मानदेय बढ़ाने व लंबित भुगतान की मांग को लेकर कैडर दीदियों का धरना
जेएसएलपीएस की कैडर दीदियों ने विभिन्न मांगों को लेकर हजारीबाग समाहरणालय के समक्ष धरना दिया. उनका कहना है कि काम के दबाव के अनुरूप मानदेय नहीं मिल रहा है. उन्होंने मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि और लंबित भुगतानों के शीघ्र भुगतान की माँग की है.
हजारीबाग. विभिन्न मांगों को लेकर झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) की कैडर दीदियों ने शुक्रवार को समाहरणालय गेट के समक्ष धरना दिया. इसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों से दर्जनों की संख्या में कैडर दीदियां शामिल हुईं. धरना के दौरान मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि, लंबित मानदेय का भुगतान समेत अन्य मांगें रखी गयीं.
कैडर दीदियों ने कहा कि काम का दबाव लगातार बढ़ रहा है, लेकिन इसके अनुरूप मानदेय नहीं मिल रहा है. उन्होंने कुशल कैडर के लिए न्यूनतम 800 रुपये प्रतिदिन और अकुशल कैडर के लिए 400 रुपये प्रतिदिन मानदेय निर्धारित करने की मांग की. वहीं, प्रखंड स्तरीय कर्मियों का मानदेय 26 हजार रुपये तक करने की मांग भी रखी गयी.
इसके अलावा लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान, कार्य क्षेत्र की दूरी के अनुसार यात्रा भत्ता (टीए), प्रतिमाह तीन से चार हजार रुपये मोबाइल खर्च और इपीएफ जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गयी.
धरना स्थल पर सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने आंदोलनरत जेएसएलपीएस की दीदियों से मुलाकात की. उन्होंने कहा कि उनकी मांगें जायज हैं. जेएसएलपीएस कर्मी कम मानदेय में काम कर रहे हैं और कई मामलों में समय पर भुगतान भी नहीं होता है. उन्होंने कहा कि कई दीदियों को महीने में मात्र 500 रुपये मानदेय मिलता है और वह भी छह माह से बकाया है. यह गंभीर मामला है. सरकार को इस पर ध्यान देकर शीघ्र समाधान करना चाहिए.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए