ePaper

युवराज को मैं मौका देना चाहता हूं, लेकिन शीर्ष क्रम में बल्लेबाजी के लिए भेजना मुश्किल : धौनी

Updated at : 13 Feb 2016 12:58 PM (IST)
विज्ञापन
युवराज को मैं मौका देना चाहता हूं, लेकिन शीर्ष क्रम में बल्लेबाजी के लिए भेजना मुश्किल : धौनी

रांची : भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने स्वीकार किया है कि उन्हें पता है कि युवराज सिंह को बल्लेबाजी का अधिक मौका नहीं मिल रहा है लेकिन उन्होंने कहा कि शीर्ष चार बल्लेबाजों के असाधारण रिकार्ड को देखते हुए उनके लिए इस बल्लेबाज को ऊपर के क्रम में भेजना ‘थोड़ा मुश्किल’ है. कल रात […]

विज्ञापन

रांची : भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने स्वीकार किया है कि उन्हें पता है कि युवराज सिंह को बल्लेबाजी का अधिक मौका नहीं मिल रहा है लेकिन उन्होंने कहा कि शीर्ष चार बल्लेबाजों के असाधारण रिकार्ड को देखते हुए उनके लिए इस बल्लेबाज को ऊपर के क्रम में भेजना ‘थोड़ा मुश्किल’ है.

कल रात यहां दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में जीत के साथ श्रृंखला 1-1 से बराबर करने के दौरान धोनी ने बल्लेबाजी क्रम के साथ प्रयोग किया और हार्दिक पांड्या को अपने और युवराज से ऊपर बल्लेबाजी के लिए भेजा. युवराज सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे और पहली गेंद पर खाता खोले बिना आउट हो गये.

श्रीलंका को 69 रन से हराने के बाद धौनी ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘‘अगर आप देखो तो युवी हमारे लिए पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करता है. अब उन्हें पांचवें नंबर के ऊपर भेजना थोडा मुश्किल है क्योंकि शीर्ष चार में दो सलामी बल्लेबाज हैं और युवी वहां बल्लेबाजी नहीं कर सकता.” उन्होंने कहा, ‘‘तीसरे नंबर पर विराट कोहली बल्लेबाजी कर रहा है और चौथे नंबर पर सुरेश रैना है. इन चारों का भारत में और इसके बाहर टी-20 में असाधारण रिकार्ड है. इसलिए यह थोड़ा मुश्किल है.” धौनी ने हालांकि कहा कि वह बायें हाथ के बल्लेबाज युवराज को और मौके देना चाहते हैं.

धौनी कहा, ‘‘17वें या 18वें ओवर में उतरना और सीधे शाट खेलना शुरु करना आसान नहीं होता क्योंकि वह स्थापित बल्लेबाज है जो बडे शाट खेल सकता है. उसे हमेशा ऐसा करने में थोडी परेशानी हुई है. इसलिए हम देखते हैं कि आगे कैसे चलता है. लेकिन निश्चित तौर पर मैं प्रयास करुंगा कि आगामी मैचों में उसे भी बल्लेबाजी का मौका मिले।” भारतीय कप्तान ने कहा, ‘‘लेकिन हम मैच जीतना चाहते हैं और यह हमारी प्राथमिकता होगी. लेकिन देखते हैं कि क्या होता है.” धौनी ने जोर देकर कहा कि मार्च और अप्रैल में होने वाले विश्व टी20 से पहले सभी बल्लेबाजों को पर्याप्त मौके मिलेंगे.

उन्होंने कहा, ‘‘सभी को गेंदबाजी का मौका मिला और आप कई बार गेंदबाजी के साथ प्रयोग कर सकते हो। लेकिन बल्लेबाजी में आप मैच जीतना चाहते हो और साथ ही खिलाडियों को क्रीज पर पर्याप्त मौका देना चाहते हो। इसलिए हमेशा सब कुछ योजना के मुताबिक नहंी होता.”

धोनी ने कहा, ‘‘निश्चित तौर पर आगामी मैचों में हम सभी को मौके देना चाहेंगे जिससे कि जब विश्व टी20 शुरु हो तो सभी अच्छी स्थिति में हों.” पांड्या ने सिर्फ 12 गेंद में 27 रन की पारी खेली और धोनी ने इस युवा की तारीफ करते हुए कहा, ‘‘वह इसके लिए ही जाना जाता है. वह बडे शाट खेल सकता है और क्रीज पर उतरते ही बडे शाट खेलने लगता है.” धौनी ने तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की भी तारीफ की जिन्होंने तीन ओवर में 17 रन देकर दो विकेट चटकाए.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola