मसौढ़ी में थाने से चंद कदम दूर ताबड़तोड़ फायरिंग, जेपी रोड में मची भगदड़; हथियारबंद युवकों पर घर में घुसने का आरोप

Updated:
विज्ञापन

फायरिंग के बाद लगी भीड़

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

मसौढ़ी के व्यस्त जेपी रोड पर बुधवार शाम हथियारबंद युवकों ने एक घर में घुसकर पथराव और फायरिंग की. लाखों रुपये के जेवरात लूट लिए और महिलाओं को जान से मारने की धमकी दी. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.

विज्ञापन

Patna Crime: मसौढ़ी थाना से कुछ ही दूरी पर शहर के व्यस्ततम जेपी रोड स्थित मंदिर के पास बुधवार की शाम अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग से अफरातफरी मच गयी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दर्जनभर से अधिक हथियारबंद युवक वहां पहुंचे और एक घर में घुसकर पथराव करने के बाद करीब 10 से 15 राउंड फायरिंग की. गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में भगदड़ मच गयी. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.

विज्ञापन

इस संबंध में जेपी रोड निवासी राजेंद्र प्रसाद के पुत्र परशुराम प्रसाद ने पुलिस को लिखित शिकायत दी है. उन्होंने आरोप लगाया है कि बुधवार शाम करीब चार बजे दर्जनभर युवक हथियारों से लैस होकर उनके घर में घुस आये. आरोपितों ने पहले घर पर पथराव किया और इसके बाद ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी.

घर में मौजूद थीं तीन महिलाएं

परशुराम प्रसाद के अनुसार, घटना के समय घर में केवल तीन महिलाएं मौजूद थीं. गोलियों की आवाज सुनकर महिलाएं भय से घर के भीतर दुबक गयीं. पीड़ित ने आरोप लगाया है कि हथियारबंद युवकों ने घर में लूटपाट की और लाखों रुपये के जेवरात लेकर चले गये. आरोप है कि जाते समय युवकों ने परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी भी दी. घटना के बाद पीड़ित परिवार में भय का माहौल है. परशुराम प्रसाद ने पुलिस से परिवार की सुरक्षा की गुहार लगायी है.

पिछले सप्ताह भी फायरिंग का लगाया आरोप

पीड़ित परिवार का कहना है कि जेपी रोड मंदिर के आसपास पिछले सप्ताह रात में भी फायरिंग की घटना हुई थी. इस दौरान एक महिला का सिर फोड़ने का भी आरोप लगाया गया था. पीड़ित का आरोप है कि इस संबंध में थाने में लिखित शिकायत देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई. परशुराम प्रसाद का कहना है कि पिछली घटना में कार्रवाई नहीं होने से आरोपितों का मनोबल बढ़ा और बुधवार को फिर हथियारों के साथ घर पर धावा बोल दिया गया.

दवा मंडी के पास फायरिंग से कारोबारियों में दहशत

घटनास्थल शहर के बेहद व्यस्त जेपी रोड पर है. आसपास कई दुकानें हैं और कुछ दूरी पर दवा मंडी भी स्थित है. शाम के समय इस मार्ग पर काफी चहल-पहल रहती है. ऐसे में हथियारबंद युवकों द्वारा खुलेआम फायरिंग किये जाने से व्यवसायियों और आम लोगों में दहशत फैल गयी.

खोखे बरामद, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

फायरिंग की सूचना मिलते ही मसौढ़ी पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल से कुछ खोखे बरामद किये हैं. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि फायरिंग और घर में घुसने वाले युवकों की पहचान की जा सके. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. पीड़ित परिवार द्वारा लगाये गये फायरिंग, लूटपाट और जान से मारने की धमकी के आरोपों की भी पुलिस जांच कर रही है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन