ePaper

Heavy Rain Warning: 22, 23, 24, 25, 26, 27 अक्टूबर तक भयंकर बारिश, तूफान की चेतावनी, कई जिलों में रेड अलर्ट

Updated at : 22 Oct 2025 8:25 AM (IST)
विज्ञापन
Heavy Rain Warning

Heavy Rain Warning: भयंकर बारिश और तूफान की चेतावनी

Heavy Rain Warning: भारत मौसम विज्ञान विभाग का अनुमान है कि देश के कई राज्यों में आने वाले दिनों में बारिश हो सकती है. दक्षिण भारत के कई राज्यों में भयंकर बारिश का अनुमान है. मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पूर्व अरब सागर और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर एक सुस्पष्ट कम दबाव क्षेत्र बन गया है. इसका असर आने वाले दिनों में बारिश के रूप में दिखाई देगा. मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि कम दबाव का क्षेत्र चक्रवाती तूफान में भी तब्दील हो सकता है.

विज्ञापन

Heavy Rain Warning: दक्षिण-पूर्व अरब सागर और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने दो सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्रों के कारण दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में इस सप्ताह भयंकर बारिश के आसार हैं. मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण भारत के कई इलाकों में 7 से 20 सेमी होने की संभावना है. तमिलनाडु और केरल में अगले दो दिन अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट है. मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.

दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में गरज-चमक के साथ पड़ेंगे छींटे

मौसम विभाग के मुताबिक 22 से 24 अक्टूबर के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी, तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में कई स्थानों पर बारिश की संभावना है. कुछ इलाकों में गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं. कहीं-कहीं भारी बारिश की भी संभावना है. 22 से 27 अक्टूबर के दौरान केरल, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, रायलसीमा में भारी बारिश की संभावना है. 23 और 24 अक्टूबर को उत्तर आंतरिक कर्नाटक में बारिश हो सकती है. 23 से 25 अक्टूबर के दौरान तेलंगाना में बारिश की संभावना है.

तमिलनाडु में 8 जिलों में रेड अलर्ट जारी

तमिलनाडु में उत्तर-पूर्व मानसून ने जोर पकड़ लिया है. क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र चेन्नई की निदेशक बी अमुधा ने कहा कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब एक सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र में तब्दील हो गया है और चेन्नई से करीब 400 किलोमीटर दूर स्थित है. उन्होंने कहा कि यह संभावित चक्रवात में तब्दील हो सकता है. बी अमुधा ने कहा ‘बुधवार दोपहर तक इस प्रणाली के मजबूत होकर एक दबाव क्षेत्र में बदलने की संभावना है. ऐसा उत्तरी तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तटों पर होने की उम्मीद है.’ मौसम विभाग ने 8 जिलों के लिए रेड अलर्ट और चेन्नई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक विल्लुपुरम, कुड्डालोर, मयिलादुथुराई, नागपट्टिनम, तिरुवल्लूर, तंजावुर, पुदुकोट्टई और रामनाथपुरम में भारी बारिश की संभावना है.

आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान

दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बन गया. यह क्षेत्र के ऊपर ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से बना है. मौसम विभाग ने कहा ‘दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बन गया है और इसके पश्चिम-पश्चिमोत्तर की ओर बढ़ने तथा अगले 36 घंटों के दौरान दक्षिण-पश्चिम और समीपवर्ती पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर दबाव के रूप में और तीव्र होने का अनुमान है.” इसके कारण दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने 23 अक्टूबर तक कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है.

55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा

मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक की गति से तेज हवाएं चलने का अनुमान जाहिर किया है. इसी दौरान उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, एससीएपी और रायलसीमा में गरज के साथ बारिश होने का भी अनुमान है, जबकि 26 और 27 अक्टूबर को उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में भारी बारिश का अनुमान है.

ओडिशा में बारिश और तेज हवा चलने की संभावना

मौसम विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बन गया है. इसका असर ओडिशा में भी दिखाई देगा. भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक मंगलवार और बुधवार को ओडिशा के कई जिलों बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. आईएमडी के मुताबिक ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से मंगलवार को दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बन गया है. इसके कारण बुधवार (22 अक्टूबर) को पुरी, खुर्दा, नयागढ़, गंजम, गजपति, बौध, कंधमाल, रायगढ़, कोरापुट और मलकानगिरी में एक या दो स्थानों पर गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवा भी चल सकती है.

मुंबई और आसपास के इलाकों में बारिश

मुंबई में भी बारिश की संभावना है. बीते दिन मंगलवार को मुंबई शहर और महानगरीय क्षेत्र के कुछ हिस्सों में अचानक तेज हवाओं के साथ बारिश हुई. दादर, बांद्रा, लालबाग, पवई, बायकुला, कुर्ला और कई अन्य क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी बारिश हुई. वहीं नेरुल, बेलापुर, वाशी, सीवुड्स, सानपाड़ा और घनसोली सहित कई क्षेत्रों में भारी बारिश दर्ज की गई. 

विज्ञापन
Pritish Sahay

लेखक के बारे में

By Pritish Sahay

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola