अपराधियों को कड़ी सजा दी जाएगी, बीजापुर में पत्रकार की हत्या के बाद गुस्से में छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव

पत्रकार मुकेश चंद्राकर
Journalist Murdered in Chhattisgarh : छत्तीसगढ़ के बीजापुर में पत्रकार की हत्या कर दी गई. उसका शव सेप्टिक टैंक में मिला. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी.
Journalist Murdered in Chhattisgarh : छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में एक पत्रकार की हत्या कर दी गई. वह कई दिनों से लापता था. पुलिस ने एक ठेकेदार के परिसर में सेप्टिक टैंक से पत्रकार का शव बरामद किया. खबर सामने आने के बाद लोग गुस्से में हैं. सोशल मीडिया यूजर लगातार रिएक्शन देकर रोष प्रकट कर रहे हैं. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एक जनवरी की रात से लापता 33 साल के पत्रकार मुकेश चंद्राकर का शव शुक्रवार शाम बीजापुर शहर के चट्टानपारा इलाके में एक ठेकेदार के परिसर में सेप्टिक टैंक से बरामद किया गया. मुकेश चंद्राकर ‘बस्तर जंक्शन’ के नाम से यूट्यूब चैनल चलाते थे. वह एनडीटीवी से भी जुड़े हुए थे. छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव ने कहा कि अपराधियों को कड़ी सजा दी जाएगी.
एक जनवरी की रात से लापता थे पत्रकार मुकेश चंद्राकर
पुलिस ने जानकारी दी कि जिस परिसर से पत्रकार का शव बरामद किया गया वह परिसर ठेकेदार सुरेश चंद्राकर का है. परिसर में बैडमिंटन कोर्ट और नौकरों के लिए क्वार्टर हैं. बीजापुर निवासी पत्रकार मुकेश चंद्राकर एक जनवरी की रात से अपने घर से लापता थे. इसके बाद उनके बड़े भाई युकेश चंद्राकर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी. मुकेश चंद्राकर के लापता होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस की एक टीम का गठन किया गया और उनकी खोज शुरू की गई. पत्रकार के के मोबाइल नंबर के लोकेशन के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि मुकेश चंद्राकर ठेकेदार के परिसर में मौजूद थे. पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया है. इनसे पूछताछ की जा रही है.
अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या पर दुख जताया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर लिखा है, ”बीजापुर के युवा और समर्पित पत्रकार मुकेश चंद्राकर जी की हत्या का समाचार मिला. खबर सुनकर दुखी हूं. यह हृदयविदारक घटना है. मुकेश जी का जाना पत्रकारिता जगत और समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति की तरह है. इस घटना के अपराधी को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी. इसके निर्देश हमने दिए हैं.”
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Amitabh Kumar
अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










