Weather Forecast: कांप रहा उत्तर भारत, मध्य और पूर्वोत्तर में भी हाड़ कंपाने वाली सर्दी, शीतलहर और कोहरे ने बढ़ाई परेशानी
Published by : Pritish Sahay Updated At : 09 Jan 2026 5:35 AM
उत्तर, मध्य और पूर्वोत्तर भारत में हाड़ कंपाने वाली सर्दी
Weather Forecast: देश के कई हिस्सों में कड़ाके की सर्दी का दौर जारी है. कई हिस्सों में शीतलहर और घने कोहरे का भी प्रकोप है. आईएमडी के मुताबिक अगले 5 से 7 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत, मध्य भारत, पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कई इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है.
Weather Forecast: भारत मौसम विज्ञान विभाग का अनुमान है कि उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में आगामी दिनों में सर्दी और बढ़ेगी. शीतलहर का प्रकोप भी जारी रह सकता है और कई इलाकों में घने से बहुत घना कोहरा छाए रहे सकते हैं. मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान समेत कई जगहों के लिए शीत लहर का पूर्वानुमान जताया है. आईएमडी के मुताबिक अगले 5 से 7 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत, मध्य भारत, पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कई इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है.
कश्मीर में कड़ाके की ठंड
कश्मीर में कड़ाके की ठंड का प्रकोप और बढ़ गया है. घाटी के अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट आ गई है. मौसम विभाग के मुताबिक ठंड के कारण डल झील समेत कई जलाशयों के किनारों में पानी जमने लगे हैं. आईएमडी के मुताबिक श्रीनगर में बीती रात न्यूनतम तापमान शून्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. वहीं गुलमर्ग में रात का तापमान शून्य से 9.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा जो इस सर्दी में गुलमर्ग में अब तक का सबसे कम रात का तापमान है.
बिहार में अगले 24 घंटे तक शीतलहर
बिहार मौसम सेवा केंद्र ने अनुमान जाहिर किया है कि बिहार में अगले दो दिनों तक शीतलहर की स्थिति बने रहने की संभावना है. BMSK के अनुसार राज्य के अधिकतर जिलों में कम तापमान के साथ मध्यम से तेज गति से हवा चलने के कारण ठिठुरन बनी रहेगी. गया जिले के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. राजधानी पटना में पारा 9 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया, जबकि भागलपुर जिले के सबौर क्षेत्र में 4.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से काफी नीचे है. ठंड के अलावा पटना, दरभंगा, बेगूसराय और आसपास के कई जिलों में घना कोहरा जम रहा है. जिसके कारण दृश्यता काफी कम हो गई. सड़क और रेल परिवहन भी प्रभावित हुआ है.
राजस्थान के कई हिस्सों में शीतलहर, घना कोहरा
राजस्थान के कई इलाकों में शीतलहर का प्रकोप जारी है. मौसम केंद्र जयपुर ने गुरुवार को बताया कि बीते चौबीस घंटे में राज्य के कई इलाकों में घने से बहुत घना कोहरा छाया रहा. भारत मौसम विभाग के अनुसार बीते चौबीस घंटे में न्यूनतम तापमान सीकर में 2.5 डिग्री, जैसलमेर में 3.3 डिग्री, माउंट आबू में 4.6 डिग्री, झुंझुनू में 4.7 डिग्री, सिरोही में 4.9 डिग्री, चूरू में 5.2 डिग्री, फतेहपुर में 5.5 डिग्री व गंगानगर में 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अगले सप्ताह मौसम शुष्क रहने और आगामी कुछ दिन कुछ भागों में सुबह के समय घने से अति घना कोहरा और कोल्ड डे रहने की संभावना है.
शीत लहर की चेतावनी के बीच रांची में स्कूल 10 जनवरी तक बंद
झारखंड के कई जिलों में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है. राजधानी रांची का भी ठंड से बुरा हाल है. जिला प्रशासन ने शीतलहर और ठंड को देखते हुए सभी स्कूल 10 जनवरी तक बंद रहने का आदेश दिया है. आईएमडी ने रांची सहित 13 जिलों के लिए शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है. गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, लातेहार, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो, गुमला, खूंटी, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में कड़ाके की ठंड पड़ रही है. रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने कहा झारखंड में निचले क्षोभमंडल स्तर में उत्तर-पश्चिमी हवा के कारण ठंड की स्थिति पैदा हुई है. अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान अपरिवर्तित रहने की संभावना है और उसके बाद अगले तीन दिनों के दौरान इसमें तीन डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है.
ओडिशा में शीत लहर की चेतावनी जारी की
ओडिशा के मयूरभंज जिले के सिमलीपाल राष्ट्रीय उद्यान में पारा शून्य डिग्री सेल्सियस तक गिर गया. आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक यूएस दास ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि भुवनेश्वर में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. दास के अनुसार भुवनेश्वर में जनवरी की सबसे ठंडी रात पांच जनवरी 1992 को दर्ज की गई थी जब पारा 8.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था. इसके बाद 17 जनवरी 2003 को नौ डिग्री सेल्सियस और 15 जनवरी 2012 को 9.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pritish Sahay
प्रीतीश सहाय, इन्हें इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव है. ये वर्तमान में प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं. मीडिया जगत में अपने अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण विषयों पर काम किया है और डिजिटल पत्रकारिता की बदलती दुनिया के साथ खुद को लगातार अपडेट रखा है. इनकी शिक्षा-दीक्षा झारखंड की राजधानी रांची में हुई है. संत जेवियर कॉलेज से ग्रेजुएट होने के बाद रांची यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. इसके बाद लगातार मीडिया संस्थान से जुड़े रहे हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत जी न्यूज से की थी. इसके बाद आजाद न्यूज, ईटीवी बिहार-झारखंड और न्यूज 11 में काम किया. साल 2018 से प्रभात खबर के साथ जुड़कर काम कर रहे हैं. प्रीतीश सहाय की रुचि मुख्य रूप से राजनीतिक खबरों, नेशनल और इंटरनेशनल इश्यू, स्पेस, साइंस और मौसम जैसे विषयों में रही है. समसामयिक घटनाओं को समझकर उसे सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की इनकी हमेशा कोशिश रहती है. वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन करते रहे हैं. इसके साथ ही विज्ञान और अंतरिक्ष से जुड़े विषयों पर भी लिखते हैं. डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में काम करते हुए उन्होंने कंटेंट प्लानिंग, न्यूज प्रोडक्शन, ट्रेंडिंग टॉपिक्स जैसे कई क्षेत्रों में काम किया है. तेजी से बदलते डिजिटल दौर में खबरों को सटीक, विश्वसनीय और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करना पत्रकारों के लिए चुनौती भी है और पेशा भी, इनकी कोशिश इन दोनों में तालमेल बनाते हुए बेहतर और सही आलेख प्रस्तुत करना है. वे सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की जरूरतों को समझते हुए कंटेंट तैयार करते हैं, जिससे पाठकों तक खबरें प्रभावी ढंग से पहुंच सकें. इंटरनेशनल विषयों में रुचि होने कारण देशों के आपसी संबंध, वार अफेयर जैसे मुद्दों पर लिखना पसंद है. इनकी लेखन शैली तथ्यों पर आधारित होने के साथ-साथ पाठकों को विषय की गहराई तक ले जाने का प्रयास करती है. वे हमेशा ऐसी खबरों और विषयों को प्राथमिकता देते हैं जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लिहाज से महत्वपूर्ण हों. रूस यूक्रेन युद्ध, मिडिल ईस्ट संकट जैसे विषयों से लेकर देश की राजनीतिक हालात और चुनाव के दौरान अलग-अलग तरह से खबरों को पेश करते आए हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










