हादसे के 72 घंटे बाद पानी से निकाली गई युवराज की कार, गिरफ्तार रियल एस्टेट डेवलपर न्यायिक हिरासत में

Updated:
विज्ञापन
हादसे के 72 घंटे बाद पानी से निकाली गई युवराज की कार, गिरफ्तार रियल एस्टेट डेवलपर न्यायिक हिरासत में

Greater Noida Engineer Death Case: ग्रेटर नोएडा सेक्टर 150 में सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की कार समेत डूबकर मौत हो गई थी. घटना के करीब 72 घंटे बाद उनकी कार को पानी से निकाला गया. हादसे के बाद मुख्य आरोपी बिल्डर अभय कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. उन्हें एक दिन की ज्यूडिशियल कस्टडी में भेजा गया है. पूरे घटना की तीन सदस्यीय एसआईटी जांच कर रही है.

विज्ञापन

Greater Noida Engineer Death Case: ग्रेटर नोएडा के सेक्टर 150 में कंस्ट्रक्शन साइट पर हुए हादसे में जान गंवाने वाले टेक एक्सपर्ट युवराज की कार बरामद कर ली गई है. हादसे के करीब 72 घंटे बाद उनकी कार को पानी के अंदर से निकाला गया. युवराज की मौत 16 से 17 जनवरी के दौरान देर रात कंस्ट्रक्शन साइट पर पानी से भरे गड्ढे में कार सहित गिर जाने से हुई थी. इससे पहले पुलिस ने इस मामले में एक रियल एस्टेट डेवलपर को गिरफ्तार किया है.

न्यायिक हिरासत में गिरफ्तार रियल एस्टेट डेवलपर

ग्रेटर नोएडा के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त हेमंत उपाध्याय ने बताया कि मामले में आरोपी एमजेड विज टाउन प्लानर्स के सीईओ अभय कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोपी को एक दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. मंगलवार को अभय सिंह को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उन्हें एक दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया. पुलिस आरोपी बिल्डर को बुधवार को फिर अदालत में पेश करेगी.

इंजीनियर मौत मामले में जांच जारी

सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत मामले की जांच के लिए गठित की गयी तीन सदस्यीय विशेष जांच टीम ने मंगलवार से अपनी जांच शुरू कर दी है. मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) भानु भास्कर के नेतृत्व में टीम ने नोएडा विकास प्राधिकरण के ऑफिस जाकर पड़ताल की. इसके बाद जांच समिति के सदस्यों ने मृतक के परिजनों से भी मुलाकात की. समिति को अपनी जांच रिपोर्ट मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पांच दिनों के अंदर सौंपनी है. सीएम योगी के निर्देश पर ही तीन सदस्यीय विशेष जांच दल गठित किया है.

पुलिस ने दर्ज की है FIR

हादसे के बाद पुलिस ने पीड़ित के पिता राजकुमार मेहता की शिकायत पर दो रियल एस्टेट डेवलपर्स एमजेड विज टाउन प्लानर्स और लोटस ग्रीन्स के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. पीड़ित पिता ने स्थानीय अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है और जवाबदेही की मांग की है.

मुख्य कार्यपालक अधिकारी को पद से हटाया गया

हादसे के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने एक्शन लेते हुए बीते सोमवार को ही नोएडा विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी लोकेश एम को उनके पद से हटा दिया था. अभी तक नोएडा विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी के पद पर किसी की नियुक्ति नहीं हुई है. नोएडा के सेक्टर-150 में हुई दुर्घटना में यूवा सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की मौत हो गई थी. उसकी कार कंस्ट्रक्शन साइट के पास पानी से भरे गड्ढे में गिर गयी थी और उस निर्माणाधीन स्थल पर कोई बेरिकेड भी नहीं था. यह गड्ढा मॉल के बेसमेंट निर्माण के लिए खोदा गया था. इस घटना में लापरवाही के आरोप लगाए जा रहे हैं.

विज्ञापन
प्रीतीश सहाय

लेखक के बारे में

By प्रीतीश सहाय

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola