IPL के बाद भविष्य पर फैसला करेंगे एमएस धौनी

नयी दिल्ली : पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धौनी अगले साल इंडियन प्रीमयर लीग (आईपीएल) के बाद अपने भविष्य को लेकर फैसला करेंगे. इस स्टार क्रिकेटर के करीबी सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी जिससे उनके करियर को लेकर लंबे समय से चल रहा अटकलबाजियों का दौर थम सकता है. भारत के जुलाई में […]
नयी दिल्ली : पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धौनी अगले साल इंडियन प्रीमयर लीग (आईपीएल) के बाद अपने भविष्य को लेकर फैसला करेंगे. इस स्टार क्रिकेटर के करीबी सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी जिससे उनके करियर को लेकर लंबे समय से चल रहा अटकलबाजियों का दौर थम सकता है.
भारत के जुलाई में इंग्लैंड में खेले गये वनडे विश्व कप से सेमीफाइनल में बाहर होने के बाद से ही धौनी किसी मैच में नहीं खेले हैं. वह वेस्टइंडीज दौरे पर नहीं गये और इसके बाद दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू शृंखलाओं में भी नहीं खेले. सूत्रों ने कहा, धौनी अगर अपने भविष्य को लेकर कोई फैसला करेंगे तो ऐसा आईपीएल के बाद ही होगा.
आप अटकलों पर रोक नहीं लगा सकते क्योंकि वह बहुत बड़ा खिलाड़ी है. वह फिटनेस के लिहाज से बेहतरीन स्थिति में हैं और पिछले एक महीने से कड़ा अभ्यास कर रहे हैं. उन्होंने कहा, लेकिन वह आईपीएल से पहले कितने प्रतिस्पर्धी मैच खेलेंगे इसका फैसला उचित समय पर किया जाएगा.
आईपीएल में चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान 38 वर्षीय धौनी वेस्टइंडीज के खिलाफ छह दिसंबर से शुरू होने वाली सीमित ओवरों की शृंखला में भी नहीं खेलेंगे. इस शृंखला में तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय और इतने ही वनडे खेले जाएंगे.
राष्ट्रीय चयनसमिति के अध्यक्ष एमएसके प्रसाद पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि पैनल अब भविष्य के बारे में सोच रहा है और धौनी ऑस्ट्रेलिया में अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए ऋषभ पंत जैसे युवा खिलाड़ियों को अधिक मौके देने के उनके इरादों से वाकिफ हैं.
पंत हालांकि अब तक मौकों का फायदा नहीं उठा पाये हैं और विकेटकीपर के रूप में लचर प्रदर्शन के लिए उनकी लगातार आलोचना होती रही है. हाल में डीआरएस में गलत फैसलों के लिये भी पंत की आलोचना हुई थी जबकि इस मामले में धौनी लाजवाब हैं.
धौनी ने अपनी तरफ से हालांकि अपने भविष्य को लेकर कोई बात नहीं की है. उन्हें हालांकि कुछ दिन पहले झारखंड अंडर-23 टीम के साथ अभ्यास करते हुए देखा गया था जिसके बाद उनकी संभावित वापसी की अटकल लगायी जाने लगी थी.
बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने भी कहा है कि धौनी को वही सम्मान दिया जाएगा जिसका उन जैसा दिग्गज खिलाड़ी हकदार है. उन्होंने इस स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज के तुरंत ही संन्यास लेने से भी इन्कार किया.
पिछले महीने बोर्ड अध्यक्ष का पद संभालने के बाद गांगुली ने कहा, आप जानते हैं कि चैंपियन्स जल्द खत्म नहीं होते. धौनी की अगुवाई में भारत ने टी20 विश्व कप 2007 और वनडे विश्व कप 2011 में खिताब जीते थे. उन्होंने 90 टेस्ट, 350 वनडे और 98 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं जिनमें 17 हजार से अधिक रन बनाये हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




