ePaper

Photos: पटना में फेंका जलती हुई सिगरेट का टुकड़ा, तीन दुकानें, चार कार और ऑफिस जल कर खाक

Updated at : 10 May 2023 11:45 PM (IST)
विज्ञापन
Photos: पटना में फेंका जलती हुई सिगरेट का टुकड़ा, तीन दुकानें, चार कार और ऑफिस जल कर खाक

अगलगी में जीतेंद्र कुमार की फर्नीचर दुकान सह गोदाम, विधान कुमार की कुट्टी मशीन सह दुकान, साधु जी की प्लास्टिक सामान की दुकान, संगीता कुमारी की नयी स्विफ्ट कार, अमित कुमार की मैजिक समेत दो वाहन व एक अन्य कार जल कर खाक हो गयीं.

विज्ञापन
undefined
जदयू नेता के घर में आग 

पटना के जक्कनपुर थाने के पोस्टल पार्क रोड नंबर चार रामनगर में किसी ने सिगरेट का जलता हुआ टुकड़ा फेंका और तीन दुकान, चार वाहन, ऑफिस कार्यालय व अन्य सामान जल कर खाक हो गये. खास बात यह है कि एक स्कॉर्पियो में चालक बैठा था और वह अपनी गाड़ी लेकर भाग गया. आग की लपटें इतनी तेज थी कि महज चंद दूरी पर स्थित जदयू नेता छोटू सिंह के चार मंजिले मकान के अंदर तक आग चली गयी और मकान में रहने वाले तमाम लोग जान बचा कर बाहर की ओर भागे.

undefined
कई दुकानें जलकर खाक 

अगलगी में जीतेंद्र कुमार की फर्नीचर दुकान सह गोदाम, विधान कुमार की कुट्टी मशीन सह दुकान, साधु जी की प्लास्टिक सामान की दुकान, संगीता कुमारी की नयी स्विफ्ट कार, अमित कुमार की मैजिक समेत दो वाहन व एक अन्य कार जल कर खाक हो गयीं. बगल में ही एक खटाल भी था, जिसमें चार-पांच गायें थी, जो जलने से बच गयीं. लोगों ने समय रहते सभी जानवरों को हटा लिया.

undefined
दमकल की छह गाड़ियां पहुंचीं

घटना की जानकारी मिलने पर दमकल की छह गाड़ियां पहुंचीं और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया. साथ ही मौके पर पटना सदर एसडीओ श्रीकांत कुंडलिकर, एएसपी काम्या मिश्रा, जक्कनपुर थानाध्यक्ष सुदामा प्रसाद सिंह, कंकड़बाग थानाध्यक्ष रविशंकर सिंह व पत्रकार नगर थानाध्यक्ष मनोरंजन भारती भी दल-बल के साथ पहुंच गये थे.

undefined
लोगों ने किया हंगामा 

लोगों ने कुछ देर के लिए हंगामा भी किया. उनका कहना था कि फर्नीचर दुकान के आसपास खाली जमीन होने के कारण स्मैकियरों व नशेबाजों का अड्डा लगा रहता है. वे लोग ही सिगरेट पीते हैं और नशा करते हैं. पुलिस को कई बार सूचना दी गयी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गयी. उनमें से ही किसी ने सिगरेट का जलता हुआ टुकड़ा फेंक दिया, जिसके कारण आग लग गयी. इस अगलगी में करीब एक करोड़ की संपत्ति का नुकसान हुआ है.

undefined
चार वाहनों में भी आग लग गयी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फर्नीचर की दुकान बंद थी. सबसे पहले उस दुकान में ही आग लगी. चूंकि दुकान में सारा लकड़ी का ही सामान था, इसलिए आग ने भयावह रूप ले लिया. इसके बाद आग ने बगल में प्लास्टिक के सामान की दुकान और फिर कुट्टी मशीन की दुकान को अपनी चपेट में ले लिया. लपटों के कारण चार वाहनों में भी आग लग गयी.

undefined
सीएनजी के कारण वाहन में विस्फोट 

एक वाहन में सीएनजी भरी थी, जिसके कारण विस्फोट भी हुआ. इसके बाद आग ने विकराल रूप ले लिया और फर्नीचर दुकान से सटे जदयू नेता छोटू सिंह पहुंच गया. चारमंजिली इमारत के पूर्वी छोर की सारी खिड़कियों के शीशे फूट गये और घर के अंदर आग चली गयी. उस भवन में एक निजी कंपनी का कार्यालय भी था, जिसमें भी आग लग गयी और एक और किरायेदार के घर में आग फैल गयी. जिसके कारण पूरा भवन जलने का खतरा मंडराने लगा. लकड़ी की सारी खिड़कियां भी जल गयीं और भवन पूरी तरह गर्म हो गया.

undefined
सामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है

घटना के समय छोटू सिंह व उनके तमाम किरायेदारों ने घर से बाहर भाग कर अपनी जान बचायी. जदयू नेता ने बताया कि खाली जगह होने के कारण हमेशा असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है. पुलिस को सूचना भी दी गयी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गयी है.

undefined
संकरी गली होने से दमकल की बड़ी गाड़ियां देर से पहुंचीं

जिस जगह पर अगलगी की घटना हुई थी, वहां तक पहुंचने के लिए सड़क संकरी है, जिसके कारण दमकल की बड़ी गाड़ियों को पहुंचने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. सूचना मिलने पर जब तक दमकल की गाड़ी पहुंची, तब तक तीन दुकानें, चार वाहन व अन्य सामान जल कर खाक हो चुके थे. हालांकि जदयू नेता के घर में आग को और बढ़ने से रोक लिया गया.

undefined
नयी कार जलती देख रोने लगी महिला

पोस्टल पार्क की रहने वाली महिला संगीता कुमारी ने करीब छह माह पहले ही स्विफ्ट कार ली थी. उन्हें भी आग लगने की सूचना मिली, तो दौड़ते हुए घटनास्थल पर पहुंचीं. लेकिन उनकी कार भी पूरी तरह जल चुकी थी. कार को जली अवस्था में देख कर रोने लगीं. लोगों ने उन्हें शांत कराया.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन