Weather Update : दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज, पश्चिमी यूपी में हल्की से मध्यम बारिश
New Delhi: A commuter rides his bicycle on a road during heavy rain in New Delhi, Thursday, July 29, 2021. (PTI Photo/Ravi Choudhary)(PTI07_29_2021_000256B)
Weather LIVE,3 August,Aaj ka Mausam : देश के कई राज्यों में बारिश और बाढ़ का कहर नजर आ रहा है. मौसम विभाग ने राजस्थान और मध्य प्रदेश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. झारखंड, बिहार, यूपी और दिल्ली (Jharkhand,Bihar,UP,Delhi Rain) में भारी बारिश के आसार हैं. जानें मौसम का हाल
दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार सापेक्ष आर्द्रता 65 प्रतिशत दर्ज की गई. अधिकारियों ने कहा कि दिल्ली में सुबह तापमान एक डिग्री सेल्सियस कम था और न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. आईएमडी के अनुसार, सुबह सापेक्ष आर्द्रता 68 प्रतिशत थी. मंगलवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में बारिश होने की उम्मीद थी.
पश्चिमी यूपी में हल्की से मध्यम बारिश
पूर्वी उत्तर प्रदेश में छिटपुट और पश्चिमी यूपी के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई और गरज के साथ बौछारें पड़ीं. मौसम विभाग के बुलेटिन के अनुसार, राज्य में अधिकतम तापमान 35.0 डिग्री सेल्सियस बस्ती वेधशाला में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान झांसी वेधशाला में 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने 4 अगस्त को राज्य के कुछ स्थानों पर बारिश-गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है.
एमपी में बाढ़ से भारी तबाही, पीएम ने दिया हरसंभव मदद का आश्वासन
मध्य प्रदेश में बाढ़ प्रभावित शिवपुरी जिले में मंगलवार को लगभग 24 घंटे तक पेड़ पर फंसे तीन लोगों के अलावा पांच अन्य लोगों को भारी बारिश के बीच बचाव दल द्वारा बचाया गया. अधिकारियों ने बताया कि ग्वालियर-चंबल संभाग में भारी बारिश से 1,171 गांव प्रभावित हुए हैं. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्थिति की जानकारी दी. प्रधानमंत्री ने प्रदेश को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है.
राजस्थान में भारी बारिश के कारण बांधों का जलस्तर बढ़ा
राजस्थान में पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वी हिस्सों के लगभग सभी स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज हुई है. जबकि बारां, सवाईमाधोपुर जिलों में एक दो स्थानों पर अति भारी बारिश और करौली, झालावाड़, दौसा, टोंक बूंदी, कोटा व जयपुर में भारी बारिश दर्ज की गई. बारिश के कारण राज्य की कुछ नदियों/बांधों का जलस्तर बढ़कर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है.
मध्य प्रदेश में भारी बारिश, लगभग 1100 गांव प्रभावित
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कई जिलों में भारी बारिश हुई है. शिवपुरी भारी बारिश का केंद्र बना हुआ है. लगभग 1100 गांव प्रभावित हैं. इनमें 200 गांव ज्यादा प्रभावित हैं और 22 गांव घिरे हुए हैं. कल हमने एयरफोर्स के हेलीकॉप्टर बुला लिए थे. वे लगातार लोगों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं.
महाराष्ट्र कैबिनेट ने बाढ़ से हुए नुकसान के लिए की 11,500 करोड़ रुपये के पैकेज की घोषणा
महाराष्ट्र मुख्यमंत्री कार्यालय ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य मंत्रिमंडल ने हाल ही में भारी बारिश के कारण राज्य में बाढ़ से हुए नुकसान के लिए आपातकालीन राहत, मरम्मत और अन्य दीर्घकालिक उपायों के लिए 11,500 करोड़ रुपये के खर्च को आज मंजूरी दी.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए