Maharashtra Election 2024 : चाचा को हराने के लिए भतीजा मैदान में, कई सीट पर दिलचस्प मुकाबला

Published by : Amitabh Kumar Updated At : 10 Nov 2024 12:59 PM

विज्ञापन

Maharashtra Elections 2024

Maharashtra Election 2024: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में कई सीट पर दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल रहा है. यहां परिवार के सदस्य ही अपनों को हराने के लिए चुनावी मैदान में हैं.

विज्ञापन

Maharashtra Election 2024: महाराष्ट्र की गई सीटों पर मुकाबला रोचक होता नजर आ रहा है. इस बार 20 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में कुछ सीटों पर भाइयों, रिश्तेदारों और पिता-बच्चों के बीच मुकाबला देखने को मिलेगा. एक ऐसा निर्वाचन क्षेत्र भी है जहां पति और पत्नी के बीच मुकाबला है, वहीं एक अन्य सीट पर चाचा और भतीजा एक-दूसरे के खिलाफ चुनावी मैदान में हैं.

पवार परिवार के बीच हाई-प्रोफाइल मुकाबले में शरद पवार नीत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP, एसपी) से उम्मीदवार युगेंद्र पवार बारामती सीट पर सत्तारूढ़ एनसीपी का प्रतिनिधित्व कर रहे अपने चाचा तथा उपमुख्यमंत्री अजित पवार के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं. अजित पवार सात बार बारामती विधानसभा सीट से चुनाव जीत चुके हैं और एक बार बारामती संसदीय सीट पर भी जीत हासिल की है. यह दूसरी बार है जब पवार खानदान के गढ़ बारामती में परिवार के बीच ही मुकाबला देखने को मिलेगा. 2024 के लोकसभा चुनाव में उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार को उनकी ननद और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) नेता सुप्रिया सुले ने बारामती संसदीय सीट से हराया था.

पड़ोसी कर्जत-जामखेड़ में अजित पवार के एक अन्य भतीजे रोहित पवार राकांपा (एसपी) उम्मीदवार के तौर पर बीजेपी के राम शिंदे के खिलाफ मुकाबले में हैं. रोहित पवार, शरद पवार के पोते हैं. छत्रपति संभाजीनगर के कन्नड़ निर्वाचन क्षेत्र में निर्दलीय उम्मीदवार हर्षवर्धन जाधव अपनी अलग रह रही पत्नी और शिवसेना उम्मीदवार संजना जाधव के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं. संजना बीजेपी नेता तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे की बेटी हैं. संजना जाधव के भाई संतोष दानवे बीजेपी उम्मीदवार के तौर पर जालना में भोकरदन से चुनाव लड़ रहे हैं.

Read Also : Maharashtra Politics : महाराष्ट्र में नहीं चलेगा ये, ‘बंटेंगे तो कटेंगे’ पर अजित पवार ने कहा

राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख के बेटे एवं कांग्रेस प्रत्याशी अमित देशमुख और धीरज देशमुख क्रमश: लातूर शहर और पड़ोसी लातूर ग्रामीण सीट से चुनाव लड़ रहे हैं. इसी तरह, बीजेपी सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे के बेटे नितेश राणे और निलेश राणे क्रमश: शिवसेना और बीजेपी प्रत्याशी के तौर पर कुडाल और कणकवली से चुनावी मुकाबले में हैं.

मुंबई में ठाकरे परिवार के सदस्य अलग-अलग सीटों से चुनावी मुकाबले में हैं. शिवसेना (उद्धव बालसाहेब ठाकरे) के मौजूदा विधायक आदित्य ठाकरे वर्ली से पुन: चुनाव लड़ रहे हैं जबकि उनकी मौसी के बेटे वरुण सरदेसाई पार्टी की टिकट पर वांद्रे (बांद्रा) पूर्व विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं. आदित्य के चचेरे भाई एवं महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे के बेटे अमित ठाकरे मुंबई में पड़ोसी माहिम सीट से चुनाव लड़ रहे हैं.

महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री गणेश नाइक बीजेपी प्रत्याशी के तौर पर ऐरोली सीट से चुनाव लड़ रहे हैं जबकि उनके बेटे संदीप एनसीपी (एसपी) प्रत्याशी के तौर पर पड़ोसी बेलापुर सीट से मुकाबले में हैं.

इसी तरह, महाराष्ट्र के मंत्री विजयकुमार गावित और उनकी बेटी एवं पूर्व सांसद हिना गावित भी चुनावी मुकाबले में हैं. मंत्री गावित बीजेपी प्रत्याशी के तौर पर नंदुरबार सीट से चुनाव लड़ रहे हैं जबकि उनकी बेटी निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर पड़ोसी अक्कलकुवा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रही हैं.

इस्लामपुर में एनसीपी (एसपी) प्रदेश प्रमुख जयंत पाटिल चुनाव लड़ रहे हैं जबकि उनके भतीजे और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री प्राजक्त तनपुरे पार्टी की टिकट पर राहुरी से चुनाव लड़ रहे हैं. एनसीपी के मंत्री छगन भुजबल येवला से चुनाव लड़ रहे हैं जबकि उनके भतीजे एवं पूर्व सांसद समीर भुजबल निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नंदगांव से चुनाव लड़ रहे हैं.

बीजेपी की मुंबई इकाई के अध्यक्ष आशीष शेलार मुंबई की वांद्रे (बांद्रा) पश्चिम सीट से विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं जबकि उनके भाई और पार्टी प्रत्याशी विनोद शेलार मलाड पश्चिम से चुनावी मुकाबले में हैं. वांद्रे पश्चिम निर्वाचन क्षेत्र में कई बॉलीवुड हस्तियों का घर है. बीजेपी के संतुकराव हंबार्डे नांदेड लोकसभा सीट से उपचुनाव लड़ रहे हैं जबकि उनके भाई और मौजूदा विधायक मोहनराव हंबार्डे कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर नांदेड दक्षिण विधानसभा सीट से विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं.

नांदेड लोकसभा सीट पर उपचुनाव मौजूदा कांग्रेस सांसद वसंतराव चह्वाण के निधन के कारण कराना पड़ रहा है. इस सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान 20 नवंबर को होगा.
(इनपुट पीटीआई)

विज्ञापन
Amitabh Kumar

लेखक के बारे में

By Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola