IPL : केकेआर को छह विकेट से हरा कर मुंबई इंडियंस फाइनल में, रविवार को पुणे से खिताबी मुकाबला

बेंगलुरु : कर्ण शर्मा और जसप्रीत बुमरा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर मुंबई इंडियंस ने शुक्रवार को यहां आईपीएल 10 के दूसरे क्वालीफायर मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स को छह विकेट से हरा कर फाइनल में प्रवेश कर लिया जहां उसका सामना राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स से होगा. मुंबई और पुणे के बीच यह ‘महाराष्ट्र […]
बेंगलुरु : कर्ण शर्मा और जसप्रीत बुमरा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर मुंबई इंडियंस ने शुक्रवार को यहां आईपीएल 10 के दूसरे क्वालीफायर मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स को छह विकेट से हरा कर फाइनल में प्रवेश कर लिया जहां उसका सामना राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स से होगा. मुंबई और पुणे के बीच यह ‘महाराष्ट्र डर्बी’ फाइनल 21 मई को हैदराबाद में खेला जायेगा. टाॅस जीत कर पहले क्षेत्ररक्षण के कप्तान रोहित शर्मा के फैसले को उनके गेंदबाजों ने सही साबित करते हुए केकेआर को 18.5 ओवर में सिर्फ 107 रन पर समेट दिया. जवाब में मुंबई ने 14.3 ओवर में चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया. उसके लिये कुणाल पांड्या ने 30 गेंद में 45 रन बनाये जिसमें आठ चौके शामिल थे. कप्तान रोहित शर्मा ने 26 रन का योगदान दिया.
इससे पहले दो बार की चैंपियन केकेआर की शुरुआत बेहद खराब रही और उसकी आधी टीम सातवें ओवर में सिर्फ 31 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट चुकी थी. इसके बाद सूर्यकुमार यादव (31) और ईशांक जग्गी (28) ने छठे ओवर के लिए 56 रन की साझेदारी की. इस साझेदारी को लेग स्पिनर कर्ण शर्मा ने तोड़ा जिसने चार ओवर में 16 रन देकर चार विकेट लिये. वहीं, डेथ ओवरों के विशेषज्ञ गेंदबाज बुमरा ने तीन ओवर में सिर्फ सात रन देकर तीन विकेट चटकाये. बुमरा ने दूसरे ही ओवर में क्रिस लिन (04) को पवेलियन भेजकर केकेआर को करारा झटका दिया. लीग चरण में सलामी बल्लेबाज के तौर पर प्रभावी प्रदर्शन करनेवाले सुनील नारायण (10) ज्यादा देर नहीं टिक सके. कर्ण शर्मा की गेंद को आगे बढ़ कर खेलने के प्रयास में वह चूके और पार्थिव पटेल ने कुशल स्टंपिंग का नमूना पेश किया.
राबिन उथप्पा (एक) को बुमरा ने छठे ओवर में पगबाधा आउट किया. सातवें ओवर में कर्ण ने केकेआर को दो झटके दिये. गौतम गंभीर पर मोर्चे से अगुवाई का दारोमदार था, लेकिन वह भी ज्यादा देर नहीं टिक सके. गंभीर पांचवीं गेंद पर हार्दिक पांड्या को कैच देकर लौटे, जबकि आखिरी गेंद पर कोलिन डि ग्रांडहोमे पगबाधा आउट हुए. केकेआर का स्कोर सातवें ओवर में 31 रन पर पांच विकेट था. इसके बाद ईशांक जग्गी और सूर्यकुमार यादव ने छठे विकेट के लिए 56 रन जोड़े. इस साझेदारी को कर्ण ने 15वें ओवर में तोड़ा जब जग्गी जॉनसन को कैच देकर पवेलियन लौटे. उन्होंने 31 गेंद में तीन चौकों की मदद से 28 रन बनाये. पीयूष चावला (02) और नाथन कूल्टर नाइल (06) को मिशेल जाॅनसन ने आउट किया. वहीं, केकेआर के लिए सर्वाधिक 31 रन बनाकर यादव बुमरा का शिकार हुए. उन्होंने 25 गेंद खेलकर दो चौके और एक छक्का जड़ा.
मुंबई की शुरुआत भी अच्छी नहीं थी और उसके तीन विकेट छठे ओवर में 34 रन पर गिर चुके थे, लेकिन पांड्या और रोहित ने चौथे विकेट के लिए 54 रन जोड़ कर टीम को संकट में जाने नहीं दिया. केकेआर के लिए स्पिनर पीयूष चावला ने दो और तेज गेंदबाज उमेश यादव तथा नाथन कूल्टर नाइल ने एक-एक विकेट लिये.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




