प्रमोद सावंत ने कैबिनेट के आठ मंत्रियों संग ली गोवा के सीएम पद की शपथ, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा रहे मौजूद

पणजी के श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, हरियाणा के मुख्यमंत्री एमएल खट्टर, कर्नाटक सीएम बोम्मई और उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की.
पणजी : गोवा में भाजपा विधायक दल के नेता प्रमोद सावंत ने सोमवार को अपने कैबिनेट के आठ मंत्रियों के साथ शपथ ग्रहण किया. प्रमोद सावंत ने गोवा के मुख्यमंत्री के तौर पर दूसरी बार शपथ ग्रहण किया है. पणजी के श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, हरियाणा के मुख्यमंत्री एमएल खट्टर, कर्नाटक सीएम बोम्मई और उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की. सीएम प्रमोद सावंत के साथ विश्वजीत राणे, मौविन गोडिन्हो, रवि नायक, नीलेश कैबराल, सुभाष सिरोडकर, रोहन खुंटे, गोविंद गौड़े, अतानासियो मोनसेराते ने कैबिनेट मंत्री के तौर शपथ ग्रहण किया.
शपथ ग्रहण समारोह से पहले भाजपा विधायक दल के नेता प्रमोद सावंत ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की. इसके बाद उन्होंने गोवा के राज्यपाल पीएस श्रीधरन पिल्लई से भी मुलाकात की. इस मुलाकात के दौरान उन्होंने कैबिनेट के आठ मंत्रियों की सूची सौंपी. संभावना यह भी जाहिर की जा रही है कि एक महीने के बाद गोवा में चार अन्य मंत्रियों को शपथ दिलाई जा सकती है.
बताते चलें कि गोवा के कैबिनेट में मुख्यमंत्री के अलावा 11 और मंत्री हो सकते हैं. यह दूसरी बार है, जब गोवा के मुख्यमंत्री राजभवन परिसर के बाहर शपथ लिया है. मनोहर पर्रिकर ने 2012 में राज्य की राजधानी पणजी के कैंपल मैदान में मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी, उस वक्त भाजपा सदन में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी.
Also Read: Goa New CM: प्रमोद सावंत ही होंगे गोवा के नए मुख्यमंत्री, शपथ ग्रहण समारोह के बारे में जल्द होगा निर्णय
राज्यपाल पी एस श्रीधरन पिल्लई ने 29 मार्च से नयी विधानसभा का दो दिवसीय सत्र बुलाया है, इस दौरान सावंत को विश्वास मत हासिल करना होगा। सत्र के दौरान विधानसभा का नया अध्यक्ष भी चुना जाएगा, जिसमें विधेयकों को पारित करने और लेखानुदान सहित कई विधायी कार्यों को पूरा किए जाने की उम्मीद है. कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्ष ने जहां विधायक अलेक्सो सिकेरा को अध्यक्ष पद के लिए नामित किया है, वहीं भाजपा के रविवार को अपने उम्मीदवार की घोषणा करने की उम्मीद है.
गौरतलब है कि अभी ही हाल में संपन्न पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने गोवा में 20 सीटों पर जीत हासिल की, जो 40 सदस्यीय सदन में बहुमत से एक कम है. तीन निर्दलीय विधायकों और महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) के दो विधायकों ने भाजपा को समर्थन दिया है. सावंत (48) उत्तरी गोवा के सांखालिम से विधायक हैं. 2017 में जब मनोहर पर्रिकर के नेतृत्व में भाजपा ने अपनी सरकार बनाई तो उन्हें विधानसभा अध्यक्ष चुना गया. उन्होंने पर्रिकर के निधन के बाद मार्च 2019 में पहली बार मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी. सावंत पेशे से एक आयुर्वेद चिकित्सक हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




