IND vs SA: भारत की शर्मनाक हार, टी-20 श्रृंखला गंवाया

Updated at : 05 Oct 2015 3:27 PM (IST)
विज्ञापन
IND vs SA: भारत की शर्मनाक हार, टी-20 श्रृंखला गंवाया

कटक : भारतीय बल्लेबाजों ने बेहद लचर प्रदर्शन किया तो दर्शकों ने उत्पात मचाकर बाराबती स्टेडियम पर बदनुमा दाग लगाया लेकिन इससे दक्षिण अफ्रीका पर असर नहीं पड़ा जिसने आज यहां दूसरे ट्वेंटी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में 17 गेंद शेष रहते हुए छह विकेट से जीत दर्ज करके तीन मैचों की श्रृंखला में 2-0 की […]

विज्ञापन

कटक : भारतीय बल्लेबाजों ने बेहद लचर प्रदर्शन किया तो दर्शकों ने उत्पात मचाकर बाराबती स्टेडियम पर बदनुमा दाग लगाया लेकिन इससे दक्षिण अफ्रीका पर असर नहीं पड़ा जिसने आज यहां दूसरे ट्वेंटी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में 17 गेंद शेष रहते हुए छह विकेट से जीत दर्ज करके तीन मैचों की श्रृंखला में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल की.

धर्मशाला में पहला मैच सात विकेट गंवाने के कारण तीन मैचों की श्रृंखला में पीछे चल रहे भारत के लिये मैच में शुरु से ही कुछ भी अच्छा नहीं रहा. पहले उसने टास गंवाया और फिर धड़ाधड़ विकेट और आखिर में उसकी पूरी टीम 17.2 आवेर में 92 रन पर ढेर हो गयी जो उसका इस प्रारुप में दूसरा न्यूनतम स्कोर है. लेकिन भारत को इससे भी अधिक शर्मसार दर्शकों ने किया जिन्होंने मैच में दो बार व्यवधान डाला. दक्षिण अफ्रीका ने रविचंद्रन अश्विन (24 रन देकर तीन विकेट) के सामने शुरु में विकेट गंवाये.

लेकिन लक्ष्य कम होने के कारण पिच में दरारें और असमान उछाल भी भारत के काम नहीं आयी और दक्षिण अफ्रीका ने 17.1 ओवर में चार विकेट पर 96 रन बनाकर टी20 श्रृंखला जीतकर 72 दिन के अपने दौरे की शानदार शुरुआत की. दर्शक तो तभी भड़क गये थे जब भारतीय बल्लेबाजों ने पवेलियन लौटने की जल्दबाजी दिखायी. उससे मैच का परिणाम पहले ही तय हो गया था.

भारत के केवल चार बल्लेबाज दोहरे अंक में पहुंचे. रोहित शर्मा (22) और सुरेश रैना (22 ) भी अच्छी शुरुआत को बडे स्कोर में नहीं बदल पाये. भारत ने दस ओवर पूरे होने से पहले ही शिखर धवन (11), विराट कोहली (एक), रोहित और अंबाती रायुडु (शून्य) के विकेट गंवा दिये. महेंद्र सिंह धौनी (पांच) भी कुछ नहीं कर पाये, जबकि रैना सीमित ओवरों के अपने खास तेवरों को दिखाने में नाकाम रहे. पुछल्ले बल्लेबाजों में भी केवल रविचंद्रन अश्विन (11) ही दोहरे अंक में पहुंचे.

एल्बी मोर्कल ने चार ओवर में 12 रन देकर तीन विकेट लेने के साथ अपनी वापसी यादगार बनायी जबकि क्रिस मौरिस और इमरान ताहिर ने दो-दो विकेट हासिल किये. ट्वेंटी-20 में यह दूसरा अवसर है जबकि भारत 100 रन तक भी नहीं पहुंच पाया. इससे पहले उसने फरवरी 2008 में आस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न में 74 रन बनाये थे. अब भारतीयों की निगाहें अश्विन पर थी और इस आफ स्पिनर ने अपनी भूमिका अच्छी तरह से निभायी.

धौनी ने उन्हें दूसरे ओवर में ही गेंद थमा दी और लगातार चार ओवर करवाये जिसमें अश्विन ने 24 रन देकर तीन विकेट लिये. हाशिम अमला (दो) ने फ्लिक करने के प्रयास में रोहित को कैच दिया जिन्होंने जूझने के बाद उसे पकड ही दिया. कप्तान फाफ डु प्लेसिस (16) ने अश्विन पर पहले चौका और फिर मिड आफ पर छक्का जमाया. अश्विन ने तुरंत ही गेंद की लाइन और दिशा बदली और डुप्लेसिस कैच दे बैठे.

मोहित ने मिड आफ पर अच्छा कैच लपका. अपने आखिरी ओवर की अंतिम गेंद पर उन्होंने एबी डिविलियर्स (19) को बोल्ड किया. इससे वह भारत की तरफ से टी20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक विकेट (29) लेने वाले गेंदबाज भी बने. उन्होंने इरफान पठान (28) को पीछे छोड़ा. दर्शक भारतीय पारी के दौरान ही बौखला गये थे. उन्होंने पारी समाप्त होने पर मैदान में पानी की बोतलें फेंकी.

इसके बाद जब दक्षिण अफ्रीका ने तीन विकेट पर 64 रन बनाये थे तो फिर दर्शकों के खराब व्यवहार के कारण मैच कुछ समय के लिये रोकना पड़ा. खेल फिर शुरु हुआ. स्कोर 70 रन तक पहुंचा लेकिन दर्शक फिर से भड़क गये. तब भारत डकवर्थ लुईस पद्वति से 15 रन पीछे था. दक्षिण अफ्रीका ने इसके बाद फरहान बेहारडीन (11) का विकेट गंवाया लेकिन जेपी डुमिनी (नाबाद 30) और डेविड मिलर (नाबाद 10) ने टीम को आसानी से लक्ष्य तक पहुंचाया.

इससे पहले भारतीय सलामी बल्लेबाजों ने सतर्क शुरुआत की लेकिन दक्षिण अफ्रीका को सफलता हासिल करने में देर नहीं लगी. चौथे ओवर में चौथे बदलाव के रुप में आये मौरिस की सीधी गेंद को धवन ‘एक्रास द लाइन’ खेलने के प्रयास में चूक गये और अंपायर ने उन्हें पगबाधा आउट देने में देर नहीं लगायी.

कोहली ने जिस पहली गेंद का सामना किया उसे डीप मिडविकेट की तरफ खेला. रोहित ने उन्हें दूसरे रन के लिये बुलाया जो भारतीय टेस्ट कप्तान के लिये घातक साबित हुआ और वह रन आउट हो गये. भारत की रनगति धीमी पड़ गयी. अगले चार ओवरों में केवल 13 रन बने और इस बीच दो अन्य बल्लेबाज पवेलियन लौटे. धर्मशाला में अपने करियर का पहला शतक जड़ने वाले रोहित ने फिर से रन लेने में जल्दबाजी दिखायी और इस बार मौरिस का सीधा थ्रो उनके ही विकेट पर लगा. रोहित ने 24 गेंदे खेली और केवल दो चौके लगाये.

रायुडु लगातार दूसरे मैच में खाता नहीं खोल पाये. कैगिसो रबादा ने उन्हें फुलटास पर बोल्ड करके धौनी की अंजिक्य रहाणे पर रायुडु को तरजीह देने की रणनीति पर सवाल उठा दिये. धौनी और रैना पर दारोमदार था लेकिन भारत ने सात गेंद के अंदर सीमित ओवरों के इन दोनों भरोसेमंद बल्लेबाजों के अलावा अश्विन से उपर भेजे गये हरभजन सिंह (शून्य) का विकेट भी गंवा दिया.

धौनी ने मोर्कल की शार्ट पिच गेंद पर स्लैश करने के प्रयास में एबी डिविलियर्स को कैच दिया जिन्होंने आगे डाइव लगाकर इसे अपने दस्तानों में समाया. ताहिर ने अगले ओवर में रैना को कवर पर आसान कैच देने के लिये मजबूर किया जबकि ढीला शॉट खेलने की कोशिश करने वाले हरभजन की गिल्लियां बिखेरी. अश्विन ने उनकी हैट्रिक नहीं बनने दी, लेकिन मोर्कल के सामने पुछल्ले बल्लेबाज भी आयाराम गयाराम ही साबित हुए.

*दर्शकों ने मैदान पर फेंकी पानी की बोतलें, दोबारा रोकना पड़ा मैच

भारतीय टीम के दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में केवल 92 रन पर आउट होने से गुस्साये दर्शकों ने क्रिकेट मैदान पर पानी की बोतलें फेंकी. पहले बल्लेबाजी का न्यौता पाने वाला भारत 17.2 ओवर में आउट हो गया. भारतीय पारी के इस तरह से पतन को देखते हुए गैलरी तीन और चार में मौजूद दर्शकों ने पानी समाप्त होने के बाद मैदान पर पानी की बोतलें फेंकना शुरु कर दिया.

भारत में अधिकतर स्थानों पर पानी की बोतलों पर पाबंदी है लेकिन ओडिशा क्रिकेट संघ के अधिकारी ने कहा कि बाराबती स्टेडियम में स्थिति भिन्न है. ओसीए अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने पानी की छोटी बोतलों और पाउच पर प्रतिबंध लगाया है लेकिन यहां बड़ी बोतलों पर प्रतिबंध नहीं है. ‘ बोतलें हालांकि खेल वाले स्थल तक नहीं पहुंची और अभ्यास वाले स्थान पर ही गिरी. पुलिस ने जल्द ही स्थिति पर नियंत्रण कर लिया. फिर से दर्शकों ने मैदान पर हरकत करनी शुरु कर दी. जिसके कारण मैच दोबारा रोकना पड़ा है. मैच रुकने से पहले दक्षिण अफ्रीका ने 13 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 70 रन बना लिये थे.

टीमें इस प्रकार हैं …

भारत … महेंद्र सिंह धौनी (कप्तान-विकेटकीपर), रोहित शर्मा, शिखर धवन, विराट कोहली, सुरेश रैना, अंबाती रायुडु, अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन, भुवनेश्वर कुमार, मोहित शर्मा और हरभजन सिंह.
दक्षिण अफ्रीका … फाफ डु प्लेसिस (कप्तान), हाशिम अमला, एबी डिविलियर्स (विकेटकीपर), जेपी डुमिनी, डेविड मिलर, फरहान बेहारडीन,एल्बी मोर्कल, क्रिस मौरिस, कैगिसो रबादा, काइल एबट और इमरान ताहिर.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola