ePaper

कोरोना से मौत पर सियासी कोहराम जारी : संबित पात्रा ने कहा, WHO का डेटा और कांग्रेस का बेटा दोनों गलत

Updated at : 06 May 2022 5:41 PM (IST)
विज्ञापन
कोरोना से मौत पर सियासी कोहराम जारी : संबित पात्रा ने कहा, WHO का डेटा और कांग्रेस का बेटा दोनों गलत

भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि डब्ल्यूएचओ की ओर से जारी आंकड़ों को लेकर पूरे विश्व में हिन्दुस्तान के बारे में एक भ्रामक स्थिति फैलाने की कोशिश की गई है.

विज्ञापन

नई दिल्ली : विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की ओर से कोरोना वायरस के संक्रमण से हुई मौत का आंकड़ा जारी करने के बाद भारत में राजनीतिक कोहराम मचा हुआ है. विश्व स्वास्थ्य संगठन के आंकड़ों पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के बयान पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने शुक्रवार को कहा कि डब्ल्यूएचओ का डेटा और कांग्रेस का बेटा, दोनों गलत हैं. उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस से हुई मौतों को लेकर विश्व स्वास्थ्य संगठन की ओर से जारी आंकड़े गलत हैं और भारत सरकार ने इस संबंध में डब्ल्यूएचओ के सामने अपनी आपत्ति दर्ज करा दी है.

हिंदुस्तान के बारे में भ्रम फैलाने की कोशिश जारी

नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पार्टी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि डब्ल्यूएचओ की ओर से जारी आंकड़ों को लेकर पूरे विश्व में हिन्दुस्तान के बारे में एक भ्रामक स्थिति फैलाने की कोशिश की गई है. पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी लगातार भारत को नीचा दिखाने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने समय-समय पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर आक्रमण करते हुए भारत को नीचा दिखाया है.

जन्म और मौत के डेटा रजिस्ट्रेशन के लिए भारत के पास सुदृढ़ सिस्टम

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि मौत और जन्म संबंधी आंकड़ों के रजिस्ट्रेशन के लिए भारत के पास एक सुदृढ़ सिस्टम है. उन्होंने आरोप लगाया कि डब्ल्यूएचओ का ‘डेटा’ और कांग्रेस का ‘बेटा’, दोनों गलत हैं. डब्ल्यूएचओ ने गुरुवार को जारी एक रिपोर्ट में दावा किया था कि भारत में कोरोना वायरस संक्रमण से 47 लाख लोगों की मौत हुई है. यह संख्या भारत के आधिकारिक आंकड़ों से करीब 10 गुना ज्यादा है. वहीं, भारत सरकार ने डब्ल्यूएचओ के आंकड़ों पर सवाल उठाए हैं.

पूरी दुनिया मोदी के प्रबंधन का मानती है लोहा

पात्रा ने दावा किया कि पूरा विश्व मानता है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने जिस तरह कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ लड़ाई लड़ी, वह ‘अद्भुत और अद्वितीय’ होने के साथ-साथ समूची दुनिया के लिए मिसाल थी. उन्होंने कहा कि पर ऐसे में मौत के आंकड़ों पर राजनीति करना.. इससे दुखद और कुछ नहीं हो सकता. भाजपा प्रवक्ता के मुताबिक, देश की जनसंख्या और भौगोलिक स्थिति को देखते हुए भारत ने कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ जो लड़ाई लड़ी, वह कई विकसित देशों से भी बेहतर थी तथा कोविड-रोधी टीकाकरण के मामले में भारत आज एक इतिहास रचता हुआ नजर आ रहा है.

Also Read: कोरोना से डेथ पर WHO के दावे पर आईसीएमआर ने पूछा, संक्रमण से मौत की परिभाषा क्या है?

राहुल गांधी ने आंकड़ों को लेकर पीएम मोदी पर साधा निशाना

इससे पहले, राहुल गांधी ने डब्ल्यूएचओ द्वारा जारी आंकड़ों का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा था. उन्होंने कहा कि ‘विज्ञान झूठ नहीं बोलता, मोदी बोलते हैं.’ राहुल ने ट्वीट किया, ’47 लाख भारतीय नागरिकों की मौत कोविड-19 महामारी से हुई, जबकि सराकर की ओर से 4.8 लाख लोगों की मौत का दावा किया गया है. विज्ञान झूठ नहीं बोलता, मोदी बोलते हैं.’ उन्होंने सरकार से आग्रह करते हुए लिखा, ‘अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना है. ऐसे हर परिवार को चार लाख रुपये की मदद दी जाए.’

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola