Weather Forecast: इन राज्यों में होगी बारिश, जानें यूपी-बिहार सहित अन्य राज्यों के मौसम का हाल
Weather Forecast: स्कइमेट वेदर के अनुसार उत्तर-पूर्वी बिहार के ऊपर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है. एक संबद्ध चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 7.6 किमी ऊपर तक फैला हुआ है. औसत समुद्र तल पर मानसून ट्रफ अमृतसर, अंबाला, सुल्तानपुर, पटना, मालदा और फिर पूर्व की ओर मणिपुर से होकर गुजर रही है.

दिल्ली के कई इलाकों में गुरुवार को हल्की बारिश हुई. राष्ट्रीय राजधानी से सटे गाजियाबाद और नोएडा के कुछ हिस्सों में भी बारिश हुई. मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों में राष्ट्रीय राजधानी में आमतौर पर बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना है.

स्कइमेट वेदर के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, असम के कुछ हिस्सों और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है. उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है.

स्कइमेट वेदर के अनुसार बिहार के शेष हिस्सों, गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा के कुछ हिस्सों, तेलंगाना, कोंकण और गोवा, तटीय कर्नाटक, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं. दक्षिणी मध्य प्रदेश, गुजरात, विदर्भ, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, पंजाब, जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हल्की बारिश हो सकती है.

मौसम केंद्र उत्तराखंड की राजधानी देहरादून द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान में टिहरी, देहरादून और पौड़ी जिलों में 10 से 14 अगस्त तक बारिश का ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है जबकि चंपावत, नैनीताल और उधमसिंह नगर जिले में 10 और 11 अगस्त के लिए ‘आरेंज अलर्ट’ तथा 12 से 14 अगस्त के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है. प्रदेश के इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने संबंधित जिलाधिकारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिये हैं.

पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले दो दिन में बिहार के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है. इस बीच बिहार सरकार ने राज्य की कई नदियों में जलस्तर बढ़ने के मद्देनजर संबंधित विभाग के अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया है.

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के मुताबिक उत्तर प्रदेश में 11 अगस्त को कई जगह बादल बरसेंगे. इस दौरान पश्चिमी यूपी में और पूर्वांचल में कुछ जगहों पर बारिश होने के आसार हैं. पूर्वी उत्तर प्रदेश में एक दो जगहों पर तेज बारिश होने की भी चेतावनी है. मौसम विभाग के मुताबिक मऊ, बलिया, देवरिया, संतकबीरनगर और बस्ती के साथ ही आसपास इलाकों में तेज बारिश हो सकती है. इसके साथ ही करीब 28 जिलों में बादल गरजने के साथ ही आकाशीय बिजली बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Amitabh Kumar
अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










