श्रावणी मेले की तीसरी सोमवारी पर नाग पंचमी और संक्रांति के विशेष संयोग पर बाबा वैद्यनाथ को जल अर्पित करने का गजब उत्साह

Updated:
विज्ञापन

देवघर में रिकॉर्ड भीड़, तीसरी सोमवारी पर बरमसिया तक पहुँची कांवरियों की कतार

देवघर में तीसरी सोमवारी और नाग पंचमी के संयोग पर बाबा वैद्यनाथ मंदिर में भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है. प्रशासन ने पांच लाख कांवरियों के पहुंचने का अनुमान लगाया है. जानें पार्किंग, जलार्पण और कांवरिया पथ की ताजा स्थिति.

विज्ञापन

Third Sawan Somwar 2026: श्रावणी मेले की तीसरी सोमवारी पर बाबा नगरी देवघर में आस्था का सैलाब उमड़ने की संभावना है. इस बार सावन की तीसरी सोमवारी के साथ नाग पंचमी और संक्रांति का विशेष संयोग भी बन रहा है. इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने करीब पांच लाख कांवरियों के बाबा वैद्यनाथ मंदिर पहुंचने का अनुमान लगाया है. इनमें साढ़े तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पैदल कांवरिया पथ से देवघर पहुंचने की संभावना है.

सभी पार्किंग स्थल और ठहरने की जगहें फुल

संभावित भारी भीड़ का असर रविवार शाम से ही बाबा नगरी में दिखने लगा. रविवार शाम छह बजे तक वाहनों के लिए बनाए गए पांचों पार्किंग स्थल, टेंट सिटी और कांवरियों के ठहरने के निर्धारित स्थान लगभग पूरी तरह भर चुके थे. अप्रत्याशित भीड़ की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड में रहा.

डीसी, एसपी समेत जिले के वरीय अधिकारियों ने रूट लाइन और मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने वहां तैनात दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम जलार्पण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

सुबह से ही शुरू हुआ बाबा का जलार्पण

रविवार को बाबा वैद्यनाथ मंदिर का पट खुलने के बाद पुरोहित समाज की ओर से सबसे पहले कांचा जल पूजा की गई. इसके बाद पुजारी मिथिलेश झा ने षोडशोपचार विधि से बाबा भोलेनाथ की सरदारी पूजा करायी. सुबह करीब चार बजे के बाद आम कांवरियों के लिए जलार्पण शुरू कराया गया.


ये भी पढ़ें: रांची के पहाड़ी मंदिर समेत शिवालयों में उमड़ेगी भीड़, जानें सावन सोमवार और नाग पंचमी पूजा का विशेष महत्व


पट खुलने से पहले ही कांवरियों की कतार बरमसिया चौक तक पहुंच गई थी. हालांकि, जलार्पण शुरू होने के कुछ देर बाद कतार सिमटकर बीएड कॉलेज तक रह गई. प्रशासन की ओर से लगातार श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से जलार्पण कराने की व्यवस्था की जाती रही.

दो दिनों में 4.59 लाख श्रद्धालुओं ने चढ़ाया जल

श्रावणी मेले के दौरान बाबा वैद्यनाथ पर जल चढ़ाने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पहुंच रही है. शनिवार और रविवार को मिलाकर कुल 4,59,703 कांवरियों ने बाबा पर जलार्पण किया.

शनिवार को 2,27,556 श्रद्धालुओं ने जल चढ़ाया. इनमें बाह्य अरघा से 1,03,583, मुख्य अरघा से 1,08,254 और कूपन व्यवस्था के तहत 15,719 कांवरियों ने जलार्पण किया.

वहीं रविवार को कुल 2,32,147 श्रद्धालुओं ने बाबा वैद्यनाथ का जलाभिषेक किया. इनमें बाह्य अरघा से 1,07,353 और मुख्य अरघा से 1,24,794 श्रद्धालुओं ने बाबा पर जल चढ़ाया.

कांवरिया पथ पर गूंज रहा बोल बम

रविवार शाम बाबा नगरी की ओर कांवरियों के पहुंचने की रफ्तार और तेज हो गई. कांवरिया पथ से लेकर शिवगंगा घाट तक श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आई. कांवरिये नाचते-गाते और ‘बोल बम’ व ‘हर-हर महादेव’ का जयघोष करते हुए बाबा नगरी की ओर बढ़ते रहे. तीसरी सोमवारी पर बाबा वैद्यनाथ को जल अर्पित करने को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला.


विज्ञापन
शौर्य पुंज

लेखक के बारे में

By शौर्य पुंज

मैं धर्म, ज्योतिष और आध्यात्मिक विषयों पर लेखन में विशेषज्ञता रखता हूं. हस्तरेखा शास्त्र, राशिफल, ग्रह-नक्षत्र, धार्मिक परंपराओं और पौराणिक कथाओं से जुड़े विषयों पर मेरी विशेष रुचि और गहरी समझ है. रांची के सेंट जेवियर्स कॉलेज से मास कम्युनिकेशन में स्नातक करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया और कंटेंट राइटिंग के क्षेत्र में 15 वर्षों से अधिक का अनुभव हासिल किया है. धर्म और ज्योतिष के अलावा एंटरटेनमेंट, लाइफस्टाइल और शिक्षा जैसे विषयों पर भी लगातार लेखन करता रहा हूं. मेरी कोशिश रहती है कि जटिल विषयों को आसान, रोचक और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाया जाए.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola