आज इंटरनेट और सोशल मीडिया का दायरा हमारी रोजमर्रा की जरूरतों तक ही सीमित नहीं रह गया है. यह बहुआयामी संसाधन बन चुका है. जहां लोग इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर मनोरंजन ढूंढ रहे हैं, वहीं 'लिंक्डइन' जैसे प्लेटफॉर्म के जरिये अपने करियर और पेशेवर जीवन को आकार दे रहे हैं. आज हर हाथ में स्मार्टफोन है और हर स्मार्टफोन में दर्जनों सोशल मीडिया एप्स मौजूद हैं. यदि हम इन प्लेटफॉर्मों की सामान्य उपयोगिता पर विचार करें, तो स्पष्ट हो जाता है कि इनका ज्यादातर हिस्सा केवल 'टाइम पास' या मनोरंजन के लिए उपयोग हो रहा है.लोग अपनी दिनचर्या और गतिविधियों को फोटो और छोटे अपडेट्स के रूप में साझा कर रहे हैं, जबकि जीवन के यादगार पलों को सहेजने के लिए फोटो और वीडियो पोस्ट का सहारा लिया जा रहा है. मजेदार किस्से हों, चंद सेकंड में कोई रोचक जानकारी देनी हो या फिर लोगों को गुदगुदाना हो, उपयोगकर्ता अब 'रील्स' के माध्यम से अपनी बातें कहने लगे हैं. यूट्यूब जैसी कंपनियां अब ‘फुल लेंथ वीडियो’ और ‘शॉर्ट्स’ जैसे कंटेंट के लिए क्रिएटर्स को अच्छे-खासे पैसे देने लगी हैं. इसके लिए किसी भारी-भरकम संसाधन या बड़े स्टूडियो की जरूरत नहीं है. एक अच्छी क्वालिटी के कैमरे वाला साधारण फोन ही इसके लिए काफी है. इसके साथ यदि थोड़ी-बहुत वीडियो एडिटिंग और सोशल मीडिया स्किल्स हो, तो आसानी से इस डिजिटल भीड़ में अपनी जगह बनायी जा सकती है.यह सच है कि मनोरंजन प्रधान अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों, जैसे इंस्टाग्राम या फेसबुक, के मुकाबले लिंक्डइन पर अभी भी लोगों की संख्या कम है, पर जो लोग इस प्रोफेशनल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर रहे हैं, वे प्रभावशाली हैं. लिंक्डइन के आधिकारिक कंपनी डाटा के 2025 के आंकड़ों पर नजर डालें, तो इस प्लेटफॉर्म का विस्तार हैरान करने वाला है : वैश्विक स्तर पर लिंक्डइन सदस्यों की कुल संख्या 130 करोड़ से अधिक का आंकड़ा पार कर चुकी है. भारत में लिंक्डइन सदस्यों की संख्या 17 करोड़ तक पहुंच गयी है. जनसांख्यिकीय अनुपात के अनुसार यह 17 करोड़ का आंकड़ा भारत की कुल जनसंख्या का लगभग 11.6 प्रतिशत हिस्सा है. इसमें केवल भारत की वयस्क जनसंख्या की बात करें, तो उनमें से 16.4 प्रतिशत लोग लिंक्डइन पर मौजूद हैं. भारत में इंटरनेट का उपयोग करने वालों की कुल संख्या का 16.6 प्रतिशत हिस्सा आज लिंक्डइन का सक्रिय रूप से इस्तेमाल कर रहा है. आंकड़े इस बात की गवाही देते हैं कि भारतीय पेशेवर अब अपनी डिजिटल उपस्थिति को लेकर पहले से कहीं अधिक जागरूक हो रहे हैं. करियर को लेकर जो लोग पूरी तरह फोकस्ड हैं, वे लिंक्डइन प्रोफाइल के जरिये अपने पसंदीदा क्षेत्र में रोजगार की नयी संभावनाएं आसानी से तलाश लेते हैं. यहां जॉब मिलने की संभावना इसलिए भी अधिक होती है क्योंकि रिक्रूटर आपके कौशल और विचारों को सीधे तौर पर देख पाते हैं.साथ ही, एक ही तरह के नौकरी-पेशे या इंडस्ट्री से जुड़े लोग इस प्लेटफॉर्म पर कम्युनिटी बनाकर एक-दूसरे की मदद करते हैं, जिससे एक मजबूत इकोसिस्टम स्थापित होता है. लिंक्डइन प्रोफाइल में किसी बड़ी हस्ती- इंडस्ट्री लीडर या सीइओ के साथ कनेक्शन होना, उस व्यक्ति के व्यक्तित्व की पहचान को और मजबूती के साथ स्थापित करता है. जब आप अपने क्षेत्र के दिग्गजों के साथ जुड़ते हैं, उनके लेख पढ़ते हैं या उनके विचारों पर अपनी राय रखते हैं, तो आपकी अपनी एक 'ब्रांड वैल्यू' बनती है. आज के समय में, जब स्कूलों और घरों में बच्चों को इंटरनेट तथा उसके उपयोग की शिक्षा दी जा रही है, तब हमारे लिए यह जरूरी हो गया है कि हम उन्हें इसके 'एंटरटेनमेंट' और 'प्रोफेशनल' दृष्टिकोण के बीच का अंतर समझाएं. हमें युवा पीढ़ी को यह बताना होगा कि इंटरनेट केवल नाच-गाने या मीम्स देखने की जगह नहीं है, बल्कि यह करियर बनाने का एक सशक्त हथियार है. लिंक्डइन पर एक सलीकेदार प्रोफाइल बनाना आज के समय में एक 'पेशेवर व्यक्तित्व' की पहली पहचान है. यह वह डिजिटल रिज्यूमे है, जो 24 घंटे दुनियाभर के रिक्रूटर्स के सामने खुला रहता है. लिंक्डइन की सबसे बड़ी ताकत इसकी 'नेटवर्किंग' है. लोग यहां से बड़े-बड़े कॉरपोरेट घरानों के शीर्ष अधिकारियों, एचआर और अन्य कर्मियों के साथ सीधा संपर्क स्थापित कर सकते हैं. यहां केवल जॉब सर्च या नये अवसरों की ही बात नहीं होती, बल्कि उद्योगों से जुड़ी कई ऐसी तकनीकी और वैचारिक चर्चाएं भी होती हैं, जिनका सीधा लाभ एक व्यक्ति को उसके पेशेवर करियर में मिलता है. युवाओं के बीच आज नौकरी पाना ही अंतिम लक्ष्य नहीं रह गया है, नौकरी के साथ-साथ कॉरपोरेट जगत में अपने रिश्ते मजबूत करना, अपने उद्योग के रुझानों से अपडेट रहना और अपने पेशेवर नेटवर्क का विस्तार करना समय की सबसे बड़ी मांग है. ऐसे में, लिंक्डइन केवल एक सोशल मीडिया एप नहीं, बल्कि आज के हर उस पेशेवर की मूलभूत जरूरत है, जो भविष्य में सफलता के नये शिखर छूना चाहता है. (ये लेखक के निजी विचार हैं.)