सहवाग ने संन्यास के दिए संकेत,पढें कुछ खास बातें

Updated at : 19 Oct 2015 10:08 PM (IST)
विज्ञापन
सहवाग ने संन्यास के दिए संकेत,पढें कुछ खास बातें

दुबई : अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों के दिलों पर राज करने वाले सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने अपने 37वें जन्मदिन से एक दिन पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के संकेत दिए हैं. हालांकि एक बार मीडिया में ऐसी खबरें चली जिससे लगा कि सहवाग ने संन्यास की घोषणा कर […]

विज्ञापन

दुबई : अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों के दिलों पर राज करने वाले सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने अपने 37वें जन्मदिन से एक दिन पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के संकेत दिए हैं. हालांकि एक बार मीडिया में ऐसी खबरें चली जिससे लगा कि सहवाग ने संन्यास की घोषणा कर दी है. बाद में यह साफ हुआ कि उन्होने संन्यास लेने के केवल संकेत दिए हैं.

दुबई में जबसहवाग से पूछा गया कि वह वेटरन्स 2020 में संन्यास ले चुके खिलाडियों की लीग में कैसे खेल सकते हैं, तो उन्होंने कहा, ‘‘यदि मैं संन्यास नहीं लेता हूं तो नहीं खेलूंगा. मैं भारत जाकर संन्यास की घोषणा करुंगा. ‘

सहवाग के साथ लांच के अवसर पर ब्रायन लारा, ग्रीम स्मिथ और अजहर महमूद भी उपस्थित थे. एमसीएल अगले साल फरवरी में खेला जाएगा जिसका मतलब है कि सहवाग हरियाणा की तरफ से रणजी ट्राफी में खेलकर वेटरन्स लीग से जुडेंगे. सहवाग पिछले दो साल से भी अधिक समय से भारतीय टीम से बाहर चल रहे थे. उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट मैच मार्च 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हैदराबाद में खेला था.

नजफगढ़ के तेंदुलकर के नाम से मशहूर सहवाग ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से दुनिया भर के गेंदबाजों को दहशत में रखा. कई स्ट्रोकों के धनी इस धाकड बल्लेबाज ने अपने करियर में 104 टेस्ट मैचों की 180 पारियों में 49.34 की औसत से 8586 रन बनाये जिसमें 23 शतक और 32 अर्धशतक शामिल हैं. वह दुनिया के उन कुछेक बल्लेबाजों में शामिल हैं जिन्होंने टेस्ट मैचों में दो तिहरे शतक लगाये.

मध्यक्रम के बल्लेबाज के रुप में शुरुआत करने वाले सहवाग ने अपना पहला टेस्ट मैच नवंबर 2001 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ब्लोमफोंटेन में खेला था जिसमें उन्होंने 105 रन की शानदार पारी खेली थी. बाद में वह भारत की तरफ से नियमित सलामी बल्लेबाज बन गये और उन्होंने अपने करियर में कई यादगार पारियां खेली. सहवाग के संन्यास की खबर पर पूर्व कप्तान अनिल कुंबले ने कहा कि उन्होंने कभी उनकी तरह का बल्लेबाज नहीं देखा.

कुंबले ने ट्वीट किया, ‘‘शीर्ष क्रम में कोई भी आपकी बल्लेबाजी की बराबरी नहीं कर सकता. शानदार करियर, मैच विजेता और बेहतरीन टीम सदस्य. ‘ भारतीय टीम 2004 में जब पाकिस्तान दौरे पर गयी तो सहवाग ने मुल्तान में 309 रन बनाकर भारतीय क्रिकेट में नया इतिहास रचा था. वह टेस्ट मैचों में तिहरा शतक जडने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बने थे. इसके बाद उन्होंने 2008 में चेन्नई में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 319 रन की पारी खेली जो आज भी भारत की तरफ से टेस्ट मैचों में किसी बल्लेबाज का सर्वाधिक स्कोर है.

सहवाग ने अपने करियर में 251 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेलकर 35.05 की औसत से 8273 रन बनाये. इसमें 15 शतक और 38 अर्धशतक भी शामिल हैं. एकदिवसीय क्रिकेट में वह सचिन तेंदुलकर के बाद दोहरा शतक जडने वाले दूसरे बल्लेबाज बने थे.

जनवरी 2013 में पाकिस्तान के खिलाफ कोलकाता में अपना आखिरी वनडे मैच खेलने वाले सहवाग ने 2011 में वेस्टइंडीज के खिलाफ इंदौर में 219 रन की पारी खेली थी जो तब वनडे में किसी भी बल्लेबाज का सबसे बडा स्कोर था. इस सत्र में दिल्ली के बजाय हरियाणा की तरफ से रणजी ट्राफी में खेल रहे सहवाग ने 19 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 394 रन बनाये. उन्होंने अपना आखिरी टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच 2012 में खेला था.

सहवाग ने दुनिया को दिखाया कि किस तरह से कम से कम फुटवर्क का उपयोग किये बिना गेंद को सीमा रेखा के पार भेजा जा सकता है. उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में किसी भी अन्य बल्लेबाज की तुलना में अधिक तेजी से रन बनाये. नजफगढ़ में पैदा हुए सहवाग ने भी अपनी पीढी के अन्य युवाओं की तरह तेंदुलकर जैसा बनने का सपना पाला था. अपने पहले टेस्ट मैच में उन्हें तेंदुलकर के साथ साझेदारी निभाने का मौका मिला जिसमें इन दोनों ने शतक जमाये थे.

* एक नजर सहवाग के क्रिकेट कैरियर पर

20 अक्‍तूबर 1978 को जन्‍मे सहवाग ने अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट में 1999 में पहला कदम रखा. सहवाग ने 1999 में भारत के लिए सबसे वनडे मैच खेला और 2001 में टेस्‍ट टीम में जगह मिली. विश्व क्रिकेट में गेंदबाजों पर खौफ पैदा करने वाले सहवाग ने 251 वनडे और 104 टेस्‍ट मैच खेले हैं. सहवाग ने 251 वनडे में 15 शतक और 38 अर्धशतक के साथ कुल 8273 रन बनाये हैं. वहीं 104 टेस्‍ट में 23 शतक और 32 अर्धशतक के साथ 8586 रन बनाये हैं. इसके अलावा सहवाग के फर्स्‍ट क्‍लास क्रिकेट में 14396 रन भी हैं. इसके अलावा सहवाग ने 150 टी-20 मैच भी खेले हैं जिसमें उनके 4048 रन हैं,जिसमें 2 शतक और 24 अर्धशतक भी शामिल हैं.

* विश्व क्रिकेट में कीर्तिमान

वीरेंद्र सहवाग ने विश्व क्रिकेट में कई कीर्तिमान भी स्‍थापित किये हैं. सहवाग भारत की ओर से सबसे तेज शतक जमाने का रिकार्ड भी बनाया है. 60 गेंदों में सहवाग ने 100 रन की पारी खेली थी. इसके अलावा सहवाग ने वनडे में दोहरा शतक (219) भी जमाया है. सहवाग विश्व क्रिकेट में भारत के पहले ऐसे भारतीय क्रिकेटर हैं जिन्‍होंने टेस्‍ट क्रिकेट में तीहरा शतक जमाया है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola