PM Modi Address Nation: 'भारत पर आतंकी हमले हुए, तो देंगे मुंहतोड़ जवाब', पीएम मोदी ने पाक को दी चेतावनी

Published by : ArbindKumar Mishra Updated At : 12 May 2025 8:16 PM

विज्ञापन

PM Modi Address Nation

PM Modi Address Nation: ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली बार देश को संबोधित किया. सेना की वीरता को पीएम मोदी ने सलाम किया है. उन्होंने पाकिस्तान को कड़े शब्दों में चेतावनी दी और कहा, अगर आतंकवादी हमले हुए तो मुंहतोड़ जवाब देंगे.

विज्ञापन

PM Modi Address Nation: पहलगाम आतंकवादी हमले का बदला और ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली बार देश को संबोधित किया. पीएम मोदी ने कहा- बीते दिनों में देश का सामर्थ्य और संयम दोनों देखा है. भारतीय सेना, खुफिया एजेंसियों को सलाम करता हूं. भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के लिए शौर्य का परिचय दिया. राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “हमने पाकिस्तान के आतंकी और सैन्य ठिकानों पर अपनी जवाबी कार्रवाई को अभी सिर्फ स्थगित किया है, आने वाले दिनों में हम पाकिस्तान के हर कदम को इस कसौटी पर मापेंगे कि वह क्या रवैया अपनाता है.”

परमाणु ब्लैकमेल को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा- अब किसी भी परमाणु ब्लैकमेल को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. भारत पर आतंकवादी हमले का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा और जवाब हमारी शर्तों पर दिया जाएगा.” पीएम मोदी ने कहा, “पाकिस्तान की तैयारी सीमा पर वार की थी लेकिन भारत ने पाकिस्तान के सीने पर वार कर दिया.”

पीएम मोदी ने भारतीय सेना को किया सलाम

राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा, “हम सभी ने पिछले कुछ दिनों में देश की क्षमता और धैर्य को देखा है. मैं सशस्त्र बलों, सेना, खुफिया एजेंसी और वैज्ञानिकों को सलाम करता हूं.” “आज मैं (सशस्त्र बलों के) इस शौर्य, पराक्रम और साहस को हमारे देश की हर मां को, देश की हर बहन को और देश की हर बेटी को समर्पित करता हूं.”

बहनों-बेटियों के माथे से सिंदूर हटाने का क्या अंजाम होता है आतंकियों ने देखा

राष्ट्र के नाम अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ”हमने भारतीय सेना को आतंकवादियों का सफाया करने की पूरी आजादी दी है और आज हर आतंकवादी, हर आतंकी संगठन जानता है कि ‘की हमारी बहनों, बेटियों के माथे से सिंदूर हटाने का अंजाम क्या होता है.’ पीएम मोदी ने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ एक नाम नहीं है। यह देश के लाखों लोगों की भावनाओं का प्रतिबिंब है. ऑपरेशन सिंदूर न्याय की अटूट प्रतिज्ञा है. 6 मई की देर रात और 7 मई की सुबह पूरी दुनिया ने इस प्रतिज्ञा को परिणामों में बदलते देखा है.”

आतंकवादियों की इमारतें ही नहीं, बल्कि उनके साहस को भी कुचल दिया गया

पीएम मोदी ने कहा, “भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों पर हमला किया. आतंकवादियों ने कभी सपने में भी नहीं सोचा होगा कि भारत इतना बड़ा कदम उठाएगा. जब भारतीय मिसाइलों और ड्रोनों ने पाकिस्तान में उन ठिकानों पर हमला किया, तो सिर्फ आतंकवादियों की इमारतें ही नहीं, बल्कि उनके साहस को भी कुचल दिया गया.”

पाकिस्तान के सीने में बसे आतंकी अड्डों को हमने खंडहर बना दिया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “भारत के ड्रोन, मिसाइलों ने सटीकता से हमला किया, पाकिस्तानी वायुसेना के एयरबेस को नुकसान पहुंचाया जिसपर पाकिस्तान को बहुत घमंड था. भारत ने पहले 3 दिनों में ही पाकिस्तान को इतना नुकसान पहुंचाया जिसका उसे अंदाजा भी नहीं था. भारत की आक्रमक कार्रवाई के बाद पाकिस्तान बचने के रास्ते तलाशने लगा. इसी मजबूरी में 10 मई की दोपहर को पाकिस्तानी सेना ने हमारे DGMO को संपर्क किया, तब तक हम बड़े पैमाने पर आतंकी इंफ्रास्ट्रक्चर को तबाह कर चुके थे, पाकिस्तान के सीने में बसाए गए आतंकी अड्डों को हमने खंडहर बना दिया था इसलिए जब पाकिस्तान की तरफ से गुहार लगाई कि उसकी ओर से आगे कोई आतंकी गतिविधि और सैन्य दुस्साहस नहीं दिखाया जाएगा तो भारत ने भी उसपर विचार किया.”

विज्ञापन
ArbindKumar Mishra

लेखक के बारे में

By ArbindKumar Mishra

अरबिंद कुमार मिश्रा वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में एक अनुभवी पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. अप्रैल 2011 से संस्थान का हिस्सा रहे अरबिंद के पास पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर और डेस्क एडिटर 15 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह नेशनल और इंटरनेशनल डेस्क की जिम्मेदारी संभालने के साथ-साथ एक पूरी शिफ्ट का नेतृत्व (Shift Lead) भी कर रहे हैं. विशेषज्ञता और अनुभव अरबिंद की लेखनी में खबरों की गहराई और स्पष्टता है. उनकी मुख्य विशेषज्ञता इन क्षेत्रों में है. राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मामले: वैश्विक राजनीति और देश की बड़ी घटनाओं पर पैनी नजर. खेल पत्रकारिता: झारखंड में आयोजित 34वें नेशनल गेम्स से लेकर JSCA स्टेडियम में हुए कई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव. झारखंड की संस्कृति: राज्य की कला, संस्कृति और जनजातीय समुदायों की समस्याओं और उनकी जीवनशैली पर विशेष स्टोरीज. पंचायतनामा: ग्रामीण विकास और जमीनी मुद्दों पर 'पंचायतनामा' के लिए विशेष ग्राउंड रिपोर्टिंग. करियर का सफर प्रभात खबर डिजिटल से अपने करियर की शुरुआत करने वाले अरबिंद ने पत्रकारिता के हर आयाम को बखूबी जिया है. डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझने से पहले उन्होंने आकाशवाणी (All India Radio) और दूरदर्शन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में एंकरिंग के जरिए अपनी आवाज और व्यक्तित्व की छाप छोड़ी है. शिक्षा और योग्यता UGC NET: अरबिंद मिश्रा ने यूजीसी नेट (UGC NET) उत्तीर्ण की है. मास्टर्स (MA): रांची यूनिवर्सिटी के जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा विभाग से एमए की डिग्री. ग्रेजुएशन: रांची यूनिवर्सिटी से ही मास कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म में स्नातक.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola