ePaper

IND vs WI 3rd test : अश्विन, साहा बने भारत के संकटमोचक,पारी को संभाला

Updated at : 10 Aug 2016 10:25 AM (IST)
विज्ञापन
IND vs WI 3rd test : अश्विन, साहा बने भारत के संकटमोचक,पारी को संभाला

ग्रोस आइलेट : ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन और विकेट कीपर बल्लेबाज रिद्धिमान साहा के बीच छठे विकेट के लिए हुई 108 रन की अविजित साझेदारी की बदौलत भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे क्रिकेट टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल खत्म होने तक पांच विकेट के नुकसान पर 234 रन बना लिये. पहले बल्लेबाजी […]

विज्ञापन

ग्रोस आइलेट : ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन और विकेट कीपर बल्लेबाज रिद्धिमान साहा के बीच छठे विकेट के लिए हुई 108 रन की अविजित साझेदारी की बदौलत भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे क्रिकेट टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल खत्म होने तक पांच विकेट के नुकसान पर 234 रन बना लिये.

पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 126 रन के स्कोर पर आधी टीम पैवेलियन लौट चुकी थी, इसके बाद अश्विन (75) और साहा (46) ने संयम के साथ बल्लेबाजी की और पूरा आखिरी सत्र निकाला. इससे पहले शिखर धवन और कप्तान विराट कोहली सस्ते में आउट हो गये हालांकि सलामी बल्लेबाज के. एल. राहुल ने 65 गेंदों पर 50 रन की तेजतर्रार पारी खेली.

दूसरे टेस्ट को नाटकीय तरीके से ड्रा कराने में सफल रही वेस्टइंडीज की टीम इस टेस्ट के पहले दिन मजबूत इरादों के साथ मैदान में उतरी और विपक्षी टीम को दबाव में लाने के लक्ष्य के साथ गेंदबाजी आक्रमण की शुरआत की. टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करने वाले तेज गेंदबाज ने अलजरी जोसेफ ने प्रभावी गेंदबाजी की और कोहली का बहुमूल्य विकेट हासिल किया. चाय के बाद जब चौथा सत्र शुरु हुआ तो अश्विन और साहा ने सधी हुई बल्लेबाजी की और मजबूत साझीदारी की नींव रखी, जिससे भारत को मुश्किल स्थिति से निकलने में मदद मिली.

हालांकि इस बीच वेस्टइंडीज के गेंदबाजों ने कुछ मौकों पर दोनों भारतीय बल्लेबाजों को परेशान किया। खेल शुरु होने के तीन ओवर बाद ही मैच के 55वें ओवर में जैसन होल्डर की एक गेंद साहा के पैड पर लगी हालांकि अंपायर नीगेल लांग ने इसे नॉट आउट करार दिया. साहा उस समय एक के व्यक्तिगत स्कोर पर खेल रहे थे.

अगले ओवर में ही रॉस्टन चेज मामूली अंतर से अपनी ही गेंद पर अश्विन का कैच लपकने में चूक गये। उस समय यह भारतीय ऑफ स्पिनर 26 रन बनाकर खेल रहे थे। इसके बाद भी वेस्टइंडीज को कई मौके मिले और 63वें ओवर में शैनन गैब्रियल की गेंद पर अश्विन प्वाइंट पर पकडे गये लेकिन गेंदबाज के साइड क्रीज पार कर जाने के कारण उस बॉल को नो करार दिया गया और भारतीय टीम और अश्विन दोनों ने राहत की सांस ली.
हालांकि भारतीय बल्लेबाजों ने बहुत धीरे-धीरे अपनी पारी को आगे बढाया और भारत ने 150 रन का आंकडा 65वें ओवर में पूरा किया। दोनों बल्लेबाजों का लक्ष्य सत्र को बिना किसी नुकसान के निकालना था और इसीलिए उन्होंने रन गति बढाने पर ध्यान नहीं दिया। नतीजन दोनों के बीच की 50 रन की साझेदारी 155 गेंदों में पूरी हुई.

इसके बाद विकेटकीपर साहा भी दो बार आउट होने से मामूली अंतर से बचे. इसके बाद अश्विन ने 157 गेंदों पर अपना सातवां अर्धशतक पूरा किया और भारत ने 84वें ओवर में 200 रन का आंकडा छुआ। हालांकि खेल खत्म होने से थोडी देर पहले दोनों बल्लेबाजों ने कुछ अच्छे चौके जडे, जिससे टीम आखिरी सत्र में बिना कोई विकेट खोये 104 रन बनाने में सफल रही अन्यथा मेहमान टीम मुश्किल में पड़ सकती थी.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola