ePaper

IPL-8 : डेविड वार्नर की तूफानी पारी की दौलत सनराईज हैदराबाद ने केकेआर को 16 रन से हराया

Updated at : 22 Apr 2015 9:58 AM (IST)
विज्ञापन
IPL-8 : डेविड वार्नर की तूफानी पारी की दौलत सनराईज हैदराबाद ने केकेआर को 16 रन से हराया

विशाखापट्टनम : कप्तान डेविड वार्नर की तेजतर्रार पारी और आखिरी ओवरों की अनुशासित गेंदबाजी से सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल आठ के बारिश से प्रभावित मैच में आज यहां मौजूदा चैंपियन कोलकाता नाइटराइडर्स को डकवर्थ लुईस पद्वति के आधार पर 16 रन से हराया. वार्नर ने 55 गेंदों पर नौ चौकों और चार छक्कों की मदद […]

विज्ञापन

विशाखापट्टनम : कप्तान डेविड वार्नर की तेजतर्रार पारी और आखिरी ओवरों की अनुशासित गेंदबाजी से सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल आठ के बारिश से प्रभावित मैच में आज यहां मौजूदा चैंपियन कोलकाता नाइटराइडर्स को डकवर्थ लुईस पद्वति के आधार पर 16 रन से हराया.

वार्नर ने 55 गेंदों पर नौ चौकों और चार छक्कों की मदद से 91 रन बनाये. उन्होंने शिखर धवन (46 गेंद पर 54 रन) के साथ पहले विकेट के लिये 130 रन की साझेदारी की. जब वार्नर खेल रहे थे तो लग रहा था कि सनराइजर्स 200 रन तक पहुंचने में सफल रहेगा लेकिन उनके आउट होते ही रन गति धीमी पड गयी. सनराइजर्स ने आखिर में चार विकेट पर 176 रन का स्कोर खडा किया.

सनराइजर्स की पारी समाप्त होने के बाद मूसलाधार बारिश आ गयी जिसके कारण लगभग दो घंटे तक खेल नहीं हो पाया. आखिर में केकेआर को 12 ओवर में 118 रन बनाने का लक्ष्य मिला. रोबिन उथप्पा (21 गेंद पर 34 रन) ने उसे अपेक्षित शुरुआत दी. इसके बाद हालांकि मनीष पांडे (24 गेंद पर नाबाद 33 रन) और यूसुफ पठान (सात गेंद पर छह रन) जरुरत के समय तेजी से रन बनाने में नाकाम रहे और आखिर में केकेआर चार विकेट पर 101 रन ही बना पाया. केकेआर की तरफ से आखिरी तीन ओवरों में केवल एक चौका लगा. सनराइजर्स की यह पांचवें मैच में दूसरी जीत है. केकेआर ने भी इतने ही मैच खेले हैं और उसकी यह दूसरी हार है.

उथप्पा और गौतम गंभीर (चार) दोनों को पहले तीन ओवरों में जीवनदान मिले. प्रवीण कुमार ने गंभीर का आसान कैच छोडा लेकिन आखिर में यही गेंदबाज पारी के चौथे और पावरप्ले के आखिरी ओवर में केकेआर के कप्तान को बोल्ड करने में सफल रहा. उथप्पा ने शुरु से रन बनाने का बीडा उठाया. उन्होंने डेल स्टेन और प्रवीण पर छक्के लगाये, लेकिन मोएजेस हेनरिक्स की फुललेंथ गेंद को फ्लिक करके शार्ट फाइन लेग पर कैच दे बैठे. बिग हिटर आंद्रे रसेल (दस गेंद पर 19 रन) को यूसुफ पठान और सूर्यकुमार यादव से पहले बल्लेबाजी के लिये बुलाया गया. उन्होंने बायें हाथ के स्पिनर बिपुल शर्मा पर लगातार दो छक्के जडकर शुरुआत की.

वार्नर ने एक छोर से स्टेन के ओवर शुरु में पूरे करवाये लेकिन दूसरे छोर से उन्होंने गेंदबाजी में लगातार बदलाव किये. उन्होंने कुल सात गेंदबाजों का उपयोग किया. स्टेन को विकेट तो नहीं मिला पाया लेकिन उन्होंने बोपारा की गेंद पर रसेल का हवा में लहराता कैच लपका.

जब रसेल आउट हुए तब केकेआर को 19 गेंद पर 37 रन की दरकार थी. पठान और मनीष पांडे रन बनाने के लिये जूझते नजर आये. भुवनेश्वर ने अगले ओवर में केवल पांच रन दिये जिससे केकेआर पर दबाव बन गया. प्रवीण ने भी सात रन दिये जिससे उसके सामने आखिरी ओवर में 25 रन बनाने की मुश्किल चुनौती आ गयी. भुवनेश्वर ने इस ओवर में केवल आठ रन दिये. इस तरह से केकेआर ने आखिरी तीन ओवरों में केवल 20 रन बनाये. भुवनेश्वर ने अपने तीन ओवरों में 24 रन देकर एक विकेट लिया.

इससे पहले गंभीर ने टास जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया लेकिन वार्नर पहले बल्लेबाजी चाहते थे और इसलिए टास गंवाना उन्हें नागवार नहीं गुजरा. वार्नर ने इसके बाद दिखाया कि वह क्यों पहले बल्लेबाजी करना चाहते थे. पावरप्ले के पहले छह ओवरों में 43 रन बने लेकिन इसके बाद वार्नर ने यूसुफ पठान, उमेश यादव और नारायण की गेंदों को छक्के के लिये भेजा. कैरेबियाई स्पिनर पर तो उन्होंने लगातार ओवरों में मिडविकेट और लांग आन पर दर्शनीय छक्के लगाये थे.

वार्नर हालांकि सनराइजर्स की तरफ से पहला और आईपीएल में तीसरा शतक पूरा करने से चूक गये. वार्नर ने जब बीच के ओवरों में पूरी तरह से हावी होकर बल्लेबाजी की तो फिर डेथ ओवरों के शुरु में ही गंभीर ने मोर्ने मोर्कल (31 रन देकर दो विकेट) को गेंद सौंपी. वार्नर सही टाइमिंग से पुल नहीं कर पाये. गेंद बल्ले का किनारा लेकर हवा में लहरा गयी जिसे विकेटकीपर रोबिन उथप्पा ने आसानी से कैच कर दिया.

वार्नर का स्कोर सनराइजर्स की तरफ से आईपीएल में सर्वाधिक स्कोर भी है. उन्होंने पिछले साल चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ रांची में बनाये गये 90 रन के खुद के रिकार्ड को तोडा. वार्नर के आउट होने से रन गति एकदम से धीमी पड गयी. इस बीच मोर्कल ने रवि बोपारा (दो) को भी डगआउट में पहुंचाया जबकि धवन भी अर्धशतक पूरा करने के तुरंत बाद आउट हो गये. नमन ओझा ने आठ गेंद पर 18 रन ठोके जिससे टीम 170 रन के पार पहुंच पायी.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola