Weather Forecast: बारिश का दौर बीता, अब हाड़ कंपाएगी सर्दी, इन राज्यों में गिरने लगा है पारा
Published by : Pritish Sahay Updated At : 07 Nov 2025 6:27 AM
Weather Forecast
Weather Forecast: देश के कई राज्यों में अब न्यूनतम तापमान में गिरावट आ रही है. ठंड बढ़ने लगी है. उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में सुबह और शाम ठिठुरन बढ़ गई है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 10 दिनों में दिल्ली, यूपी, राजस्थान, बिहार, झारखंड समेत कई और इलाकों में सर्दी का पारा दो से तीन डिग्री तक गिर सकता है.
Weather Forecast: देश के कई राज्यों में मौसम करवट लेने वाला है. भारी बारिश के बाद अब सर्दी का दौर शुरू होगा. आईएमडी का अनुमान है कि उत्तर भारत समेत कई और राज्यों में न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट आ सकती है. हिमाचल और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है. दिल्ली, यूपी, राजस्थान, हरियाणा, बिहार, झारखंड समेत कई और राज्यों में ठंड में इजाफा हो गया है. सुबह और शाम के तापमान में गिरावट आ गई है. मौसम विभाग का अनुमान है कि इस सप्ताह उत्तर भारत के कई राज्यों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है.
दिल्ली में न्यूनतम तापमान में गिरावट (Delhi Weather)
राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को सबसे कम तापमान 12.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इस सर्दी में पहली बार न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे गया. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक यह तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम था. पालम निगरानी स्टेशन ने अधिकतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया. दिल्ली में अचानक बढ़ी ठंड का कारण मौसम अधिकारियों ने पश्चिमी हिमालय में बर्फबारी और उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं को बताया. वहीं मौसम विभाग का अनुमान है कि इस अगले 10 दिनों के अंतर दिल्ली में न्यूनतम तापमान में और कमी आएगी. आईएमडी के मुताबिक शुक्रवार को आसमान साफ रह सकता है. अधिकतम तापमान 27 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
राजस्थान में और गिरेगा न्यूनतम तापमान (Rajasthan Cold Weather)
मौसम विभाग का अनुमान है कि राजस्थान में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रह सकता है. तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने का अनुमान है. मौसम केंद्र जयपुर ने गुरुवार को कहा राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने साथ ही उत्तरी हवाओं के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में एक-दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने के आसार हैं.
हिमाचल प्रदेश में शीतलहर का प्रकोप जारी (Himachal Pradesh Cold Wave)
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों गुरुवार को शीतलहर का प्रकोप जारी रहा. मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक बुधवार रात कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान में काफी ज्यादा गिरावट दर्ज की गई. केलोंग में तापमान शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे गिर गया. जबकि, कुकुमसेरी में शून्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस और कल्पा में शून्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में सर्दी बढ़ने के साथ न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी, लेकिन अगले सात दिनों तक राज्य में शुष्क मौसम रहने की संभावना है.
उत्तराखंड में चारधाम क्षेत्रों में बढ़ी सर्दी (Uttarakhand Weather)
उत्तराखंड के कई हिस्सों में बीते दिनों बर्फबारी दर्ज की गई. राज्य के केदारनाथ, बद्रीनाथ समेत कई और इलाकों में बर्फबारी हुई. बर्फबारी के कारण प्रदेश में न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है. मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में ठंड का पारा और गिरेगा.
इसे भी पढ़ेंः झारखंड में अगले पांच दिन कैसा रहेगा मौसम? कृषि वैज्ञानिकों और चिकित्सकों ने जारी की चेतावनी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pritish Sahay
प्रीतीश सहाय, इन्हें इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव है. ये वर्तमान में प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं. मीडिया जगत में अपने अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण विषयों पर काम किया है और डिजिटल पत्रकारिता की बदलती दुनिया के साथ खुद को लगातार अपडेट रखा है. इनकी शिक्षा-दीक्षा झारखंड की राजधानी रांची में हुई है. संत जेवियर कॉलेज से ग्रेजुएट होने के बाद रांची यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. इसके बाद लगातार मीडिया संस्थान से जुड़े रहे हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत जी न्यूज से की थी. इसके बाद आजाद न्यूज, ईटीवी बिहार-झारखंड और न्यूज 11 में काम किया. साल 2018 से प्रभात खबर के साथ जुड़कर काम कर रहे हैं. प्रीतीश सहाय की रुचि मुख्य रूप से राजनीतिक खबरों, नेशनल और इंटरनेशनल इश्यू, स्पेस, साइंस और मौसम जैसे विषयों में रही है. समसामयिक घटनाओं को समझकर उसे सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की इनकी हमेशा कोशिश रहती है. वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन करते रहे हैं. इसके साथ ही विज्ञान और अंतरिक्ष से जुड़े विषयों पर भी लिखते हैं. डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में काम करते हुए उन्होंने कंटेंट प्लानिंग, न्यूज प्रोडक्शन, ट्रेंडिंग टॉपिक्स जैसे कई क्षेत्रों में काम किया है. तेजी से बदलते डिजिटल दौर में खबरों को सटीक, विश्वसनीय और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करना पत्रकारों के लिए चुनौती भी है और पेशा भी, इनकी कोशिश इन दोनों में तालमेल बनाते हुए बेहतर और सही आलेख प्रस्तुत करना है. वे सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की जरूरतों को समझते हुए कंटेंट तैयार करते हैं, जिससे पाठकों तक खबरें प्रभावी ढंग से पहुंच सकें. इंटरनेशनल विषयों में रुचि होने कारण देशों के आपसी संबंध, वार अफेयर जैसे मुद्दों पर लिखना पसंद है. इनकी लेखन शैली तथ्यों पर आधारित होने के साथ-साथ पाठकों को विषय की गहराई तक ले जाने का प्रयास करती है. वे हमेशा ऐसी खबरों और विषयों को प्राथमिकता देते हैं जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लिहाज से महत्वपूर्ण हों. रूस यूक्रेन युद्ध, मिडिल ईस्ट संकट जैसे विषयों से लेकर देश की राजनीतिक हालात और चुनाव के दौरान अलग-अलग तरह से खबरों को पेश करते आए हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










