Faridabad News: असॉल्ट राइफल, मैगजीन, जिंदा कारतूस समेत 360 किलो विस्फोटक बरामद, कश्मीरी डॉक्टर का क्या था मकसद?
Published by : Pritish Sahay Updated At : 10 Nov 2025 5:41 PM
Faridabad News : डॉक्टर के घर से भारी मात्रा में विस्फोटक और हथियार बरामद
Faridabad News: हरियाणा के फरीदाबाद में एक कश्मीरी चिकित्सक को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी डॉक्टर के घर से करीब 360 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट जैसा विस्फोटक और भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए हैं. हरियाणा और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त अभियान में चिकित्सक को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने बताया कि आरोपी मुजम्मिल शकील अल फला विश्वविद्यालय में शिक्षक है.
Faridabad News: हरियाणा के फरीदाबाद में पुलिस ने एक डॉक्टर के पास से विस्फोटकों और हथियारों का जखीरा बरामद किया है. इस मामले में पुलिस ने कश्मीरी चिकित्सक को गिरफ्तार कर लिया है. डॉक्टर ने किराए के मकान में करीब 360 किलोग्राम विस्फोटक और बड़ी संख्या में हथियार बरामद छिपाकर रखा था. फरीदाबाद और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर डॉक्टर को गिरफ्तार किया. पुलिस ने बताया कि आरोपी मुजम्मिल शकील अल फला विश्वविद्यालय में शिक्षक है. अल फला विश्वविद्यालय एक निजी विश्वविद्यालय है और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग से मान्यता प्राप्त है.
आरोपी के पास से विस्फोटक और हथियारों का जखीरा बरामद
हरियाणा पुलिस ने सोमवार (10 नवंबर) को बताया कि डॉक्टर के आवास से बड़ी संख्या में विस्फोटक और हथियारों का जखीरा मिला है. हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. फरीदाबाद के पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि आरोपी डॉक्टर श्रीनगर में आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के समर्थन में पोस्टर लगाने के मामले में भी वांछित था. उन्होंने आशंका जताई है कि छापेमारी के दौरान जब्त किया गया 360 किलोग्राम ज्वलनशील पदार्थ आरडीएक्स नहीं, बल्कि इसके अमोनियम नाइट्रेट होने का संदेह है. आयुक्त ने कहा कि आतंकवादी गतिविधियों में उपयोग किए जा सकने वाली अन्य सामग्री जैसे 20 टाइमर, पांच किलोग्राम भारी धातु, एक वॉकी-टॉकी सेट, बैटरियां और एक असॉल्ट राइफल भी बरामद की गईं.
आरोपी के पास से क्या मिला
- 360 किलोग्राम ज्वलनशील पदार्थ
- असॉल्ट राइफल
- 3 मैगजीन
- 83 जिंदा कारतूस
- 1 पिस्तौल, 8 जिंदा कारतूस
- 2 खाली कारतूस
- 2 अतिरिक्त मैगजीन
- 8 बड़े सूटकेस
- 4 छोटे सूटकेस
- एक बाल्टी
मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
फरीदाबाद के पुलिस आयुक्त ने कहा कि इस मॉड्यूल में अब तक दो लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. दूसरे आरोपी को जम्मू- कश्मीर पुलिस ने सहारनपुर से गिरफ्तार किया. उन्होंने कहा “हरियाणा और जम्मू- कश्मीर पुलिस के 15 दिन से जारी संयुक्त अभियान के दौरान विभिन्न टीम ने छापेमारी की और डॉ. मुजम्मिल को गिरफ्तार किया. रविवार को हुई छापेमारी में 360 किलोग्राम ज्वलनशील सामग्री बरामद की गई, जिसके अमोनियम नाइट्रेट होने का संदेह है.
आरोपी के मकसद की जांच कर रही पुलिस
पुलिस ने बताया कि आरोपी के योजना की जांच जारी है. उन्होंने कहा “राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, इस मॉड्यूल के बारे में कुछ जानकारी हैं, जिन्हें इस समय साझा करना उचित नहीं है.” उन्होंने कहा “अब तक दो गिरफ्तारियां हो चुकी हैं, एक डॉ. मुजम्मिल और दूसरा आरोपी सहारनपुर से गिरफ्तार किया गया है.”
फरीदाबाद और जम्मू कश्मीर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
फरीदाबाद के आयुक्त सुरेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि फरीदाबाद और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम ने चिकित्सक को गिरफ्तार किया है, जो श्रीनगर में आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के समर्थन में पोस्टर लगाने के मामले में भी वांछित था. पुलिस ने बताया कि अभियान के दौरान, उसके कमरे से लगभग 360 किलोग्राम विस्फोटक, जिसके अमोनियम नाइट्रेट होने का संदेह है, एक कैरम कॉक राइफल, दो स्वचालित पिस्तौल, 84 कारतूस, पांच लीटर रसायन, बैटरी सहित 20 टाइमर और 14 बैग बरामद किए गए. (इनपुट भाषा)
Also Read: जम्मू-कश्मीर में आतंकी नेटवर्क ध्वस्त, 7 आरोपी गिरफ्तार; चीनी स्टार पिस्तौल समेत हथियार बरामद
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pritish Sahay
प्रीतीश सहाय, इन्हें इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव है. ये वर्तमान में प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं. मीडिया जगत में अपने अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण विषयों पर काम किया है और डिजिटल पत्रकारिता की बदलती दुनिया के साथ खुद को लगातार अपडेट रखा है. इनकी शिक्षा-दीक्षा झारखंड की राजधानी रांची में हुई है. संत जेवियर कॉलेज से ग्रेजुएट होने के बाद रांची यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. इसके बाद लगातार मीडिया संस्थान से जुड़े रहे हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत जी न्यूज से की थी. इसके बाद आजाद न्यूज, ईटीवी बिहार-झारखंड और न्यूज 11 में काम किया. साल 2018 से प्रभात खबर के साथ जुड़कर काम कर रहे हैं. प्रीतीश सहाय की रुचि मुख्य रूप से राजनीतिक खबरों, नेशनल और इंटरनेशनल इश्यू, स्पेस, साइंस और मौसम जैसे विषयों में रही है. समसामयिक घटनाओं को समझकर उसे सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की इनकी हमेशा कोशिश रहती है. वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन करते रहे हैं. इसके साथ ही विज्ञान और अंतरिक्ष से जुड़े विषयों पर भी लिखते हैं. डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में काम करते हुए उन्होंने कंटेंट प्लानिंग, न्यूज प्रोडक्शन, ट्रेंडिंग टॉपिक्स जैसे कई क्षेत्रों में काम किया है. तेजी से बदलते डिजिटल दौर में खबरों को सटीक, विश्वसनीय और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करना पत्रकारों के लिए चुनौती भी है और पेशा भी, इनकी कोशिश इन दोनों में तालमेल बनाते हुए बेहतर और सही आलेख प्रस्तुत करना है. वे सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की जरूरतों को समझते हुए कंटेंट तैयार करते हैं, जिससे पाठकों तक खबरें प्रभावी ढंग से पहुंच सकें. इंटरनेशनल विषयों में रुचि होने कारण देशों के आपसी संबंध, वार अफेयर जैसे मुद्दों पर लिखना पसंद है. इनकी लेखन शैली तथ्यों पर आधारित होने के साथ-साथ पाठकों को विषय की गहराई तक ले जाने का प्रयास करती है. वे हमेशा ऐसी खबरों और विषयों को प्राथमिकता देते हैं जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लिहाज से महत्वपूर्ण हों. रूस यूक्रेन युद्ध, मिडिल ईस्ट संकट जैसे विषयों से लेकर देश की राजनीतिक हालात और चुनाव के दौरान अलग-अलग तरह से खबरों को पेश करते आए हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










