राष्ट्रपति और PM मोदी ने अटल बिहारी वाजपेयी को दी श्रद्धांजलि, कहा- राष्ट्रसेवा को समर्पित था जीवन

Updated:
विज्ञापन

सदैव अटल स्मारक, गोल घेरे में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, फोटो- एएनआई

पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें श्रद्धांजलि दी. दिल्ली स्थित सदैव अटल स्मारक पर आयोजित प्रार्थना सभा में दोनों नेताओं ने वाजपेयी को नमन किया. पीएम मोदी ने कहा कि उनका जीवन राष्ट्रसेवा को समर्पित था.

विज्ञापन

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर सदैव अटल स्मारक में प्रार्थना सभा आयोजित की गई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने कार्यक्रम में शामिल होकर वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित की और उन्हें याद किया.

PM मोदी ने अटल बिहारी वाजपेयी को किया याद

पीएम मोदी ने वाजपेयी को असाधारण राजनेता बताते हुए कहा कि उनकी दूरदृष्टि, नेतृत्व, सुशासन और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी ने लिखा कि वाजपेयी असाधारण दूरदृष्टि वाले राजनेता थे, जिन्होंने अपना पूरा जीवन राष्ट्र की सेवा के लिए समर्पित कर दिया. पीएम मोदी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों और प्रयासों ने कई पीढ़ियों को प्रेरित किया और उनके नेतृत्व ने देश को मजबूत बनाया. सुशासन और जनकल्याण पर उनका जोर हमेशा मार्गदर्शन करता रहेगा.

अमित शाह ने भी दी श्रद्धांजलि

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि दी. उन्होंने वाजपेयी को ऐसा राष्ट्रभक्त राजनेता बताया, जिन्होंने अपने जीवन का हर क्षण देश की सेवा में समर्पित किया.

अमित शाह ने कहा कि वाजपेयी के नेतृत्व में परमाणु परीक्षणों और कारगिल युद्ध के दौरान दुनिया ने भारत की ताकत देखी. उन्होंने कहा कि अटल जी की मूल्य आधारित राजनीति ने अंत्योदय और सुशासन के विचार को जमीन पर उतारने का काम किया. शाह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का विशाल व्यक्तित्व और नेतृत्व भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता को राष्ट्र निर्माण के लिए हमेशा प्रेरित करता रहेगा.

राजनाथ सिंह ने कहा- राष्ट्र प्रथम था अटल जी का मंत्र

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने कहा कि अटल जी ने अपने विचारों और कार्यों से भारतीय लोकतंत्र को समृद्ध किया. राजनाथ सिंह के मुताबिक, वाजपेयी ने जीवनभर राष्ट्र प्रथम, हमेशा प्रथम की भावना के साथ काम किया. उनके लिए राजनीति का मूल उद्देश्य राष्ट्रहित और जनसेवा था.

उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में भारत ने सामरिक शक्ति, आर्थिक विकास और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कीं. उन्होंने देश में आत्मविश्वास बढ़ाने और विकास को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाई.

तीन बार देश के प्रधानमंत्री रहे अटल बिहारी वाजपेयी

अटल बिहारी वाजपेयी तीन बार भारत के प्रधानमंत्री रहे. पहली बार 1996 में उनकी सरकार केवल 13 दिन चली. इसके बाद वह 1998 से 1999 तक करीब 11 महीने के लिए प्रधानमंत्री रहे.

वाजपेयी ने 1999 से 2004 तक पांच साल का पूरा कार्यकाल भी पूरा किया. साल 2015 में उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया था. 16 अगस्त 2018 को उनका निधन हुआ था.

Also Read: PM मोदी के स्वतंत्र-दिवस भाषण में इस बार क्या बदला? 5 बड़े संदेशों में समझिए पूरी बात


विज्ञापन
प्रीतीश सहाय

लेखक के बारे में

By प्रीतीश सहाय

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन