दिल्ली में भारी बारिश: नाले में बहा 18 साल का युवक, तलाश जारी
दिल्ली में भारी बारिश का नजारा, छाता लेकर सड़क पर चलते लोग, फोटो ANI
दिल्ली एनसीआर में शनिवार को जोरदार बारिश हुई. बारिश की वजह से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई. दक्षिण-पूर्वी के मदनपुर खादर में एक 18 साल का युवक नाले में बह गया. पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें युवक को खोजने के लिए बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चला रही हैं, लेकिन घटना के दूसरे दिन शनिवार तक उसका कुछ पता नहीं चल सका है.
पुलिस के अनुसार, लापता युवक की पहचान भीम कॉलोनी निवासी अंकितके रूप में हुई है. शुक्रवार शाम पीसीआर कॉल के जरिए पुलिस को सूचना मिली कि प्रियंका कैंप नाले में एक युवक बह गया है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची.
नाला पार करते समय बह गया अंकित
घटना के वक्त अंकित के साथ मौजूद उसके दोस्त मनीष ने बताया कि वे दोनों नोएडा से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान प्रियंका कैंप के पास नाला पार करते समय अंकित का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे गहरे नाले में गिर गया. बारिश के कारण नाले में पानी का बहाव काफी तेज था, जिसमें अंकित बहता चला गया.
बचाव अभियान लगातार जारी
युवक को सुरक्षित निकालने के लिए दिल्ली पुलिस ने दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) और दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) की बचाव टीमों के साथ मिलकर रात से ही संयुक्त तलाश अभियान शुरू किया। हालांकि, नाले में पानी के तेज बहाव और जलभराव की वजह से शनिवार को भी गोताखोरों व बचाव दल को अंकित का कोई सुराग नहीं मिल सका. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तलाश अभियान अभी भी जारी है और नाले के निचले इलाकों तक सर्च ऑपरेशन को बढ़ाया गया है.
ये भी पढ़ें: 8 से 14 अगस्त तक बिहार-झारखंड सहित इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, आंधी-तूफान की चेतावनी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए