ePaper

अश्विन को छोड़कर बाकी भारतीय गेंदबाज प्रभाव छोड़ने में रहे नाकाम

Updated at : 17 Jul 2016 4:18 PM (IST)
विज्ञापन
अश्विन को छोड़कर बाकी भारतीय गेंदबाज प्रभाव छोड़ने में रहे नाकाम

बासेटेरे (सेंट कीट्स) : आफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को छोड़कर भारत के बाकी गेंदबाज कल यहां समाप्त हुए वेस्टइंडीज बोर्ड अध्यक्ष एकादश के खिलाफ दूसरे अभ्यास क्रिकेट मैच के तीसरे और आखिरी दिन प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे और उन्हें विकेट लेने के लिये संघर्ष करना पड़ा. बोर्ड एकादश ने अपनी दूसरी पारी सुबह एक […]

विज्ञापन

बासेटेरे (सेंट कीट्स) : आफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को छोड़कर भारत के बाकी गेंदबाज कल यहां समाप्त हुए वेस्टइंडीज बोर्ड अध्यक्ष एकादश के खिलाफ दूसरे अभ्यास क्रिकेट मैच के तीसरे और आखिरी दिन प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे और उन्हें विकेट लेने के लिये संघर्ष करना पड़ा.

बोर्ड एकादश ने अपनी दूसरी पारी सुबह एक विकेट पर 26 रन से आगे बढ़ायी और आखिर में जब आखिरी सत्र में मैच समाप्त करने का फैसला किया गया तब उसका स्कोर 86 ओवरों में छह विकेट पर 223 रन था. भारत ने बोर्ड एकादश को पहली पारी में 180 रन पर समेटने के बाद दूसरे दिन अपनी पहली पारी में 364 रन बनाये थे. अश्विन ने 59 रन देकर तीन विकेट लिये.

उन्होंने अपनी आफ स्पिन से प्रभावित किया और तीसरे दिन भी दो विकेट हासिल किये लेकिन अन्य भारतीय गेंदबाज विकेट लेने के लिये जूझते रहे. भारतीय तेज गेंदबाज बोर्ड अध्यक्ष एकादश के खिलाफ ही खेले गये पहले अभ्यास मैच में भी प्रभाव नहीं छोड पाये थे.

अब सभी का ध्यान भारत और वेस्टइंडीज के बीच 21 जुलाई से एंटीगा में शुरू होने वाली चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला पर रहेगा. शार्दुल ठाकुर और रविंद्र जडेजा ने दिन की शुरुआत की. मुंबई के तेज गेंदबाज ठाकुर को तुरंत ही कुछ मूवमेंट मिला. उन्होंने सही लाइन और लेंथ से गेंदबाजी करके पहली पारी की तरह बल्लेबाजों को थोड़ा परेशान किया लेकिन पहले दिन की तरह उन्हें सफलता नहीं मिली.

जडेजा ने पहली पारी में अच्छी गेंदबाजी करके 16 रन देकर तीन विकेट लिये थे लेकिन दूसरी पारी में उन्होंने दूसरे छोर से गेंदबाजी की. स्टेडियम में चल रही हवा से उन्हें जूझना पड़ा और इस बार बल्लेबाजों को उन्हें खेलने में दिक्कत नहीं हुई. सलामी बल्लेबाज जान कैम्पबेल (31) ने उन पर दो छक्के लगाये जिसके बाद अश्विन को गेंद सौंपी गयी.

जडेजा को हालांकि विश्राम नहीं मिला और कप्तान विराट कोहली ने उन्हें दूसरे छोर से गेंद सौंप दी. इसका जडेजा ने फायदा उठाया और उन्होंने कैम्पबेल को मिडआन पर लोकेश राहुल के हाथों कैच करा दिया. अश्विन ने दूसरे छोर पर अपनी उछाल और टर्न से बल्लेबाजों को लगातार परेशान किया लेकिन साई होप (17) और जेरेमाइन ब्लैकवुड (51) ने पांच ओवर तक उनका डटकर सामना किया.

उन्होंने आखिर में टर्न लेती खूबसूरत गेंद पर होप को लेग स्लिप में कोहली के हाथों कैच कराया. इसके बाद मोहम्मद शमी (22 रन देकर एक विकेट) चार ओवर का स्पैल करने के लिये आये जबकि अमित मिश्रा को भी गेंद सौंपी गयी. लेकिन ब्लैकवुड ने विशाल सिंह (39) के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिये 62 रन जोड़े.

जब लगने लगा था कि मैच में रोमांच खत्म हो गया है तब स्टुअर्ट बिन्नी और मुरली विजय भी गेंदबाजी के लिये आये. इस बीच शिखर धवन ने विशाल सिंह को रन आउट कर दिया. बाद में अश्विन अपने अगले स्पैल के लिये आये. उनके और ब्लैकवुड के बीच अच्छी जंग देखने को मिली.

आखिर में उन्होंने इस आफ स्पिनर की गेंद विकेटों पर खेली. राकेम कार्नवाल (21) ने इसके बाद एक चौका और दो छक्के लगाये. आखिरी सत्र में विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी निभाने के लये उतरे रिद्धिमान साहा ने शमी की गेंद पर उन्हें कैच किया. बाद में चेतेश्वर पुजारा ने भी तीन ओवर किये. मोंटिसिन हाज 39 रन बनाकर नाबाद रहे.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola