ePaper

Weather Forecast: पश्चिमी विक्षोभ के कारण इन राज्यों में होगी बारिश, जानें अपने इलाके का मौसम

Updated at : 30 Jan 2024 7:54 AM (IST)
विज्ञापन
Weather Forecast: पश्चिमी विक्षोभ के कारण इन राज्यों में होगी बारिश, जानें अपने इलाके का मौसम

Lucknow: People sit around a bonfire amid dense fog on a cold winter morning, in Lucknow, Sunday, Jan. 14, 2024. (PTI Photo/Nand Kumar) (PTI01_14_2024_000014A)

Weather Forecast Today- दिल्ली में शीतलहर का दौर जारी है. पश्चिमी विक्षोभ के कारण कई राज्यों में बारिश की संभावना व्यक्त की गई है. जानें यूपी-बिहार सहित अन्य राज्यों के मौसम का हाल

विज्ञापन

Weather Forecast Today : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शीतलहर और घना कोहरा मंगलवार को भी देखने को मिला जिसने जनजीवन प्रभावित कर दिया है. यहां का अधिकतम तापमान सोमवार को बढ़कर 22.6 डिग्री सेल्सियस हो गया जबकि रात का तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने मंगलवार को दिन के दौरान मुख्य रूप से आसमान साफ रहने जबकि शाम को बादल छाए रहने का पूर्वानुमान लगाया है. आज अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 22.0 डिग्री सेल्सियस और 8.0 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है.

राजस्थान के कई इलाकों में बारिश के आसार

पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आगामी दिनों में राजस्थान के कई इलाकों में हल्की बारिश की संभावना नजर आ रही है. मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार प्रदेश में आगामी दिनों में एक के बाद एक, दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है. पहला विक्षोभ 31 जनवरी से एक फरवरी के दौरान सक्रिय होगा. राज्य के उत्तर-पश्चिमी और उत्तरी भागों में हल्की बारिश के रूप में इसका प्रभाव पड़ने के आसार हैं. वहीं दूसरा पश्चिमी विक्षोभ तीन से चार फरवरी को सक्रिय होगा जिसके प्रभाव से तीन से चार फरवरी के बीच बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र और जयपुर संभाग में गर्जन के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है.

झारखंड में बारिश के आसार

झारखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने के आसार हैं. प्रदेश में 31 जनवरी और एक फरवरी को बारिश हो सकती है. दो फरवरी से मौसम साफ हो सकता है. मौसम का मिजाज बदलने से न्यूनतम तापमान चढ़ सकता है. अधिकतम तापमान में कमी हो सकती है. इससे ठंड का एहसास लोगों को ज्यादा होगा.

बिहार में ठंड से हाल बेहाल

बिहार में ठंड का तेवर अभी नरम नजर नहीं नजर आ रहा है. मौसम विभाग की मानें तो छह फरवरी से एक बार फिर ठंड जोर पकड़ सकती है. दरअसल, 30 जनवरी और तीन फरवरी को एक शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ के असर से पश्चिमी हिमालय में बर्फबारी और बारिश होने की संभावना है. ऐसे में बिहार में छह फरवरी के आसपास ठंडी हवाएं आनी शुरू हो सकतीं हैं जिससे न्यूनतम तापमान में गिरावट आने के आसार हैं.

Also Read: Bihar Weather: ये चार दिन ठंड से मिलेगी राहत, जानें फिर कब से पड़ेगी कड़ाके की ठंड

इन राज्यों में बारिश के आसार

स्काइमेट वेदर के अनुसार, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख, जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी देखने को मिल सकती है. कुछ स्थानों पर भारी बारिश के आसार हैं. उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है. वहीं सिक्किम, असम, अरुणाचल प्रदेश और तमिलनाडु में हल्की बारिश हो सकती है.

उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में कोल्ड डे

स्काइमेट वेदर के अनुसार, उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों और राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के अलग-अलग इलाकों में सुबह और रात के दौरान घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है. वहीं बिहार, उत्तरी मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत के अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा नजर आ सकता है. उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में कोल्ड डे से लेकर सीवियर कोल्ड डे की स्थिति बन सकती है.

विज्ञापन
Amitabh Kumar

लेखक के बारे में

By Amitabh Kumar

डिजिटल जर्नलिज्म में 14 वर्षों से अधिक का अनुभव है. करियर की शुरुआत Prabhatkhabar.com से की. राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर अच्छी पकड़ है. राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर गहन लेखन का अनुभव रहा है. तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विश्लेषणात्मक लेखन में विशेष रुचि है. ट्रेंडिंग और ब्रेकिंग खबरों पर लगातार फोकस रहता है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन