नॉर्थ-ईस्टर्न पटका न पहनने को लेकर राहुल गांधी पर राजनीति गरमाई, कांग्रेस ने लिया राजनाथ सिंह का नाम
Published by : Amitabh Kumar Updated At : 27 Jan 2026 12:05 PM
असमिया 'गमोसा' विवाद क्या है? जानें (Photo: PTI)
Rahul Gandhi Patka Controversy : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राहुल गांधी से दो बार एक विशेष पोशाक पहनने को कहा, लेकिन उन्होंने इसे नजरअंदाज कर दिया. कांग्रेस ने इस पूरे मामले को “फर्जी ड्रामा” बताते हुए आरोपों को खारिज किया है. जानें क्या है पूरा मामला.
Rahul Gandhi Patka Controversy : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा आयोजित स्वागत समारोह में सभी मेहमानों को दिया गया असमिया ‘गमोसा’ पहनने से राहुल गांधी के कथित इनकार करने को लेकर एक राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया. भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता ने पूर्वोत्तर का अपमान किया है. भाजपा ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ‘गमोसा’ नहीं पहन कर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रति भी अनादर दिखाया. वहीं, कांग्रेस ने यह कहकर पलटवार किया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी “पटका” नहीं पहना था.
‘बिना शर्त’ माफी की मांग भाजपा ने की
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोमवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के पारंपरिक पटका पहनने से कथित तौर पर इनकार करने को लेकर ‘बिना शर्त’ माफी की मांग की. यह घटनाक्रम ऐसे वक्त सामने आया, जब मीडिया के एक वर्ग ने दावा किया कि गांधी को छोड़कर सभी मेहमानों ने कार्यक्रम में उन्हें भेंट किया गया ‘गमोसा’ पहना था.
मीडिया की कुछ खबरों का हवाला देते हुए, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा–शर्मनाक! राहुल गांधी ने पूर्वोत्तर का अपमान किया और माननीय राष्ट्रपति का भी अनादर किया.
पूर्वोत्तर भारत के लोगों के प्रति अपमानजनक व्यवहार : हिमंत विश्व शर्मा
हिमंत विश्व शर्मा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दावा किया कि पूर्वोत्तर भारत के लोगों के प्रति घोर असंवेदनशील और अपमानजनक व्यवहार करते हुए, राहुल गांधी ने राष्ट्रपति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक पारंपरिक पटका नहीं पहना. पटका, मणिपुर का पारंपरिक ‘स्कार्फ’ है. शर्मा ने कहा कि समय बदल सकता है, लेकिन कांग्रेस पार्टी के सर्वोच्च नेता राहुल गांधी का रवैया अफसोसजनक रूप से अपरिवर्तित नजर आ रहा है… राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से लेकर विदेशी गणमान्य व्यक्तियों तक, सभी ने सम्मान और गर्व के साथ पटका पहना. केवल राहुल गांधी ने ही इससे दूरी बनाई, जिससे पूर्वोत्तर के प्रति उपेक्षा की भावना और मजबूत हुई. मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी को इसके लिए पूर्वोत्तर के लोगों से बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए. क्षेत्र के लोग सम्मान के पात्र हैं.
राजनाथ सिंह की तस्वीर पोस्ट की कांग्रेस ने
वहीं, कांग्रेस ने भाजपा पर पलटवार किया. कांग्रेस के मीडिया और प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने ‘एक्स’ पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की तस्वीर पोस्ट की और असम के मुख्यमंत्री से पूछा कि क्या वह सिंह से पटका न पहनने के लिए भी माफी की मांग करेंगे. खेड़ा ने अपने पोस्ट में सिंह और शर्मा दोनों को टैग करते हुए कहा कि हिमंत विश्व शर्मा क्या आप राजनाथ सिंह से भी माफी मांगने के लिए कहेंगे? या सत्ता विरोधी लहर से निपटने की आपकी पूरी रणनीति ऐसे बेतुके मुद्दों को उठाना है?
कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने भी इस मुद्दे पर भाजपा की आलोचना की और असम के मुख्यमंत्री से पूछा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पूर्वोत्तर का पटका क्यों नहीं पहना.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Amitabh Kumar
अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










