असम: मार्च में पीएम मोदी और अमित शाह का दौरा, चुनाव से पहले राज्य को देंगे करोड़ों का तोहफा

Updated at : 11 Mar 2026 11:40 AM (IST)
विज्ञापन
PM Modi Assam tour inaugurate projects worth thousands of crores ahead of elections

17 जनवरी को पीएम मोदी और सीएम सरमा गुवाहाटी के सरुसजाई स्टेडियम में पारंपरिक बोडो सांस्कृतिक कार्यक्रम में पहुंचे. फाइल फोटो- ANI.

PM Modi Assam tour: पीएम मोदी असम के दो दिनी दौरे पर 13 मार्च को जाएंगे. इस दौरान वह हजारों करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे. वहीं गृहमंत्री अमित शाह 15 मार्च को असम पहुंचेंगे. विधान सभा चुनाव से पहले भाजपा के शीर्ष नेताओं का राज्य का दौरा काफी अहम माना जा रहा है.

विज्ञापन

PM Modi Assam tour: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 और 14 मार्च को असम के दौरे पर जाएंगे. इस दौरान वे कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और चाय बागान समुदाय के लोगों को भूमि अधिकार प्रमाणपत्र भी वितरित करेंगे. राज्य के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने मंगलवार को गुवाहाटी में आयोजित एक प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री गुवाहाटी से लगभग 10,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे. अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान प्रधानमंत्री कोकराझार, गुवाहाटी और सिलचर में जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे. उन्होंने यह भी बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 15 मार्च को गुवाहाटी में भारतीय जनता पार्टी के ‘युवा संकल्प समावेश’ कार्यक्रम में शामिल होंगे. 

मुख्यमंत्री सरमा बताया कि प्रधानमंत्री इस दौरान असम के तीन अलग-अलग हिस्सों में जनसभाएं भी करेंगे. मुख्यमंत्री ने कहा, ‘सबसे पहले प्रधानमंत्री कोकराझार पहुंचेंगे, जहां से वे कई परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे. कोकराझार से जुड़े कुछ विशेष परियोजनाओं का उद्घाटन या शिलान्यास भी प्रधानमंत्री करेंगे. 13 मार्च को वे गुवाहाटी आएंगे और वहीं से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की एक किस्त जारी करेंगे.’

उन्होंने बताया कि इस दौरे का मुख्य आकर्षण चाय बागान समुदाय को भूमि पट्टा वितरित करना होगा. मुख्यमंत्री के अनुसार, यह समुदाय पिछले लगभग 200 वर्षों से असम में रह रहा है, लेकिन अब तक उन्हें जमीन का अधिकार नहीं मिला था. उन्होंने कहा, ‘पहला भूमि पट्टा या भूमि अधिकार प्रमाणपत्र प्रधानमंत्री एक योग्य चाय बागान श्रमिक को देंगे. इसके बाद पूरे असम में चाय बागान भूमि स्वामित्व वितरण कार्यक्रम शुरू किया जाएगा.’

22000 करोड़ के एक्सप्रेस वे का शिलान्यास करेंगे पीएम

प्रधानमंत्री इस दौरे के दौरान सिलचर-शिलांग-गुवाहाटी एक्सप्रेस हाईवे का शिलान्यास भी करेंगे. सीएम सरमा ने कहा, ‘प्रधानमंत्री 150 मेगावाट की कोपिली जलविद्युत परियोजना को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे, जिसे राज्य सरकार ने पूरा किया है. गुवाहाटी से वे करीब 10,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को समर्पित करेंगे. 14 मार्च को सुबह 11 बजे वे सिलचर में रहेंगे और 22,000 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सिलचर-शिलांग-गुवाहाटी एक्सप्रेस हाईवे का शिलान्यास करेंगे. इसके अलावा भी कुछ परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करने के बाद वे कोलकाता के लिए रवाना होंगे.’

15 मार्च को गृह मंत्री असम दौरे पर

गृह मंत्री अमित शाह के दौरे के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा, ‘15 मार्च को अमित शाह असम आएंगे. सुबह करीब 10 बजे वे प्रागज्योतिषपुर मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन करेंगे और इसके बाद 11 बजे से गुवाहाटी में भाजपा के ‘युवा संकल्प समावेश’ में शामिल होंगे.’ असम भाजपा के अनुसार, पशु चिकित्सा महाविद्यालय फील्ड, खानापारा में होने वाले इस कार्यक्रम में करीब एक लाख युवा कार्यकर्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है.

ये भी पढ़ें:- लोकसभा स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर अमित शाह का भाषण आज, हंगामे के आसार

असम में 10 साल से है भाजपा

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में भाजपा 2026 के असम विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की तैयारी कर रही है. इसके लिए भाजपा के स्टेट लीडरशिप के अलावा केंद्रीय नेतृत्व भी पूरा जोर लगा रहा है. भाजपा 2016 से लगातार असम में दो बार सरकार बना चुकी है. 2016 में भाजपा ने पहली बार राज्य में अपनी सरकार बनाई थी. उस समय सर्वानंद सोनोवाल को राज्य का सीएम बनाया गया था. हालांकि, इसके पीछे हिमंता बिस्व सरमा की ही रणनीति मानी गई थी.

ये भी पढ़ें:- तमिलनाडु में पलानीस्वामी के नेतृत्व में NDA सरकार बनेगी: पीयूष गोयल, चुनाव में होगा फ्रेंडली सीट शेयरिंग

बिस्व सरमा के नेतृत्व में भाजपा को हैट्रिक की उम्मीद

2021 में जब भाजपा ने 126 में से 75 सीटें जीतकर अपनी सरकार बरकरार रखी. हालांकि, इस बार कांग्रेस से आए हिमंता को भाजपा ने सीएम पद से नवाजा. हिमंता ने 23 अगस्त 2015 को भाजपा जॉइन की थी. उनके आने से भाजपा को न केवल असम की सत्ता मिली, बल्कि नॉर्थ ईस्ट में उन्होंने भाजपा को मजबूत किया. क्षेत्र के सबसे बड़े राज्य होने के नाते हिमंता बिस्व सरमा का नॉर्थ ईस्ट में काफी प्रभाव है. अब एक बार फिर असम में विधान सभा चुनाव होने वाले हैं. भाजपा और बिस्व सरमा इसके लिए पूरा जोर लगा रहे हैं. 

विज्ञापन
Anant Narayan Shukla

लेखक के बारे में

By Anant Narayan Shukla

इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएट. करियर की शुरुआत प्रभात खबर के लिए खेल पत्रकारिता से की और एक साल तक कवर किया. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि ने इंटरनेशनल घटनाक्रम में दिलचस्पी जगाई. अब हर पल बदलते ग्लोबल जियोपोलिटिक्स की खबरों के लिए प्रभात खबर के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola