बंद हो चुकी कंपनी के नाम पर नकली तंबाकू बेचने का आरोप, बरही में दो दुकानों पर छापेमारी
बरही पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली गुटखा और तंबाकू बेचने वाली दो दुकानों पर छापा मारा है. पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में संदिग्ध उत्पाद बरामद किए हैं, जिसपर निर्माण व एक्सपायरी तिथि अंकित नहीं थी.
बरही. गुटखा व तंबाकू निर्माणकर्ता कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी से प्राप्त लिखित शिकायत के आधार पर बरही पुलिस ने दो दुकानों में छापेमारी की. इस दौरान पुलिस ने 523 पैकेट तंबाकू बरामद किया. संदीप सेठ की दुकान से पीले रंग के 505 पैकेट तंबाकू बरामद हुए. पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि उसने तंबाकू नरेश प्रसाद स्टोर से खरीदा था. इसके बाद पुलिस ने नरेश प्रसाद स्टोर में छापेमारी की, जहां से नीले रंग के 18 पैकेट गुटखा बरामद हुए.
इस संबंध में बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर ने बताया कि बरामद गुटखा व तंबाकू के पैकेट और पाउच पर निर्माण व एक्सपायरी तिथि अंकित नहीं थी. उस पर उत्पादक के रूप में ऐसी कंपनी का नाम अंकित है, जो वर्ष 2025 में बंद हो चुकी थी. दुकान संचालक संदीप सेठ और नरेश प्रसाद के विरुद्ध ब्रांड नाम की चोरी कर नकली सामान बनाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
कंपनी के प्रतिनिधि ने आरोप लगाया था कि बरही के खाद्य सामग्री थोक विक्रेता संदीप सेठ उनकी बंद हो चुकी कंपनी के उत्पाद के नाम पर नकली गुटखा व तंबाकू बनाकर अपनी दुकान में बेच रहा है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए