Wimbledon 2026: जैनिक सिनर ने जीता लगातार दूसरा खिताब, सचिन तेंदुलकर ने दी बधाई

Updated:
विज्ञापन
सचिन तेंदुलकर और जैनिक सिनर

सचिन तेंदुलकर और जैनिक सिनर

जेनिक सिनर ने विंबलडन 2026 का पुरुष एकल खिताब लगातार दूसरी बार जीता. सचिन तेंदुलकर ने उनकी तारीफ की और पांचवें ग्रैंड स्लैम पर बधाई दी. जानें मैच का हाल.

विज्ञापन

Sachin Tendulkar Post: विश्व नंबर-1 जैनिक सिनर ने विंबलडन 2026 में अपना दबदबा बरकरार रखते हुए लगातार दूसरी बार खिताब जीता. सचिन तेंदुलकर ने उनकी मानसिक मजबूती की जमकर तारीफ की. यह सिनर का पांचवां ग्रैंड स्लैम खिताब है. उन्होंने कहा कि सिर्फ बेहतरीन टेनिस ही नहीं, बल्कि मुश्किल परिस्थितियों में शांत रहना और खुद पर भरोसा बनाए रखना ही एक सच्चे चैंपियन की पहचान है.

सचिन तेंदुलकर ने पोस्ट पर जमकर की प्रशंसा

सचिन तेंदुलकर ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए लिखा, "अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने आज जैनिक सिनर के खिलाफ अपना सब कुछ झोंक दिया. उनकी सर्विस, मूवमेंट और शॉट मेकिंग शानदार थी. लेकिन सिनर ने दिखाया कि चैंपियन बनने के लिए सिर्फ बेहतरीन टेनिस काफी नहीं होती. मुश्किल पलों से लड़ना, संयम बनाए रखना और खुद पर भरोसा रखना ही उन्हें अलग बनाता है. यही उनकी जीत का सबसे बड़ा कारण रहा. जैनिक सिनर को एक और विंबलडन खिताब जीतने पर बधाई." सचिन ने खास तौर पर इस बात पर जोर दिया कि मैच के निर्णायक क्षणों में सिनर ने जिस धैर्य और आत्मविश्वास का परिचय दिया, वही उन्हें जीत तक ले गया.

चार सेटों में जीता रोमांचक फाइनल

विंबलडन के सेंटर कोर्ट पर खेले गए इस फाइनल में ज्वेरेव ने सिनर को कड़ी चुनौती दी. जर्मन खिलाड़ी ने अपनी दमदार सर्विस, तेज मूवमेंट और आक्रामक शॉट्स से मुकाबले को बेहद रोमांचक बना दिया. हालांकि, हर बार जब मैच निर्णायक मोड़ पर पहुंचा, सिनर ने अपने अनुभव और मानसिक मजबूती का शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने महत्वपूर्ण मौकों पर बेहतरीन विनर्स लगाए और दबाव के बीच अपनी सर्विस बरकरार रखते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया.

पांचवें ग्रैंड स्लैम के साथ सिनर का दबदबा कायम

विंबलडन 2026 का खिताब जीतकर जैनिक सिनर ने अपने शानदार करियर में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि जोड़ दी. यह उनके करियर का पांचवां ग्रैंड स्लैम खिताब है, जबकि 2026 सीजन का पहला मेजर भी रहा. लगातार दूसरी बार विंबलडन चैंपियन बनने के साथ उन्होंने यह साबित कर दिया कि घास के कोर्ट पर उनका दबदबा लगातार मजबूत होता जा रहा है. इस जीत के साथ सिनर ने दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी के रूप में अपनी बादशाहत भी और मजबूत कर ली. बड़े मुकाबलों में दबाव झेलने की उनकी क्षमता, निर्णायक मौकों पर बेहतरीन प्रदर्शन और लगातार शीर्ष स्तर का खेल उन्हें मौजूदा दौर के सबसे सफल टेनिस खिलाड़ियों में शामिल करता है. विंबलडन में लगातार दूसरी ट्रॉफी जीतना उनके करियर की सबसे यादगार उपलब्धियों में से एक माना जाएगा.

सेंटर कोर्ट पर खेल जगत की कई बड़ी हस्तियां रहीं मौजूद

विंबलडन पुरुष एकल फाइनल को देखने के लिए खेल जगत की कई नामी हस्तियां सेंटर कोर्ट पहुंचीं. भारत के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा और पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह भी दर्शक दीर्घा में मौजूद रहे और रोमांचक मुकाबले का आनंद लिया.

फेडरर से मिले तेंदुलकर और गिल

सचिन तेंदुलकर भी फाइनल से कुछ दिन पहले विंबलडन पहुंचे थे. इस दौरान उनके साथ भारतीय क्रिकेट टीम के वनडे और टेस्ट कप्तान शुभमन गिल भी मौजूद थे. दोनों ने टेनिस के महान खिलाड़ी रोजर फेडरर से मुलाकात की, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थीं.

टेनिस कोर्ट पर सिनर का दबदबा

जैनिक सिनर ने पिछले कुछ वर्षों में खुद को दुनिया के सबसे भरोसेमंद और सफल खिलाड़ियों में स्थापित किया है. बड़े मुकाबलों में दबाव झेलने की उनकी क्षमता और लगातार शानदार प्रदर्शन उन्हें मौजूदा दौर के सबसे खतरनाक खिलाड़ियों में शामिल करता है. लगातार दूसरी बार विंबलडन जीतकर उन्होंने यह साबित कर दिया कि आने वाले वर्षों में भी पुरुष टेनिस पर उनका दबदबा कायम रह सकता है.

इसे भी पढ़े- 'अंदर-बाहर' के खेल से टूट रहा खिलाड़ियों का भरोसा; कैफ ने मैनेजमेंट पर निकाली भड़ास


विज्ञापन
ऋतु राज

लेखक के बारे में

By ऋतु राज

ऋतुराज प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर हैं. लीची की नगरी मुजफ्फरपुर (बिहार) से ताल्लुक रखने वाले ऋतुराज के पास डिजिटल खेल पत्रकारिता में 1 साल का गहरा अनुभव है. उन्होंने एशिया के प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से साल 2025 में मीडिया रिसर्च में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. खेल की हर छोटी-बड़ी और वायरल होती खबरों पर पैनी नजर रखना उनकी खासियत है. उनका मुख्य लक्ष्य प्रभात खबर के पाठकों तक खेल जगत की हर सटीक और विश्लेषण से भरी खबर सबसे पहले पहुंचाना है. पढ़ने और क्रिकेट खेलने के शौकीन ऋतुराज खेल को सिर्फ कवर नहीं करते, बल्कि उसकी बारीकियों को जीते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola