15 साल की उम्र में ये हिम्मत होना बड़ी बात... वैभव सूर्यवंशी की तारीफ में बोले शिखर धवन
वैभव सूर्यवंशी और शिखर धवन (फोटो—सोशल मीडिया)
पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की तूफानी बल्लेबाजी की सराहना की है. 15 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छाए वैभव के शॉट्स और जज्बे ने धवन को प्रभावित किया है. जानें धवन की राय.
Shikhar Dhawan on Vaibhav Sooryavanshi: भारतीय क्रिकेट के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की बेखौफ बल्लेबाजी की जमकर तारीफ की है. महज 15 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी पहचान बनाने वाले वैभव के शॉट्स और बड़े मंच पर खेलने के आत्मविश्वास ने धवन को खासा प्रभावित किया है.
कम उम्र में हासिल की बड़ी उपलब्धि
धवन ने कहा कि कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है, लेकिन जिस अंदाज में वैभव चौके-छक्के लगाते हैं, वह उन्हें दूसरों से अलग बनाता है. उनके मुताबिक बल्लेबाजी की तकनीक एक चीज है, लेकिन उस उम्र में बड़े शॉट खेलने का साहस और मानसिकता होना बेहद खास है.
आने वाले समय में उसका भविष्य उज्जवल
पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने वैभव के भविष्य को लेकर भी उम्मीद जताई. उन्होंने कहा कि युवा खिलाड़ी का वर्तमान शानदार है और आने वाले समय में उसका भविष्य इससे भी बेहतर हो सकता है.
धवन ने कहा, 'वह शानदार बल्लेबाजी कर रहा है. 15-16 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना ही बहुत बड़ी बात है. जिस तरह वह चौके और छक्के लगाता है, वह शानदार है. स्किल होना एक बात है, लेकिन 15 साल की उम्र में ऐसा करने का जिगरा होना बहुत बड़ी बात है.'
दिखा वैभव का तूफानी अंदाज
वैभव ने हाल ही में जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में 151 रन बनाए और प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार हासिल किया. भारत ने यह सीरीज 3-0 से अपने नाम की. इससे पहले उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था. आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए भी वैभव ने धमाल मचाया. उन्होंने 776 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 237.30 रहा. इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और पांच अर्धशतक निकले. उन्होंने सीजन में रिकॉर्ड 72 छक्के लगाए और ऑरेंज कैप समेत कई पुरस्कार अपने नाम किए.
धवन ने शुरू की नई पहल
इस बीच धवन ने दिल्ली में अपनी फाउंडेशन के जरिए शिक्षा के क्षेत्र में नई पहल भी शुरू की है. उन्होंने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और HMD India एवं APAC के CEO रवि कुंवर के साथ पीतमपुरा के सर्वोदय विद्यालय में STEM लैब का उद्घाटन किया. धवन के अनुसार, उनकी फाउंडेशन के डिजिटल एजुकेशन कार्यक्रमों से अब तक करीब 50 हजार बच्चों को फायदा हुआ है. नई STEM लैब के जरिए छात्रों को विज्ञान, तकनीक, इंजीनियरिंग और गणित की प्रैक्टिकल शिक्षा देने पर जोर दिया जाएगा.
Also Read: श्रीलंका XI ने 363 रन बनाकर बढ़ाई टीम इंडिया की टेंशन, भारतीय स्पिनर्स ने आखिरी सत्र में कराई वापसी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अभिजीत कुमार
अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










