युवा कवयित्री अनामिका अनु की 5 पांच कविताएं

Updated:
विज्ञापन
युवा कवयित्री अनामिका अनु की 5 पांच कविताएं

Hindi Poetry By Anamika Anu : साल 2020 में डाॅ अनामिका अनु को भारत भूषण अग्रवाल पुरस्कार से नवाजा गया. राजस्थान पत्रिका वार्षिक सृजनात्मक पुरस्कार (सर्वश्रेष्ठ कवि, प्रथम पुरस्कार, 2021) और रज़ा फेलोशिप (2022) भी इन्हें प्राप्त है. इनके प्रकाशित काव्यसंग्रह का नाम है ‘इंजीकरी’.

विज्ञापन

Hindi Poetry By Anamika Anu : बिहार की धरती मुजफ्फरपुर में जन्मी युवा कवयित्री अनामिका अनु इन दिनों साहित्य जगत का जाना-पहचाना नाम हैं. हिंदी पट्टी से दूर केरल में रहते हुए भी इन्होंने अपनी कवितागोई नहीं छोड़ी और हिंदी साहित्य में अपना नाम बखूबी अंकित करवाया. साल 2020 में डाॅ अनामिका अनु को भारत भूषण अग्रवाल पुरस्कार से नवाजा गया. राजस्थान पत्रिका वार्षिक सृजनात्मक पुरस्कार (सर्वश्रेष्ठ कवि, प्रथम पुरस्कार, 2021) और रज़ा फेलोशिप (2022) भी इन्हें प्राप्त है. इनके प्रकाशित काव्यसंग्रह का नाम है ‘इंजीकरी’. इसके अलावा अनामिका अनु ने ‘यारेख : प्रेमपत्रों का संकलन’ (पेंगुइन रैंडम हाउस,हिन्द पॉकेट बुक्स)का संपादन किया है. उनकी रचनाओं का अनुवाद पंजाबी,मलयालम, तेलुगू मराठी,नेपाली,उड़िया,गुजराती, असमिया,अंग्रेज़ी,कन्नड़ और बांग्ला में हो चुका है. यहां पढ़ें उनकी पांच बेहतरीन कविताएं.

राजस्थान

मैं सच कहती हूँ तिरु
मेरा कोई सुख छिपा है राजस्थान में

मुझे उस विराने की भी किकोल और पुकार सुनाई पड़ती है जहां जन्म नहीं लेते हैं बच्चे
और जहां कोई नहीं झगड़ता किसी से

तिरु! जरूर कोई गुलाबी नगरी में ऐसा होगा
जिसकी आंखों के कटोरे का दूध भात हूं मैं

सिरोही में होगा कोई जिसकी केले के छिम्मियों जैसी होंगी उंगलियां
होगा कांकरोली में कोई जो सबसे सुंदर लिखता होगा

होगा चुरु में कोई जो सुबह में उठकर बीज चुगता होगा
फूल लिखता होगा
जड़ को नीर पिलाता होगा

होगा अजमेर में कोई पांच वक़्त का नमाजी
जो मेरे लिए सुंदर नज़्म लिखता होगा

पुष्कर में कोई है
जिसकी आंखें भुकभुकाती हैं
टार्च की तरह

दौसा में सांगवान का पेड़ है
चश्मा लगाता है

झुंझुनूं-सीकर-बूंदी से होकर वह कौन लौटा है
जो अपनी किताब के किनारे में अना लिखकर
रोता है

पाली,भीलवाड़ा मैं तुम्हारे लिए लिखती हूं
भरतपुर और अलवर में कोई पढ़ता है मेरी कविता
टोंक शहर की सनोवर काज़मी कहती है:
जब तक लिखोगी
तभी तक जिओगी लड़की…

देखना तिरु
लीची शहर की इस लड़की को जो कभी
प्रेम हुआ किसी से
तो वह या तो अंधा गूंगा बहरा निरुपाय कोई व्यक्ति होगा या राजस्थान का कोई कवि होगा।

मैं हर बार तुम्हें बचा लूंगी लज्जा से

मैं एक पत्र लिखना चाहती हूं तुम्हें
बिल्कुल तुम्हारी तरह डरा और सशंकित होगा वह पत्र भी

मैं उस पत्र में कामना को उद्देश्य लिखूंगी
या बादल या कोई इंक़लाबी नारा

मैं उस पत्र में मीठे और गीले संवाद को पानी ,नहर ,विमर्श या धार्मिक अनुष्ठान लिखूंगी

मैं उस पत्र में चुंबन को भंवरा लिखूंगी
स्पर्श को आकाश
संवाद को पतंग
रूदन को धुंआ
अपने ओंठों को खिड़की
और तुम्हारे ओंठों को पर्दा

मैं हर बार तुम्हें बचा लूंगी
उस लज्जा से
जो तुम्हें प्रेम करते वक्त आई

यह रात उसे कविताओं के साथ गुज़ारनी है

उसकी आंखें कविताओं से भारी हैं
उसके कंठ कविताओं से भरे हैं
उसके ओंठ कविताओं से हल्के गुलाबी
उसका देह कविताओं के लिए तत्पर और तैयार है
उसकी सांसों में कविताओं की गमक है
मैंने उसे गर्मजोशी के साथ अलविदा कहा
यह रात उसे कविताओं के साथ गुज़ारनी है

जना दासी का असली प्रेमी

जो मेरी कविता को
अपनी हथेली पर लिखकर बैकुंठ धाम ले जाएगा
जो मुझको जल ,स्वयं को मछली समझेगा
पंढरपुर में जो मुझसे मिलने खाली पांव ही आएगा
वही जना दासी का असली प्रेमी कहलाएगा

मेरे गर्भ में रहना

मेरे गर्भ में रहना
स्त्री या पुरुष होकर मत आना
न‌ ही किन्नर
बाहर चरित्र तौलने के बड़े-बड़े तराजू लगे हैं
जीभ की बाट पर तौले जाओगे तुम
धर्मयुद्ध में खर्च हुआ
एक मात्र सामान नैतिकता के बट्टे थे

गर्भ की दीवार बहुत कोमल है
रौशनी वहां कम है
यहां की दीवारें सख़्त
रौशनी सिर्फ और सिर्फ आंखें चौंधियाने वाली

तुम वहीं रहना चूसना मेरे कोख में उपलब्ध रस
मैं कविता सुनाऊंगी
तुम सुनना
अपनी उंगली से मेरे शिशु
कोख की अंतः भित्ति पर लिखना
तुम कविता
मैं अंतः सिक्त और पुनर्जीवित होना चाहती हूं

विज्ञापन
रजनीश आनंद

लेखक के बारे में

By रजनीश आनंद

रजनीश आनंद प्रभात खबर में सीनियर चीफ कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हैं और पत्रकारिता के क्षेत्र में 25 वर्षों से अधिक का अनुभव रखती हैं.फिलहाल वे प्रभात खबर के ओरिजिनल, नेशनल, इंटरनेशनल और खेल कैटेगरी के लिए राइटिंग का काम करती हैं. उनकी पहचान फैक्ट बेस्ट रिपोर्टिंग, रिसर्च बेस्ड स्टोरी और एक्सप्लेनर लेखन के लिए है.

राजनीति, सामाजिक सरोकार, ग्रामीण विकास, महिला मुद्दों, इतिहास, खेल, जनजातीय समाज और सार्वजनिक नीतियों से जुड़े विषयों पर उनकी विशेष रुचि रही है. वैसे मुद्दे जो समाज के हाशिये पर मौजूद समुदायों और आम लोगों के जीवन को प्रभावित करते हैं, लेकिन मुख्यधारा की बहस में अपेक्षाकृत कम जगह पाते हैं, ऐसे विषयों पर भी लेखन में रुचि रखती हैं.

रजनीश आनंद कई प्रतिष्ठित पत्रकारिता फेलोशिप से जुड़ी रही हैं. इन्क्लूसिव मीडिया–यूएनडीपी फेलोशिप के तहत उन्होंने झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) जिले में माहवारी स्वच्छता और किशोरियों एवं महिलाओं के स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों पर अध्ययन एवं रिपोर्टिंग की. झारखंड सरकार मीडिया फेलोशिप के दौरान महिला सशक्तिकरण, सरकारी योजनाओं के प्रभाव और सामाजिक बदलाव के विभिन्न आयामों पर काम किया. इसके अलावा सेव द चिल्ड्रन फेलोशिप के तहत बच्चों के अधिकार, शिक्षा, सुरक्षा और बाल कल्याण से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग की है.

आदिवासी समाज, विशेषकर मुंडा जनजाति के इतिहास, संस्कृति और समकालीन चुनौतियों पर उनका काम उल्लेखनीय माना जाता है. उन्होंने भूमि, पहचान, परंपरा, सामाजिक बदलाव और आदिवासी समुदायों के अधिकारों से जुड़े विषयों पर व्यापक फील्ड रिपोर्टिंग की है.हाल के वर्षों में उन्होंने झारखंड में ऊर्जा संक्रमण (Energy Transition) और जस्ट ट्रांजिशन की अवधारणा पर भी काम किया है. विशेष रूप से कोयला आधारित अर्थव्यवस्था वाले क्षेत्रों में रोजगार, आजीविका और सामाजिक प्रभावों से जुड़ी चुनौतियों पर उनकी रिपोर्टिंग ने महत्वपूर्ण सवाल उठाए हैं.

रजनीश आनंद झारखंड की राजधानी रांची में रहती हैं और इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्नातक हैं. उन्होंने वर्ष 2000 में पत्रकारिता की शुरुआत झारखंड जागरण दैनिक से की. इसके बाद प्रभात खबर, हिंदुस्तान, रांची एक्सप्रेस और दैनिक जागरण सहित कई प्रमुख समाचार संस्थानों के लिए रिपोर्टिंग और स्वतंत्र लेखन किया. प्रिंट मीडिया के दैनिक, साप्ताहिक, पाक्षिक और सांध्य प्रकाशनों में काम करने के साथ-साथ वे वर्ष 2012 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola