ePaper

वेस्ट इंडीज के साथ निर्णायक मुकाबला कल, जानें क्या है विराट सेना की रणनीति

Updated at : 10 Dec 2019 12:39 PM (IST)
विज्ञापन
वेस्ट इंडीज के साथ निर्णायक मुकाबला कल, जानें क्या है विराट सेना की रणनीति

-मैच का समय शाम सात बजे से- मुंबई : खराब क्षेत्ररक्षण और लचर गेंदबाजी का खामियाजा भुगत रही भारतीय क्रिकेट टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ निर्णायक तीसरे टी20 मैच में बुधवार को उतरेगी तो उसे अपनी कमियों से पार पाकर बेहतर प्रदर्शन करना होगा . दो बार की विश्व चैम्पियन वेस्टइंडीज ने तिरूवनंतपुरम में दूसरा मैच […]

विज्ञापन

-मैच का समय शाम सात बजे से-

मुंबई : खराब क्षेत्ररक्षण और लचर गेंदबाजी का खामियाजा भुगत रही भारतीय क्रिकेट टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ निर्णायक तीसरे टी20 मैच में बुधवार को उतरेगी तो उसे अपनी कमियों से पार पाकर बेहतर प्रदर्शन करना होगा . दो बार की विश्व चैम्पियन वेस्टइंडीज ने तिरूवनंतपुरम में दूसरा मैच जीतकर शृंखला में 1 – 1 से बराबरी की . इससे पहले विराट कोहली की शानदार पारी के दम पर भारत ने हैदराबाद में पहला मैच जीता था .

भारतीय खेमे की नजरें युवा आफ स्पिनर वाशिंगटन सुंदर और खराब फार्म से जूझ रहे विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत पर लगी होगी . देखना यह है कि टीम प्रबंधन सुंदर को उतारता है या चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव को मौका मिलता है . सुंदर ने पिछले पांच टी20 मैचों में सिर्फ तीन विकेट लिये हैं. उसने वेस्टइंडीज के खिलाफ दो और बांग्लादेश के खिलाफ तीन टी20 मैचों में 23 ओवरों में 144 रन दे डाले . दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो टी20 मैचों में उसे विकेट नहीं मिली . कप्तान कोहली उसकी फील्डिंग को लेकर भी चिंतित होंगे .

पिछले मैच में उसने लैंडल सिमंस का आसान कैच टपकाया जिसने 45 गेंद में 67 रन बनाकर वेस्टइंडीज की जीत की नींव रखी . कुलदीप ने आखिरी टी20 मैच हैमिल्टन में न्यूजीलैंड के खिलाफ फरवरी में खेला था . पहले दो मैचों में उन्हें टीम में जगह नहीं मिल सकी . पंत के लिए हालात मुश्किल होते जा रहे हैं . महेंद्र सिंह धौनी के वारिस समझे जा रहे पंत के लिए अपेक्षाओं का दबाव सह माना मुश्किल हो रहा है . चौथे नंबर पर उतरकर पिछली सात टी20 पारियों में उसने नाबाद 33, 18, 6, 27, 19, 4 रन बनाये हैं . उसने टी20 क्रिकेट में आखिरी अर्धशतक अगस्त में वेस्टइंडीज के खिलाफ लगाया था . संजू सैमसन जैसे क्रिकेटरों से प्रतिस्पर्धा का सामना कर रहे पंत को समय रहते प्रदर्शन में सुधार करना होगा . भारत के लिए बल्लेबाजी कभी समस्या नहीं थी . सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा पिछले दो मैचों में नाकाम रहे लेकिन अब घरेलू मैदान पर बड़ी पारी खेलना चाहेंगे . केएल राहुल और कोहली ने रन बनाये हैं . पहला टी20 अर्धशतक बनाने वाले शिवम दुबे ने आक्रामक पारी खेली . भारत की गेंदबाजी अभी भी चिंता का सबब है .

दीपक चाहर और भुवनेश्वर कुमार ने पहले दो मैचों में रन दिये . चाहर बांग्लादेश के खिलाफ वाला फार्म नहीं दोहरा सके . भारतीय फील्डरों ने भी कई कैच टपकाये और फालतू रन दिये . कोहली ने कहा भी है कि अगर क्षेत्ररक्षण ऐसा रहा तो कोई भी स्कोर नाकाफी होगा . दूसरी ओर वेस्टइंडीज की नजरें श्रृंखला जीतने पर लगी होंगी . उसके शीर्षक्रम के बल्लेबाज खासकर सिमंस शानदार फार्म में हैं . एविन लुईस, निकोलस पूरन और शिमरोन हेटमायेर ने भी अच्छी पारियां खेली . गेंदबाजों में शेल्डन कोटरेल को विकेट मिले हैं . कोटरेल, केसरिक विलियम्स, लेग स्पिनर हेडन वाल्श और जैसन होल्डर को अनुशासित प्रदर्शन करना होगा . इस मैदान पर वेस्टइंडीज ने 2016 टी20 विश्व कप सेमीफाइनल में भारत को हराया था और बाद में खिताब भी अपने नाम किया .

टीमें : विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, लोकेश राहुल, संजू सैमसन, ऋषभ पंत, मनीष पांडे, श्रेयस अय्यर, शिवम दुबे, रवींद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, दीपक चाहर, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी.

वेस्टइंडीज : कीरोन पोलार्ड (कप्तान), फेबियन एलेन, ब्रैंडन किंग, दिनेश रामदीन, शेल्डन कॉटरेल, एविन लुईस, शेरफाने रदरफोर्ड, शिमरोन हेटमेयर, खारी पियरे, लेंडिल सिमन्स, जेसन होल्डर, हेडन वॉल्श जूनियर, कीमो पॉल और केसरिक विलियम्स.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola