ePaper

आज रांची पहुंचेंगे भारत-श्रीलंका के खिलाड़ी, कल जेएससीए स्टेडियम में दोनों टीमें करेंगी अभ्यास

Updated at : 14 Nov 2014 7:48 AM (IST)
विज्ञापन
आज रांची पहुंचेंगे भारत-श्रीलंका के खिलाड़ी, कल जेएससीए स्टेडियम में दोनों टीमें करेंगी अभ्यास

कल जेएससीए स्टेडियम में अलग-अलग सत्र में अभ्यास करेंगी दोनों टीमें रविवार को जेएससीए स्टेडियम में डे-नाइट मैच रांची : रविवार 16 नवंबर को रांची में होनेवाले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच के लिए भारत और श्रीलंका की टीमें शुक्रवार को रांची पहुंचेंगी. दोनों टीमें दोपहर 12.45 बजे विशेष फ्लाइट से कोलकाता से रांची पहुंचेंगी. दोनों […]

विज्ञापन
कल जेएससीए स्टेडियम में अलग-अलग सत्र में अभ्यास करेंगी दोनों टीमें
रविवार को जेएससीए स्टेडियम में डे-नाइट मैच
रांची : रविवार 16 नवंबर को रांची में होनेवाले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच के लिए भारत और श्रीलंका की टीमें शुक्रवार को रांची पहुंचेंगी. दोनों टीमें दोपहर 12.45 बजे विशेष फ्लाइट से कोलकाता से रांची पहुंचेंगी. दोनों टीमों को होटल रेडिशन ब्लू में ठहराने की व्यवस्था की गयी है. रांची पहुंचने के बाद शुक्रवार को दोनों टीमें होटल में आराम करेंगी, जबकि शनिवार को दो पालियों में दोनों टीमें अभ्यास सत्र में भाग लेंगी. टीम के साथ मैच ऑफिशियल्स भी शुक्रवार को ही रांची पहुंच जायेंगे. इस दौरान एयरपोर्ट से होटल तक सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गयी है.
डेविड बून होंगे मैच रेफरी
दोनों टीमों के साथ मैदानी अंपायर्स, मैच रेफरी और को-ऑर्डिनेटर भी इसी फ्लाइट से रांची पहुंचेंगे. मैच रेफरी डेविड बून, अंपायर्स एस रवि, ब्रूस ऑक्सनफोर्ड, तीसरे व चौथे अंपायर अनिल चौधरी, सी नंदकिशोर और को-ऑर्डिनेटर मुरली कुप्पुस्वामी रांची पहुंचेंगे. इन सभी के ठहरने की व्यवस्था भी होटल रेडिशन ब्लू में की गयी है.
पिच की तैयारी जारी
रविवार को होनेवाले मैच को लेकर पिच की तैयारी जारी है. पिच क्यूरेटर श्याम बहादुर सिंह और उनकी टीम इस काम में जुटे हुए हैं. सूत्रों के अनुसार इस मैच में टॉस की भूमिका अहम होगी. टॉस जीतनेवाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद करेगी, क्योंकि दूसरी पारी में ओस पड़ने से फील्डिंग में परेशानी होती है.
टिकट को लेकर उत्साह कम
इधर मैच के टिकट को लेकर दर्शकों में कोई उत्साह नहीं देखा जा रहा है. गुरुवार को टिकट काउंटरों पर कम भीड़ जुटी. तीसरे दिन 1000 के करीब टिकटों की बिक्री हुई है. तीन दिनों में अब तक 9300 के करीब टिकट बिके हैं. पहले दिन 5500, जबकि दूसरे दिन 2800 टिकट बिके थे. मैच के टिकट शुक्रवार को भी बेचे जायेंगे.
दूसरे शहरों से भी आते हैं खेल प्रेमी
जेएससीए स्टेडियम में हुए पिछले दो वनडे मैचों में बड़ी संख्या में रांची के बाहर के दर्शक मैच देखने आये थे. इनमें जमशेदपुर, बोकारो और हजारीबाग के दर्शकों की संख्या काफी थी, पर इस साल इसकी उम्मीद कम ही है. राज्य में होनेवाले चुनावों के कारण गाड़ियां भी कम चलेंगी और नेता-कार्यकर्ता व अधिकारी-कर्मचारी चुनाव को लेकर व्यस्त रहेंगे.
वन डे का चार करोड़ का बीमा
रांची : भारत व श्रीलंका के बीच होनेवाले मैच के लिए चार करोड़ रुपये का बीमा किया गया है. ओरिएंटल इंश्योरेंस ने यह बीमा किया है. झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के साथ यह करार किया गया है. यह जानकारी देते हुए राची के वरीय मंडलीय प्रबंधक आलोक सिंह ने बताया कि इस विशेष पॉलिसी के तहत तूफान, वर्षा, जल जमाव, दंगा फसाद आदि कारणों से एक भी गेंद फेकें बिना खेल रद्द हो जाता है, तो आर्थिक क्षति का वहन कंपनी द्वारा किया जायेगा. पिछले साल भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच कटक में होनेवाला एक दिवसीय मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था. मैच नहीं होने के कारण इस कंपनी ने चार करोड़ रुपये की राशि का भुगतान किया.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola