ePaper

भारत का न्‍यूजीलैंड में पहली बार टी20 सीरीज जीतने का सपना टूटा, आखिरी मैच 4 रन से हारा

Updated at : 10 Feb 2019 4:18 PM (IST)
विज्ञापन
भारत का न्‍यूजीलैंड में पहली बार टी20 सीरीज जीतने का सपना टूटा, आखिरी मैच 4 रन से हारा

हैमिल्टन : कोलिन मुनरो की अगुआई में बल्लेबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत न्यूजीलैंड ने बड़े स्कोर वाले तीसरे और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में भारत को चार रन से हराकर तीन मैचों की शृंखला 2-1 से जीत ली. इसके साथ ही भारत का लगातार 10 शृंखला से जारी अजेय अभियान भी थम गया. […]

विज्ञापन

हैमिल्टन : कोलिन मुनरो की अगुआई में बल्लेबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत न्यूजीलैंड ने बड़े स्कोर वाले तीसरे और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में भारत को चार रन से हराकर तीन मैचों की शृंखला 2-1 से जीत ली. इसके साथ ही भारत का लगातार 10 शृंखला से जारी अजेय अभियान भी थम गया.

भारत ने पिछली टी20 शृंखला 2017 में वेस्टइंडीज के खिलाफ गंवाई थी. न्यूजीलैंड के 213 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम विजय शंकर (43), कप्तान रोहित शर्मा (38) और ऋषभ पंत (28) की पारियों के बावजूद छह विकेट पर 208 रन ही बना सकी. दिनेश कार्तिक (16 गेंद में नाबाद 33, चार छक्के) और कृणाल पांड्या (13 गेंद में नाबाद 26, दो चौके, दो छक्के) ने सातवें विकेट के लिए 4.4 ओवर में 63 रन की साझेदारी की लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके.

न्यूजीलैंड की ओर से डेरिल मिशेल और मिशेल सेंटनकर ने क्रमश: 27 और 32 रन देकर दो-दो विकेट चटकाये. इससे पहले मुनरो ने 40 गेंद में पांच छक्कों और पांच चौकों की मदद से 72 रन की पारी खेलने के अलावा टिम सीफर्ट (43) के साथ पहले विकेट के लिए 80 और कप्तान केन विलियनसन (27) के साथ दूसरे विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी की जिससे न्यूजीलैंड ने चार विकेट पर 212 रन बनाये.

कोलिन डि ग्रैंडहोम (30) और डेरिल मिशेल (11 गेंद में नाबाद 19) ने अंत में चौथे विकेट के लिए 3.2 ओवर में 43 रन जोड़कर टीम का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभायी. भारत की ओर से कुलदीप यादव सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने चार ओवर में 26 रन देकर दो विकेट हासिल किए। कृणाल पांड्या ने चार ओवर में 54 जबकि उनके छोटे भाई हार्दिक पांड्या ने चार ओर में 44 रन लुटाये.

खलील अहमद ने भी 47 रन देकर एक विकेट हासिल किया. किसी द्विपक्षीय शृंखला में ये तीनों गेंदबाज सबसे अधिक रन खर्च करने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं. हार्दिक ने मौजूदा शृंखला के तीन मैचों में 131, खलील ने 122 जबकि कृणाल ने 119 रन लुटाये. लक्ष्य का पीछा करने उतरे भारत की शुरुआत खराब रही. शिखर धवन (05) स्पिनर मिशेल सेंटनर के पहले ही ओवर में डीप मिडविकेट पर मिशेल को कैच दे बैठे. शंकर और रोहित ने इसके बाद पारी को संवारा.

शंकर ने स्काट कुगेलिन पर दो चौके मारे जबकि रोहित ने टिम साउथी पर लगातार दो चौके जड़े. दोनों ने छठे ओवर में टीम का स्कोर 50 रन के पार पहुंचाया. शंकर ने लेग स्पिनर ईश सोढी का स्वागत लगातार दो छक्कों के साथ किया. उन्होंने सेंटनर पर चौका जड़ा, लेकिन अगली गेंद पर ग्रैंडहोम को कैच दे बैठे.

उन्होंने 28 गेंद का सामना करते हुए पांच चौके और दो छक्के मारे. पंत ने सेंटनर पर चौके और छक्के से खाता खोला और फिर सोढी पर दो छक्के जड़कर 10वें ओवर में भारत का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया. पंत हालांकि 12 गेंद में 28 रन बनाने के बाद पदार्पण कर रहे ब्लेयर टिकनर की गेंद विलियमसन को कैच दे बैठे.

हार्दिक ने टिकनर पर छक्के से खाता खोला और फिर मिशेल की लगातार गेंदों पर चौका और छक्का मारा. रोहित हालांकि मिशेल की आफ साइड से बेहद बाहर जाती गेंद पर विकेटकीपर सीफर्ट को कैच दे बैठे. उन्होंने 32 गेंद का सामना करते हुए तीन चौके मारे. हार्दिक भी इसके बाद कुगेलिन की गेंद पर विलियमसन को कैच दे बैठे. उन्होंने 11 गेंद में 21 रन बनाये.

भारत को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 68 रन की दरकार थी. मिशेल ने महेंद्र सिंह धौनी (02) को पवेलियन भेजकर भारत को छठा झटका दिया. भारत ने इस बीच चार रन पर तीन विकेट गंवाए. दिनेश कार्तिक ने मिशेल और टिकनर पर छक्के जड़े, लेकिन रन गति को जरूरी तेजी नहीं दे पाये. भारत को अंतिम तीन ओवर में 48 रन की जरूरत थी.

कृणाल ने साउथी की लगातार गेंदों पर छक्का और दो चौके जड़कर गेंद और रन के बीच के अंतर को कम किया. कुगेलिन के 19वें ओवर में कार्तिक और कृणाल ने एक-एक छक्के के साथ 14 रन बनाये. भारत को अंतिम छह गेंदों पर जीत के लिए 16 रन चाहिए थे, लेकिन कार्तिक के मैच की अंतिम गेंद पर छक्के के बावजूद साउथी के इस ओवर में 11 रन ही बने.

इससे पहले रोहित ने टास जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया. मुनरो और सीफर्ट की जोड़ी ने इसके बाद टीम को तूफानी शुरुआत दिलायी. मुनरो ने भुवनेश्वर कुमार के पहले ही ओवर में छक्के के साथ खाता खोला, जबकि सीफर्ट ने खलील के पहले दो ओवर में तीन चौके और एक छक्का मारा.

मुनरो ने छठे ओवर में कृणाल पर दो छक्के और एक चौके से 20 रन जुटाए और टीम का स्कोर 50 रन के पार पहुंचाया. सीफर्ट ने हार्दिक पर भी छक्का जड़ा, लेकिन रोहित ने जब गेंद कुलदीप को थमाई तो विकेटकीपर महेंद्र सिंह धौनी ने उन्हें तूफानी गति से स्टंप कर दिया.

सीफर्ट ने 25 गेंद की पारी में तीन छक्के और इतने ही चौके मारे. मुनरो ने कुलदीप पर छक्का जड़ा और फिर कृणाल की गेंद को भी दर्शकों के बीच पहुंचाकर 28 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और साथी ही 11वें ओवर में टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया. मुनरो हालांकि 60 रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब हार्दिक की गेंद पर खलील ने उनका कैच टपका दिया.

मुनरो ने इसी ओवर में लगातार गेंदों पर चौका और छक्का मारा. मुनरो हालांकि कुलदीप के अगले ओवर में लांग आन पर हार्दिक को कैच दे बैठे. इस साझेदारी में विलियमसन का योगदान सिर्फ 15 रन का रहा. विलियमसन ने खलील पर दो चौके मारे, लेकिन इसी ओवर में शार्ट फाइन लेग पर कुलदीप को आसान कैच दे बैठे। उन्होंने 21 गेंद में तीन चौकों की मदद से 27 रन जोड़े.

डि ग्रैंडहोम ने इसके बाद मोर्चा संभाला. उन्होंने कृणाल पर छक्का और चौका जड़ने के बाद भुवनेश्वर पर लगातार दो चौके मारे. मिशेल ने भी भुवनेश्वर पर चौका जड़ा. रोहित ने 26 रन के स्कोर पर हार्दिक की गेंद पर ग्रैंडहोम का कैच टपकाया. ग्रैंडहोम हालांकि इसका फायदा नहीं उठा पाये और भुवनेश्वर की आफ साइड से बाहर की गेंद पर धौनी को कैच दे बैठे. मिशेल ने भुवनेश्वर पर चौके के साथ 19वें ओवर में टीम के 200 रन पूरे किये.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola