4 सड़क परियोजनाओं से बदलेगी बिहार की तस्वीर, जल्द फर्राटा भरेंगी गाड़ियां
सांकेतिक तस्वीर
Bihar Road Project: बिहार की 4 बड़ी सड़क परियोजनाओं पर काम किए जा रहे हैं. इन प्रोजेक्ट के पूरा होने से राज्य में आना-जाना बेहद आसान हो जाएगा. सड़कों के निर्माण कार्य को लेकर सचिव पंकज कुमार पाल ने समीक्षा बैठक की और कई आदेश दिए.
Bihar Road Project: बिहार में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है. पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल की अध्यक्षता में चार प्रमुख सड़क परियोजनाओं को लेकर समीक्षा बैठक की गई. बैठक में फोरलेन मोकामा-मुंगेर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, सीवान-मशरख, बकरपुर-मानिकपुर और महेंशखूंट-सहरसा-पूर्णिया सड़क परियोजनाओं की स्थिति, जमीन अधिग्रहण, प्रगति और समय-सीमा पर चर्चा हुई.
जमीन अधिग्रहण में आ रही बाधाओं को दूर करने का आदेश
जानकारी के मुताबिक, सचिव ने 82.4 किलोमीटर लंबी फोरलेन मोकामा-मुंगेर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे परियोजना की समीक्षा करते हुए भू-अर्जन में आ रही बाधाओं को जल्द दूर करने का निर्देश दिया. करीब 4447 करोड़ की लागत वाली यह परियोजना पटना के मोकामा से लखीसराय, शेखपुरा होते हुए मुंगेर तक जाएगी. उन्होंने कहा कि इसके पूरा होने से आना-जाना आसान होगा और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकेगा.
अधिकारियों को दिया ये आदेश
सीवान-मशरख परियोजना की भी समीक्षा की गई. इस परियोजना की लंबाई सीवान में 44.5 किलोमीटर और सारण में 5.6 किलोमीटर है. लगभग 1399 करोड़ की लागत वाली इस परियोजना को गति देने पर जोर दिया गया. सचिव ने अधिकारियों से तय समय-सीमा के अंदर काम पूरा करने की दिशा में समन्वय बढ़ाने को भी कहा.
इन प्रोजेक्ट को लेकर भी हुई चर्चा
बकरपुर-मानिकपुर सड़क परियोजना की प्रगति को संतोषजनक बताया गया. 38.81 किलोमीटर लंबी इस परियोजना पर करीब 1422 करोड़ खर्च किए जा रहे हैं. यह पटना-बेतिया हाई स्पीड कॉरिडोर का हिस्सा है. सचिव ने संबंधित जिलाधिकारियों से बात कर भू-अर्जन की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाने का निर्देश दिया. महेशखूंट-सहरसा-पूर्णिया सड़क परियोजना अपने अंतिम फेज में है. इसका 91 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है. बाकी का काम अप्रैल तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है.
ये हैं चार सड़क परियोजनाएं
- मोकामा-मुंगेर फोरलेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे: 82.4 किमी लंबी परियोजना. इसमें जमीन की बाधा सामने आ रही है.
- सीवान मशरख सड़क परियोजना: लंबाई 50.1 किमी. 44.5 किमी सिवान और 5.6 किमी सारण में. इसे गति देने और समय-सीमा के अंदर पूरा करने पर जोर .
- बकरपुर-मानिकपुर सड़क परियोजना: 38.81 किमी लंबी.
- महेंशखूंट-सहरसा-पूर्णिया सड़क परियोजना : 91 प्रतिशत काम पूरा. बाकी के काम अप्रैल तक पूरा करने का लक्ष्य.
Also Read: बिहार से होली के बाद लौटने वालों के लिए चलेंगी 58 स्पेशल ट्रेनें, देखिए लिस्ट
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए