7.7, 6.5 और 6.0 तीव्रता के तीन भूकंपों ने इंडोनेशिया में मचाई तबाही, 48 लोगों की मौत

Updated:
विज्ञापन

तीन-तीन भूकंपों से कांपा इंडोनेशिया, सांकेतिक तस्वीर- एएनआई

Indonesia Earthquake: इंडोनेशिया में एक के बाद एक आए तीन शक्तिशाली भूकंपों ने भारी तबाही मचा दी. 7.7, 6.5 और 6.0 तीव्रता के झटकों से कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है. इस प्राकृतिक आपदा में अब तक 48 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई इलाकों में राहत-बचाव कार्य जारी है.

विज्ञापन

Indonesia Earthquake: इंडोनेशिया में शनिवार को कुछ ही घंटों के अंतराल में तीन तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए. नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के मुताबिक, शनिवार रात टोमिनी की खाड़ी में 6.0 तीव्रता का भूकंप आया. इससे पहले दिन में इंडोनेशिया में 6.5 और 7.7 तीव्रता के दो भूकंप आ चुके थे.

टोमिनी की खाड़ी में 6.0 तीव्रता का भूकंप

नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भूकंप की जानकारी दी. NCS के अनुसार 15 अगस्त 2026 को रात 9 बजकर 55 मिनट पर टोमिनी की खाड़ी में भूकंप आया. इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 6.0 दर्ज की गई और भूकंप का केंद्र जमीन से 68 किलोमीटर की गहराई में था.

कुछ घंटे पहले आया था 6.5 तीव्रता का भूकंप

टोमिनी की खाड़ी में आए भूकंप से कुछ घंटे पहले शनिवार दोपहर इंडोनेशिया में 6.5 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था. यह भी उसी दिन आया दूसरा बड़ा झटका था. इससे पहले शनिवार सुबह देश में 7.7 तीव्रता का ताकतवर भूकंप आया था, जिसके बाद सुनामी की चेतावनी भी जारी की गई थी.

7.7 तीव्रता के भूकंप में 38 लोगों की मौत

CBS News की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सुबह आए 7.7 तीव्रता के भूकंप में कम से कम 38 लोगों की मौत हो गई. इंडोनेशिया की नेशनल डिजास्टर मिटिगेशन एजेंसी के प्रमुख सुहार्यंतो ने बताया कि 38 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. उन्होंने कहा कि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि 11 लोगों को मामूली चोटें आईं. करीब 2,000 लोग अपने घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर चले गए.

फ्लोरेस क्षेत्र में था भूकंप का केंद्र

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, 7.7 तीव्रता का भूकंप स्थानीय समय के मुताबिक सुबह 5 बजकर 58 मिनट पर इंडोनेशिया के फ्लोरेस क्षेत्र में आया था. इसका केंद्र पूर्वी नुसा तेंगारा प्रांत के एंडे शहर से करीब 68 किलोमीटर उत्तर-उत्तर पश्चिम में था. मुख्य भूकंप के बाद कई आफ्टरशॉक भी महसूस किए गए.

भूस्खलन के बाद दो लोगों की तलाश जारी

माउमेरे सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसी के प्रमुख फतहुर रहमान ने बताया कि भूकंप के कारण हुए भूस्खलन के बाद मलबे और मिट्टी में दबे दो ग्रामीणों की तलाश की जा रही है. पूर्वी नुसा तेंगारा के पुलिस प्रमुख रूडी डार्मोको के मुताबिक, भूकंप के कारण कई इमारतों को गंभीर नुकसान पहुंचा और कुछ इमारतें ढह गईं.

बिजली गुल होने से राहत कार्य प्रभावित

भूकंप के बाद कई शहरों और गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई. इससे संचार व्यवस्था पर भी असर पड़ा और खोज एवं बचाव अभियान में मुश्किलें आईं. इंडोनेशिया की नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट एजेंसी ने राहत सामग्री पहुंचाने और जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए एक हेलिकॉप्टर तैनात किया है.

करीब 2,000 लोगों ने छोड़े घर

पूर्वी नुसा तेंगारा कई द्वीपों में फैला हुआ है, इसलिए प्रभावित इलाकों तक पहुंचना राहत एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है. CBS News के अनुसार, नागेकेओ रीजेंसी में भी करीब 2,000 ग्रामीण अपने घरों को छोड़कर अस्थायी आश्रय स्थलों में पहुंच गए हैं.


विज्ञापन
प्रीतीश सहाय

लेखक के बारे में

By प्रीतीश सहाय

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola