Weather Forecast: इन राज्यों में गर्मी से अभी नहीं मिलेगी राहत, हीट वेव का अलर्ट, जानिए कहां होगी बारिश
Published by : Pritish Sahay Updated At : 27 Apr 2024 5:59 PM
Weather Forecast
Weather Forecast: दिल्ली, बिहार, झारखंड, ओडिशा समेत कई राज्यों में भीषण गर्मी पड़ रही है. मौसम विभाग ने यहां हीट वेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. हालांकि आईएमडी ने कहा है कि उत्तर भारत में कई जगहों पर आंधी बारिश के कारण लू की संभावना कम है.
Weather Forecast: पूरे देश में गर्मी का प्रकोप दिखने लगा है. हालांकि पश्चिमी विक्षोभ समेत अन्य मौसम गतिविधियों के कारण कुछ राज्यों में बारिश देखने को मिल रही है. इस कारण उत्तर भारत में लू की संभावना कम हो गई है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की वैज्ञानिक सोमा सेन रॉय ने कहा है कि आंधी-तूफान की गतिविधियों में जिस तरह इजाफा हुआ है उससे उत्तर भारत में लू चलने की संभावना कम है. एएनआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक बीते दिन कई इलाकों में तूफान संबंधित गतिविधियां देखने को मिली. हरियाणा, मध्य प्रदेश और राजस्थान जैसे राज्यों में ओलावृष्टि भी हुई. ऐसे में आईएमडी के मौसम वैज्ञानिक का कहना है कि इन तूफानी गतिविधियों के कारण लू चलने की संभावना कम है.
तापमान में चार से पांच डिग्री की कमी
आईएमडी ने कहा कि उत्तर भारत के कई राज्यों में तूफानी गतिविधियों के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. मौसम विभाग ने कहा है कि आने वाले दिनों में तापमान में चार से पांच डिग्री सेल्सियस तक की कमी हो सकती है. ऐसे में हीट वेव की संभावना नहीं बन रही है. आईएमडी ने कहा कि कई इलाकों में तेज धूल भरी हवाएं चल रही हैं, इस कारण कई जगहों के लिए IMD ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. सोमा सेन रॉय ने कहा है कि 29 अप्रैल से मैदानी इलाकों में गरज के साथ बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा समेत पश्चिमी हिमालय क्षेत्र के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
जम्मू कश्मीर में बारिश
जम्मू कश्मीर में बारिश हो रही है. प्रदेश के उधमपुर में मौसम में काफी बदलाव देखा गया है. वहीं तेज बारिश और हवा के झोंके से तापमान में गिरावट आ गयी है.
भूस्खलन से कई घर क्षतिग्रस्त
जम्मू कश्मीर में बारिश के साथ-साथ भूस्खलन हो रहा है. रामबन के पेरनोट गांव में लगातार हो रहे भूस्खलन से सड़कें, घर और बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई हैं. रामबन के अतिरिक्त उपायुक्त वरुणजीत सिंह चरक ने कहा है कि 50 से 55 परिवार भूस्खलन से प्रभावित हुए हैं. एक किमी के दायरे में सभी घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं. कुछ पूरी तरह से टूट गये हैं.
पूर्वी उत्तर प्रदेश में लू चलने के आसार
मौसम वैज्ञानिक सोमा सेन रॉय ने कहा है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में लू चलने के आसार हैं. उन्होंने कहा कि पूर्वी भारत, गंगीय पश्चिम बंगाल और उड़ीसा में हीट वेव की स्थिति बनी हूई है. सोमा सेन रॉय ने कहा है कि इन इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच सकता है. उन्होंने कहा कि 45 से 47 डिग्री सेल्सियस तक तापमान पहुंच सकता है. उन्होंने कहा कि बीते कई दिनों से पश्चिम बंगाल और उड़ीसा में हीट वेव की स्थिति बनी हुई है.
झारखंड में लू का प्रकोप
झारखंड में हीट वेव चल रहा है. मौसम विभाग ने प्रदेश के 11 जिलों में हीट वेव (HEAT WAVE) को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. विभाग ने कहा है कि अगले तीन दिनों तक प्रदेश के लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 27 अप्रैल से 30 अप्रैल तक राज्य के अधिकतर जिलों में लू का प्रकोप दिखेगा.
बिहार में प्रचंड गर्मी
झारखंड के साथ-साथ बिहार में भी प्रचंड गर्मी पड़ रही है. राजस्थान से आ रही उत्तरी-पछुआ शुष्क हवा ने प्रदेश में गर्मी बढ़ा दी है. भीषण गर्मी के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त व्यस्त हो गया है. राज्य के 25 जिलों का तापमान शुक्रवार को 40 डिग्री से अधिक रहा. गर्मी का आलम यह है कि दोपहर में सड़कें पूरी तरह सुनसान हो जा रही है. वहीं तापमान बढ़ने कारण अगलगी की घटना भी बढ़ गई है.
कहां होगी बारिश
स्काईमेट वेदर के मुताबिक, अगले 2 दिनों के दौरान पश्चिमी हिमालय के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है. 27 और 28 अप्रैल को जम्मू कश्मीर, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है. इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है. पूर्वोत्तर भारत में हल्की बारिश के साथ एक या दो मध्यम बारिश हो सकती है. विदर्भ, मराठवाड़ा, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और दक्षिण ओडिशा के कुछ हिस्सों में बारिश और तेज हवाएं चल सकती है. पंजाब के उत्तरी हिस्सों में हल्की दो बार मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं.
Also Read: Lok Sabha Election 2024: पूनम महाजन का कटा टिकट, अब मुंबई नार्थ सेंट्रल से उज्जवल निकम लड़ेंगे चुनाव
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pritish Sahay
प्रीतीश सहाय, इन्हें इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव है. ये वर्तमान में प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं. मीडिया जगत में अपने अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण विषयों पर काम किया है और डिजिटल पत्रकारिता की बदलती दुनिया के साथ खुद को लगातार अपडेट रखा है. इनकी शिक्षा-दीक्षा झारखंड की राजधानी रांची में हुई है. संत जेवियर कॉलेज से ग्रेजुएट होने के बाद रांची यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. इसके बाद लगातार मीडिया संस्थान से जुड़े रहे हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत जी न्यूज से की थी. इसके बाद आजाद न्यूज, ईटीवी बिहार-झारखंड और न्यूज 11 में काम किया. साल 2018 से प्रभात खबर के साथ जुड़कर काम कर रहे हैं. प्रीतीश सहाय की रुचि मुख्य रूप से राजनीतिक खबरों, नेशनल और इंटरनेशनल इश्यू, स्पेस, साइंस और मौसम जैसे विषयों में रही है. समसामयिक घटनाओं को समझकर उसे सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की इनकी हमेशा कोशिश रहती है. वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन करते रहे हैं. इसके साथ ही विज्ञान और अंतरिक्ष से जुड़े विषयों पर भी लिखते हैं. डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में काम करते हुए उन्होंने कंटेंट प्लानिंग, न्यूज प्रोडक्शन, ट्रेंडिंग टॉपिक्स जैसे कई क्षेत्रों में काम किया है. तेजी से बदलते डिजिटल दौर में खबरों को सटीक, विश्वसनीय और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करना पत्रकारों के लिए चुनौती भी है और पेशा भी, इनकी कोशिश इन दोनों में तालमेल बनाते हुए बेहतर और सही आलेख प्रस्तुत करना है. वे सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की जरूरतों को समझते हुए कंटेंट तैयार करते हैं, जिससे पाठकों तक खबरें प्रभावी ढंग से पहुंच सकें. इंटरनेशनल विषयों में रुचि होने कारण देशों के आपसी संबंध, वार अफेयर जैसे मुद्दों पर लिखना पसंद है. इनकी लेखन शैली तथ्यों पर आधारित होने के साथ-साथ पाठकों को विषय की गहराई तक ले जाने का प्रयास करती है. वे हमेशा ऐसी खबरों और विषयों को प्राथमिकता देते हैं जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लिहाज से महत्वपूर्ण हों. रूस यूक्रेन युद्ध, मिडिल ईस्ट संकट जैसे विषयों से लेकर देश की राजनीतिक हालात और चुनाव के दौरान अलग-अलग तरह से खबरों को पेश करते आए हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










