PM मोदी के बयान पर पी चिदंबरम का तंज, कहा- मुझे दिमागी नक्सल होने पर गर्व
कांग्रेस नेता पी चिदंबरम, फाइल फोटो, एएनआई
P Chidambaram On PM Modi: स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से दिए पीएम मोदी के दिमागी नक्सल वाले बयान ने सियासी बहस छेड़ दी है. कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने इस पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें दिमागी नक्सल होने पर गर्व है.
P Chidambaram On PM Modi: कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिमागी नक्सल वाले बयान पर जोरदार पलटवार किया है. चिदंबरम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा- मुझे दिमागी नक्सल होने पर गर्व है. उनका यह बयान प्रधानमंत्री मोदी के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से दिए गए संबोधन के एक दिन बाद आया.
PM मोदी ने दिमागी नक्सल को पहचानने और अलग करने की कही थी बात
शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले से अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि सरकार की कार्रवाई के कारण सशस्त्र नक्सलवाद अब लगभग खत्म होने की स्थिति में है. उन्होंने आरोप लगाया कि पहले माओवादी मानसिकता वाले लोग सरकारी समितियों और नीतियों को प्रभावित करते थे.
पीएम मोदी ने कहा था कि देश को अब ऐसे लोगों की पहचान करनी होगी जिनमें दिमागी नक्सल जैसी विचारधारा मौजूद है. उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने पर जोर दिया.
चिदंबरम ने एक्स पर किया पलटवार
प्रधानमंत्री के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पी चिदंबरम ने रविवार को X पर लिखा- I am proud to be a dimagi naxal! यानी- मुझे दिमागी नक्सल होने पर गर्व है. चिदंबरम का यह बयान पीएम मोदी की टिप्पणी पर राजनीतिक तंज के रूप में देखा जा रहा है.
कांग्रेस ने भी PM मोदी के बयान की आलोचना की
इससे पहले कांग्रेस ने भी प्रधानमंत्री मोदी के दिमागी नक्सल वाले बयान की आलोचना की थी. पार्टी नेता जयराम रमेश ने कहा कि इस शब्द का कोई स्पष्ट अर्थ या कानूनी परिभाषा नहीं है. उन्होंने कहा कि कुछ साल पहले प्रधानमंत्री मोदी ने अपने राजनीतिक विरोधियों के लिए अर्बन नक्सल शब्द का इस्तेमाल किया था. बाद में संसद में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने साफ किया था कि अर्बन नक्सल की कोई आधिकारिक कानूनी परिभाषा नहीं है.
जयराम रमेश बोले- पहले आलोचना, बाद में वही मांग स्वीकार
जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पहले अपने आलोचकों और विपक्ष की मांगों को अर्बन नक्सल या दूसरे नाम देकर खारिज करती है, लेकिन बाद में उन्हीं मुद्दों को स्वीकार कर लेती है. उन्होंने जातिगत जनगणना का उदाहरण देते हुए कहा कि पहले इसे भी अर्बन नक्सल सोच से जोड़कर देखा गया, लेकिन बाद में सरकार ने जाति आधारित जनगणना की घोषणा कर दी.
दिमागी नक्सल बयान पर बढ़ी राजनीतिक बयानबाजी
प्रधानमंत्री मोदी के स्वतंत्रता दिवस के भाषण के बाद दिमागी नक्सल शब्द को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है. एक तरफ पीएम मोदी ने इसे देश की प्रगति और युवाओं के भविष्य से जोड़ते हुए ऐसी विचारधारा से सतर्क रहने की बात कही, वहीं कांग्रेस नेताओं ने इसे राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने वाला बयान बताया है.
Also Read: PM मोदी के भाषण पर पवन खेड़ा का तंज, कहा - टेलीप्रॉम्पटर हटा तो जबान लड़खड़ाई, EVM हटा तो क्या होगा?
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रीतीश सहाय
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










