मुझे अपने फैसले पर कोई पछतावा नहीं, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद रहाणे ने बताया आगे का प्लान
अजिंक्य रहाणे (फोटो—एक्स)
पूर्व भारतीय कप्तान अजिंक्य रहाणे ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के अपने फैसले पर पहली बार खुलकर बात की है. रहाणे ने साफ कहा कि उन्हें अपने करियर से कोई पछतावा नहीं है. उन्होंने यह भी बताया कि वह भविष्य में कोच या मेंटर बनना चाहते हैं.
Ajinkya Rahane: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के फैसले पर पहली बार खुलकर बात की है. रहाणे ने कहा कि उन्हें अपने फैसले का कोई पछतावा नहीं है, क्योंकि उन्होंने अपने करियर में हर बार अपना 200 फीसदी देने की कोशिश की.
अपने करियर से पूरी तरह संतुष्ट
रहाणे ने कहा कि संन्यास का फैसला लेने से पहले उन्होंने करीब एक महीने तक खुद से सवाल किए कि क्या कोई अधूरापन या पछतावा तो नहीं है. लेकिन उन्हें हर बार यही जवाब मिला कि उन्होंने मैदान पर अपना सब कुछ झोंक दिया और अपने करियर से पूरी तरह संतुष्ट हैं.
उन्होंने कहा, 'मैं अपने फैसले से बहुत खुश हूं. मैं पीछे मुड़कर नहीं देखना चाहता. जब मैंने यह फैसला लिया तो करीब 25-30 दिनों तक इस पर विचार किया. मैंने खुद से पूछा कि क्या कुछ ऐसा है जो मैं अलग कर सकता था, लेकिन जवाब था- नहीं. मैंने अपनी तरफ से 200 फीसदी दिया.'
बनना चाहते है कोच या मेंटर
14 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर को अलविदा कहने वाले रहाणे अब क्रिकेट से जुड़े नए रोल के लिए भी तैयार हैं. उन्होंने कहा कि वह भविष्य में कोच या मेंटर की भूमिका निभाना पसंद करेंगे, क्योंकि उन्होंने अपने करियर में हर तरह की परिस्थितियों का सामना किया है और खिलाड़ियों की मानसिकता को अच्छी तरह समझते हैं. रहाणे ने कहा कि वह अपने अनुभव को सिर्फ खुद तक सीमित नहीं रखना चाहते, बल्कि दुनियाभर की लीगों में खेलकर युवा खिलाड़ियों के साथ अपना ज्ञान साझा करना चाहते हैं.
Also Read: क्रिकेट के खिलाफ नहीं हूं, बस हर खेल को मिले बराबर सम्मान, शुबम जुयाल ने फैंस से की खास अपील
कप्तानी में छोड़ी है गहरी छाप
बता दें कि रहाणे ने भारत के लिए 85 टेस्ट मैचों में 5077 रन बनाए, जिसमें 12 शतक और 26 अर्धशतक शामिल हैं. वह 2020-21 बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऐतिहासिक सीरीज जीत के दौरान अपनी कप्तानी के लिए भी याद किए जाते हैं. उनकी कप्तानी में भारत ने मेलबर्न टेस्ट जीता था और गाबा में ऑस्ट्रेलिया का अभेद किला भी तोड़ा था.
एम्स्टर्डम फ्लेम्स का होंगे हिस्सा
अजिंक्य रहाणे अब आगामी यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग (ETPL) के पहले सीजन में एम्स्टर्डम फ्लेम्स के मार्की खिलाड़ी के तौर पर खेलते नजर आने वाले है. एम्स्टर्डम फ्लेम्स ने शुक्रवार को रहाणे के साथ करार का ऐलान किया. यह रहाणे का पहला विदेशी टी20 असाइनमेंट होगा.
Also Read: रिटायरमेंट के बाद अजिंक्य रहाणे ने यूरोपियन T20 लीग में शुरु की नई पारी, जाने किस टीम से खेलेंगे
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अभिजीत कुमार
अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










