हाजीपुर: एसपी ने देर रात की थानों की पड़ताल, साइबर क्राइम पर नकेल और गश्ती बढ़ाने के दिए निर्देश

साइबर थाना पर निरीक्षण करते एसपी | Prabhat Khabar Network
हाजीपुर एसपी शुभांक मिश्रा ने गुरुवार देर रात साइबर थाना और नगर थाना का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था का जायजा लिया. साइबर धोखाधड़ी रोकने के लिए स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाने और रात्रि गश्ती तेज करने के निर्देश दिए गए.
Hajipur News : जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिस व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने गुरुवार देर रात साइबर थाना और नगर थाना का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने पुलिसिंग व्यवस्था, लंबित मामलों की प्रगति और प्रशासनिक कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए.
साइबर धोखाधड़ी के मामलों में तकनीकी जांच तेज करने का निर्देश
एसपी सबसे पहले साइबर थाना पहुंचे, जहां उन्होंने दर्ज मामलों की समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि साइबर धोखाधड़ी के मामलों में तकनीकी अनुसंधान को और अधिक प्रभावी बनाया जाए. साथ ही वित्तीय धोखाधड़ी के पीड़ितों को राहत दिलाने के लिए बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर राशि रिफंड की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा.
स्कूलों में चलाएं साइबर जागरूकता अभियान
निरीक्षण के दौरान एसपी ने साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान को और व्यापक बनाने पर जोर दिया. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्कूलों और अन्य शिक्षण संस्थानों में नियमित रूप से साइबर सुरक्षा संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं.
नगर थाना का किया औचक निरीक्षण
साइबर थाना के बाद एसपी नगर थाना पहुंचे, जहां उन्होंने अभिलेखों, मालखाना, हाजत और शस्त्रागार का निरीक्षण किया. उन्होंने लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन, वारंट और कुर्की की तामीला में तेजी लाने के निर्देश दिए.
रात्रि गश्ती और जनसंपर्क पर दिया जोर
एसपी ने थाना परिसर की साफ-सफाई और संतरी ड्यूटी की व्यवस्था का भी जायजा लिया. उन्होंने अधिकारियों को रात्रि गश्ती और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने का निर्देश दिया, ताकि अपराध पर बेहतर नियंत्रण रखा जा सके. साथ ही उन्होंने पुलिसकर्मियों को आम लोगों के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार करने और पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया.
.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By Abhishek Kumar
अभिषेक कुमार मैं 9 साल से पत्रकारिता कर रहा हूं नेशनल मीडिया चैनल में के साथ काम किया हूं मेरी सबसे अच्छा पकड़ क्राइम की खबर और राजनीतिक की खबर पर है वहीं दैनिक अखबारी के डिजिटल बिग में भी काम कर चुका हूं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










