IIT दिल्ली में बोले PM मोदी- चिप से जहाज तक भारत में बने, फिर बाबा बागेश्वर का किया जिक्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, फोटो- पीटीआई
IIT दिल्ली के दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छात्रों को आत्मनिर्भर भारत और लगातार सीखते रहने का संदेश दिया. उन्होंने कहा कि चिप से जहाज तक भारत में बनना चाहिए. इसी दौरान छात्रों से हल्के-फुल्के अंदाज में बोले- मैं बाबा बागेश्वर तो नहीं हूं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार (8 अगस्त) को IIT दिल्ली के 57वें दीक्षांत समारोह में युवाओं से तकनीक, उद्योग और अर्थव्यवस्था के हर क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर बनाने में योगदान देने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि तकनीकी प्रगति के कारण दुनिया का शक्ति संतुलन तेजी से बदल रहा है और ऐसे समय में लगातार सीखते रहना सबसे जरूरी है.
IIT दीक्षांत में बोले पीएम मोदी- मैं बाबा बागेश्वर तो नहीं
दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छात्रों से हल्के-फुल्के अंदाज में भविष्य की बात भी कही. पीएम मोदी ने कहा कि हर छात्र के मन में अपने आने वाले कल की तस्वीर जरूर होगी. किसी को पहली नौकरी और सैलरी का इंतजार है, कोई स्टार्टअप शुरू करना चाहता है तो कोई प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करेगा. उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा-मैं बाबा बागेश्वर तो नहीं हूं, लेकिन कुछ तो चलता ही होगा. उन्होंने कहा कि IIT की परीक्षा में सिलेबस तय होता है, लेकिन जिंदगी की परीक्षा अक्सर आउट ऑफ सिलेबस होती है, जहां सवाल भी खुद पहचानने पड़ते हैं.
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आने वाले सालों में दुनिया किस रूप में होगी, इसका निश्चित अनुमान लगाना मुश्किल है. तकनीक, उद्योग और काम करने के तरीके तेजी से बदल रहे हैं. उन्होंने कहा- वैश्विक रणनीतिक समीकरण तेजी से बदल रहा है. वैश्विक शक्ति संतुलन तकनीकी प्रगति की गति के साथ पल-पल बदल रहा है. कोई निश्चित रूप से नहीं कह सकता कि अगले 20 या 30 वर्षों में दुनिया कैसी होगी. पीएम मोदी ने छात्रों से कहा कि बदलती दुनिया में वही लोग आगे बढ़ेंगे, जो लगातार सीखते और खुद को नई परिस्थितियों के अनुसार तैयार करते रहेंगे.
पीएम मोदी ने कहा- आपके फैसलों का विकसित भारत पर पड़ेगा असर
प्रधानमंत्री ने युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि आने वाले तीन दशकों में उनके फैसले देश के भविष्य को प्रभावित करेंगे. उन्होंने कहा- अगले 30 से 35 सालों में आप जो कुछ भी करेंगे, उसका असर विकसित भारत की ओर हमारी यात्रा पर पड़ेगा. आपके हर निर्णय का आधार यह होना चाहिए कि इससे देश को क्या लाभ होगा और देश की कौन-सी जरूरत पूरी होगी.
चिप से लेकर जहाज तक भारत में बने- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने आत्मनिर्भरता को विकसित भारत की मजबूत नींव बताया. उन्होंने कहा कि भारत आर्थिक, तकनीकी और औद्योगिक क्षेत्रों में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है. उन्होंने कहा- चिप से लेकर जहाज तक, सब कुछ यहीं और आपके अपने हाथों से बनाया जाएगा.
प्रधानमंत्री ने ड्रोन क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि आज ड्रोन का इस्तेमाल खेती, दवाइयों की डिलीवरी और देश की सुरक्षा तक में हो रहा है. उन्होंने युवाओं से इस क्षेत्र में नई संभावनाएं तलाशने की अपील की.
PM मोदी ने रिसर्च पर भी दिया जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने छात्रों को शोध और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया. उन्होंने प्रधानमंत्री अनुसंधान फेलोशिप, अनुसंधान, विकास और नवाचार योजना और राष्ट्रीय अनुसंधान फाउंडेशन जैसी सरकारी पहलों का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि रिसर्च क्षेत्र के लिए एक लाख करोड़ रुपये तक की धनराशि की व्यवस्था की जा रही है. साथ ही वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन पहल के जरिए प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं तक देशभर के छात्रों और शोधकर्ताओं की पहुंच आसान बनाई जा रही है.
मेधावी छात्रों को किया सम्मानित
IIT दिल्ली के 57वें दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री मोदी ने मेधावी छात्रों को राष्ट्रपति स्वर्ण पदक, निदेशक स्वर्ण पदक, शंकर दयाल शर्मा स्वर्ण पदक और परफेक्ट टेन स्वर्ण पदक समेत संस्थान के प्रमुख सम्मान प्रदान किए.
Also Read: दूसरे दौर की वार्ता में भी नहीं बनी सहमति, छात्रों का विधानसभा घेराव 10 अगस्त को
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रीतीश सहाय
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










