ePaper

भारत-श्रीलंका पहला वनडे कल, टीम इंडिया की निगाहें एक और क्लीन स्वीप पर

Updated at : 09 Dec 2017 3:31 PM (IST)
विज्ञापन
भारत-श्रीलंका पहला वनडे कल, टीम इंडिया की निगाहें एक और क्लीन स्वीप पर

* मैच भारतीय समयानुसार सुबह 11.30 बजे शुरू होगा धर्मशाला : खराब फार्म में चल रहे अजिंक्य रहाणे की निगाहें फार्म में वापसी पर लगी होंगी तो भारतीय टीम अपने नियमित कप्तान विराट कोहली के बिना कल से श्रीलंका के खिलाफ शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज में एक और वाइटवाश करना चाहेगी. […]

विज्ञापन

* मैच भारतीय समयानुसार सुबह 11.30 बजे शुरू होगा

धर्मशाला : खराब फार्म में चल रहे अजिंक्य रहाणे की निगाहें फार्म में वापसी पर लगी होंगी तो भारतीय टीम अपने नियमित कप्तान विराट कोहली के बिना कल से श्रीलंका के खिलाफ शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज में एक और वाइटवाश करना चाहेगी.
दिल्ली में प्रदूषण से अब क्रिकेट धौलादार रेंज की खूबसूरत वादियों में स्थित सबसे खूबसूरत क्रिकेट स्टेडियम में पहुंच गया है. मुख्य कोच रवि शास्त्री और कार्यवाहक कप्तान रोहित शर्मा का मुख्य उद्देश्य दोनों विभागों में विभिन्न संयोजन आजमाने का होगा. मैच ठंडे मौसम में सुबह साढ़े 11 बजे शुरू होगा और उछाल भरी पिच पर टास अहम साबित हो सकता है. चैम्पियंस ट्रॉफी फाइनल में पहुंचने के अलावा लगातार पांच द्विपक्षीय सीरीज में जीत दर्ज करने के बाद भारत अगर 3-0 से इस श्रृंखला को जीत लेता है तो वह दक्षिण अफ्रीका को पछाड़कर आईसीसी वनडे रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंच जायेगा. भारत ने पिछली बार वनडे सीरीज में श्रीलंका को 5-0 से मात दी थी.
हालांकि टीम अपने प्रेरणादायी कप्तान के बिना होगी. लेकिन रोहित, रहाणे, दिनेश कार्तिक, एम एस धोनी, केदार जाधव का बल्लेबाजी लाइन अप किसी भी प्रतिद्वंद्वी टीम के लिये चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है. पारी के आगाज के लिये रोहित और धवन मौजूद हैं तो रहाणे को तीसरे नंबर पर मौका मिलने की संभावना है क्योंकि कोहली को आराम दिया गया है. हालांकि अगर धवन को कल तक वायरल बुखार था, अगर वह नहीं खेलते हैं तो रहाणे भी पारी का आगाज कर सकते हैं.
मुंबई के इस स्टाइलिश बल्लेबाज ने जून-जुलाई में वेस्टइंडीज के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज में तीन अर्धशतक और एक शतक जमाया है, इसके बाद उन्होंने घरेलू सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगातार अर्धशतक जड़े. इस साल श्रीलंका के खिलाफ उन्होंने एक ही वनडे मैच खेला जिसमें उन्होंने केवल पांच रन बनाये थे जिसके बाद श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में उनकी फार्म खराब रही. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अब टेस्ट सीरीज होनी है तो टीम प्रबंधन निश्चित रुप से उसके खिलाफ मिथक को तोड़ना चाहेगा.
दिनेश कार्तिक और महेंद्र सिंह धौनी के अगले दो स्थान हासिल करने की संभावना है जिसके बाद केदार जाधव छठे नंबर पर होंगे. कार्तिक को वेस्टइंडीज सीरीज में दो मौके मिले, उन्होंने एक अर्धशतक जमाया जबकि न्यूजीलैंड के खिलाफ इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने तीन मैचों में 37, नाबाद 64 ओर नाबाद चार रन बनाये.
धोनी न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में जूझते दिखे थे, जिसमें टीम 40 रन से हार गयी थी और पूर्व कप्तान अपने आलोचकों को चुप करना चाहेगा. श्रेयस अय्यर और मनीष पांडे भी टीम में हैं, धवन और जाधव अगर नहीं खेलते हैं तो दोनों को मौका मिल सकता है. आल राउंडर हार्दिक पंड्या टीम की योजना में अहम रहेंगे. आर्थोडोक्स लेग ब्रेक गेंदबाज युजवेंद्र चहल और चाइनामैन कुलदीप यादव अक्षर पटेल के साथ अंतिम एकादश में होंगे, जिनका मुख्य काम रन रोकना होगा. जसप्रीत बुमरा और भुवनेश्वर कुमार तेज गेंदबाजी विभाग की जिम्मेदारी उठायेंगे.
श्रीलंकाई टीम ने दिल्ली टेस्ट को बचा लिया और अब टीम चाहेगी कि वह सितंबर में घरेलू मैच में 0-5 से मिली हार के अपमान को भुलाकर अच्छा प्रदर्शन करे.
टीमें इस प्रकार है :
भारत : रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन, अजिंक्य रहाणे, श्रेयस अय्यर, मनीष पांडे, केदार जाधव, दिनेश कार्तिक, एम एस धोनी (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, जसप्रीत बुमरा, भुवनेश्वर कुमार, सिद्धार्थ कौल.
श्रीलंका : थिसारा परेरा (कप्तान), उपुल थरंगा, धनुष्का गुणतिलक, लाहिरु थिरिमाने, एंजेलो मैथ्यूज, असेला गुणरत्ने, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), चतुरंगा डि सिल्वा, अकिला धनंजय, सूरंगा लकमल, नुआन प्रदीप, सदीरा समरविक्रम, धनंजय डि सिल्वा, दुष्मंत चमीरा, सचित पाथिराना, कुसाल परेरा.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola