F-35 Fighter Jets : अमेरिका को लगा जोरदार झटका! भारत नहीं खरीदेगा एफ-35 फाइटर जेट
Published by : Amitabh Kumar Updated At : 01 Aug 2025 6:37 AM
PM Modi with Donald Trump
F-35 Fighter Jets : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के द्वारा लगाए गए 25 फीसदी टैरिफ के बाद भारत ने अमेरिका को जोरदार झटका दिया है. जानकारी के अनुसार, भारत ने अमेरिकी स्टिल्थ फाइटर जेट एफ-35 खरीदने के किसी भी प्लान से इनकार कर दिया है.
F-35 Fighter Jets : भारत से निर्यात होने वाले सामान पर 25 फीसदी टैरिफ लगाने की घोषणा के बाद भारत सरकार ने अमेरिका को जोरदार झटका दिया है. भारत ने अमेरिकी स्टील्थ फाइटर जेट एफ-35 खरीदने की योजना से इनकार कर दिया है. ब्लूमबर्ग ने इस संबंध में खबर दी है. भारत सरकार के सूत्रों के हवाले से दी गई खबर में कहा गया है, सरकार ने अमेरिका को बता दिया है कि वह एएफ-35 समेत निकट भविष्य में उससे कोई भी बड़ी रक्षा खरीद नहीं करने जा रही है.
ब्लूमबर्ग ने खबर दी कि गोपनीयता की शर्त पर अधिकारियों ने जानकारी साझा की है. अधिकारियों ने बताया कि कोई बड़ी रक्षा खरीद अमेरिका के साथ नहीं की जाएगी. भारत हथियारों के संयुक्त विकास, टेक्नोलॉजी ट्रांसफर, घरेलू निर्माण और आत्मनिर्भरता जैसी शर्तों को रक्षा सौदों में प्राथमिकता देता रहेगा.
ट्रंप ने दिया था एफ-35 विमान का प्रस्ताव
अमेरिकी रक्षा अधिकारी लंबे समय से संकेत देते रहे हैं कि फरवरी में पीएम नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप की बातचीत के दौरान एफ-35 लड़ाकू विमान खरीदने पर चर्चा हुई थी. ट्रंप ने मीडिया के सामने भी भारत को यह विमान बेचने की पेशकश की थी, लेकिन भारत ने कभी इसके लिए सहमति नहीं दी. उस समय दोनों देशों के बीच अगले पांच वर्षों में व्यापार को 500 अरब डॉलर तक पहुंचाने के अलावा अमेरिका से बड़ी रक्षा खरीद करने की बात हुई थी. इसी के तहत ट्रंप ने एफ-35 विमान का प्रस्ताव दिया था.
यह भी पढ़ें : ट्रंप ने की दबाव बनाने की सुनियोजित कोशिश, पढ़ें अनिल त्रिगुणायत का लेख
हाल के वर्षों में भारत ने अमेरिका से एमएच-60आर सीहॉक हेलिकॉप्टर और पी-8आई समुद्री निगरानी विमान जैसे कई रक्षा उपकरण खरीदे हैं. लेकिन भारत ने यह साफ किया है कि जब तक हथियारों का भारत में निर्माण नहीं होगा, तब तक वह अमेरिका से उन्नत तकनीक वाली रक्षा खरीद नहीं करेगा.
रूस ने दिया है ये खास प्रस्ताव
अमेरिकी एफ-35 की खरीद में सबसे बड़ी बाधा रूस का स्टेल्थ फाइटर जेट एसयू-57ई है. रक्षा मंत्रालय सूत्रों के अनुसार, जुलाई में रूस ने भारत के सामने यह पांचवीं पीढ़ी का लड़ाकू विमान बेचने का प्रस्ताव रखा था. खास बात यह है कि रूस ने टेक्नोलॉजी ट्रांसफर और भारत में निर्माण की पेशकश भी की है, जिसे नासिक स्थित हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड के प्लांट में बनाने का प्रस्ताव है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Amitabh Kumar
अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










