इंग्लैंड पर 72 रन की जीत के साथ तीन मैचों की वनडे सीरीज अपने नाम कर ली. स्मिथ की 114 गेंद पर 94 रन की पारी से ऑस्ट्रेलिया ने सिडनी क्रिकेट मैदान पर आठ विकेट पर 280 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया. स्टार्क ने फिर पहले ही ओवर में दो विकेट चटकाकर इंग्लैंड को बड़ा झटका दिया.
जेम्स विंस (60 रन) और सैम बिलिंग्स (71 रन) ने इंग्लैंड को संभालने की पूरी कोशिश की, लेकिन एडम जंपा (45 रन देकर चार विकेट) और स्टार्क ने उसकी सभी उम्मीदों पर पानी फेर दिया. जिससे टीम 38.5 ओवर में 208 रन पर सिमट गयी. स्टार्क को टी20 विश्व कप में अफगानिस्तान के खिलाफ टीम के अंतिम ग्रुप मैच में विवादास्पद तरीके से टीम से बाहर कर दिया गया था.
Also Read: IND W vs AUS W: भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुंबई में खेलेगी टी20 सीरीज, देखें पूरा शेड्यूल
इस गेंदबाज ने पहले ही ओवर में जेसन रॉय को विकेट के पीछे कैच आउट कराया और फिर डेविड मलान को बोल्ड किया. ऑस्ट्रेलिया ने गुरुवार को एडीलेड ओवल में पहले मैच में छह विकेट से हराया था. सीरीज का अंतिम मैच मंगलवार को मेलबर्न क्रिकेट मैदान पर खेला जायेगा. स्मिथ ने कहा था कि एडीलेड में श्रृंखला के शुरुआती मैच में वह छह साल में पहली बार सर्वश्रेष्ठ महसूस कर रहे थे और शनिवार को फिर वह इस मुकाबले में वह अपनी पारी के दौरान नियंत्रण में दिखे.
उन्होंने आउट होने से पहले गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया. पिछले चार वनडे में स्मिथ ने 61, 105, नाबाद 80 और 94 रन की पारियां खेली हैं. स्मिथ ने इस दौरान मार्नस लाबुशेन (58 रन) के साथ 101 रन की साझेदारी की. लाबुशेन ने यह पारी खेलकर भी हालिया खराब फॉर्म से वापसी की. मिशेल मार्श ने फिर 50 रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया को प्रतिस्पर्धी स्कोर बनाने में मदद की.
Also Read: स्टीव स्मिथ के लिफ्ट में फंसे होने का वीडियो वायरल, बाहर आकर फैंस को बताया कैसा था अनुभव
इंग्लैंड के लिये आदिल राशिद ने 57 रन देकर तीन विकेट हासिल किये. जंपा ने मैच के बाद कहा कि इस श्रृंखला में जीत हमारे लिए काफी अहम है. मुझे लग रहा है कि हमने कुछ अच्छा क्रिकेट खेला और सही समय पर बड़े विकेट झटके. विश्व कप के प्रदर्शन से हम निराश थे. इंग्लैंड सर्वश्रेष्ठ टीम है और उन्हें हराकर हमें थोड़ा अच्छा महसूस हो रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By AmleshNandan Sinha
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




