पीएम मोदी ने जम्मू-कश्मीर को दी 20 हजार करोड़ की सौगात, बोले- विकास के लिए तेजी से चल रहा काम

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 24 Apr 2022 4:50 PM

विज्ञापन

अनुच्छेद 370 के ज्यादातर प्रावधानों को 2019 में हटाने के बाद जम्मू कश्मीर की पहली यात्रा पर आये पीएम मोदी ने यहां नजदीक स्थित पल्ली में कनेक्टिविटी, बिजली से संबंधित 20,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास या उद्घाटन किया.

विज्ञापन

सांबा (जम्मू कश्मीर): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर के विकास को नयी गति देने के लिए काम तेज रफ्तार से चल रहा है. अनुच्छेद 370 के ज्यादातर प्रावधानों को 2019 में हटाने के बाद जम्मू-कश्मीर की पहली यात्रा पर आये पीएम मोदी ने यहां नजदीक स्थित पल्ली में कनेक्टिविटी, बिजली से संबंधित 20,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास या उद्घाटन किया. पंचायती राज दिवस के मौके पर देश भर की ग्राम सभाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थाएं लोकतंत्र की भावना को मजबूत करती है.

बड़ी संख्या में युवाओं को मिलेगा रोजगार

प्रधानमंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के विकास को नयी गति देने के लिए केंद्रशासित प्रदेश में तेजी से काम चल रहा है. इन प्रयासों से जम्मू कश्मीर के युवाओं को बड़ी संख्या में रोजगार मिलेगा. मोदी ने कहा कि यह बड़े गर्व की बात है कि ऐसे समय में, जब जम्मू कश्मीर में पंचायती राज व्यवस्था के माध्यम से लोकतंत्र जमीनी (पंचायतों के) स्तर पर पहुंच गया है, वह देश भर की पंचायतों के साथ संवाद कर रहे हैं.

जम्मू कश्मीर ने विकास की नयी मिसाल पेश की

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र हो या विकास, जम्मू कश्मीर इन दिनों एक नयी मिसाल पेश कर रहा है. पीएम मोदी ने कहा, जम्मू कश्मीर में पिछले दो-तीन सालों में विकास के नये आयाम बने हैं. प्रधानमंत्री ने कहा कि जिन लोगों को जम्मू कश्मीर में सालों से आरक्षण का लाभ नहीं मिला, उन्हें अनुच्छेद 370 हटने के बाद आरक्षण का फायदा मिलना शुरू हो गया.

Also Read: PM Modi Visit J-K Live: बोले पीएम मोदी- भारत का विकास ‘वोकल फॉल लोकल’ के मंत्र में
पल्ली देश की पहली ‘कार्बन न्यूट्रल पंचायत’ बनी

जम्मू कश्मीर के सीमावर्ती सांबा जिले में स्थित पल्ली गांव देश की पहली ‘कार्बन न्यूट्रल पंचायत’ के तौर पर रविवार को भारत के ‘आधुनिक इतिहास’ में दर्ज हो गया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रिकॉर्ड तीन हफ्तों में लगाये 500 किलोवाट का सौर ऊर्जा संयंत्र देश को समर्पित किया. मोदी ने लोगों की तालियों की गड़गड़ाहट के बीच सौर ऊर्जा संयंत्र का उद्घाटन किया. प्रधानमंत्री ने कहा कि पल्ली ने देश को कार्बन न्यूट्रल राष्ट्र का लक्ष्य हासिल करने का रास्ता दिखाया है.

340 घरों को मिलेगी स्वच्छ बिजली

उन्होंने कहा, ‘पल्ली के लोगों ने परियोजना में मदद की है. उन्होंने परियोजना में कार्यरत लोगों को भोजन भी उपलब्ध कराया.’ अधिकारियों ने बताया कि कुल 6,408 वर्ग मीटर क्षेत्र में लगे सभी 1,500 सौर पैनल केंद्र सरकार के ‘ग्राम ऊर्जा स्वराज’ कार्यक्रम के तहत आधुनिक पंचायत के 340 घरों को स्वच्छ बिजली मुहैया करायेंगे. प्रधानमंत्री के दौरे से जम्मू कश्मीर के सीमावर्ती सांबा जिले में पल्ली के निवासी उत्साहित नजर आये.

आधुनिक इतिहास में ‘बहुत महत्वपूर्ण दिन’: पल्ली निवासी

पल्ली निवासियों ने इस दिन को भारत के विकास और बदलाव के आधुनिक इतिहास में ‘बहुत महत्वपूर्ण दिन’ बताया. पल्ली के निवासी गुरदीप सिंह ने कहा, ‘यह हमारे लिए बहुत खुशी का तथा महत्वपूर्ण दिन है. मोदी जी के आशीर्वाद से यह गांव पहला कार्बन न्यूट्रल सौर गांव के तौर पर भारत के इतिहास में दर्ज हो गया है. हम इस गांव को चुनने के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हैं.’

Also Read: Mann Ki Baat: जन-आंदोलन का रूप ले रहा है आजादी का अमृत महोत्सव : मन की बात में बोले पीएम मोदी
इलेक्ट्रिक बस सेवा की हुई शुरुआत

जर्जर सड़कों से लेकर हाल में शुरू की गयी इलेक्ट्रिक बस सेवा तक इस गांव में आधुनिक पंचायत घर, सरकारी उच्च स्कूल की इमारत की मरम्मत, नया तालाब बनाने और खेल के मैदानों में सुधार के साथ बड़ा बदलाव देखा जा रहा है. यह गांव जम्मू कश्मीर की शीतकालीन राजधानी जम्मू से महज 17 किलोमीटर दूर स्थित है.

2.75 करोड़ की लागत से पूरी हुई परियोजना

अधिकारियों ने बताया कि यह परियोजना रिकॉर्ड वक्त में 2.75 करोड़ रुपये की लागत से पूरी की गयी है. इस संयंत्र में उत्पन्न बिजली को गांव में वितरित किया जायेगा. इस गांव की बिजली की दैनिक आवश्यकता 2,000 यूनिट की है. उन्होंने बताया कि इस गांव में 450 घर हैं और उन्हें सौर ‘चूल्हे’ दिये गये हैं तथा प्रधानमंत्री के दौरे के बाद अगले चरण तक सभी घरों को चूल्हे दिये जायेंगे.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola